बस्तर

प्रशिक्षणरत आरक्षक व प्रधान आरक्षकों से आईजी हुए रूबरू
07-Dec-2021 9:10 PM
प्रशिक्षणरत आरक्षक व प्रधान आरक्षकों से आईजी हुए रूबरू

एक माह का पदोन्नति पूर्व प्रशिक्षण दिया जा रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर,  7 दिसंबर।
आज पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, लालबाग जगदलपुर में बस्तर के आईजी प्रशिक्षणार्थियों से मुलाकात कर रूबरू हुए। प्रशिक्षणार्थी पुलिस आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक को संबोधन में पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज द्वारा जनहित में समर्पित होकर निष्ठापूर्वक कार्य निर्वहन करने की समझाईश देने के साथ-साथ उपस्थित जवानों से भी उनके कर्तव्य स्थल तथा कल्याणकारी विषयों पर सुझाव प्राप्त किया गया।

ज्ञात हो कि बस्तर संभाग के जिले बस्तर, दन्तेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, कोण्डागांव एवं सुकमा में प्रधान आरक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक के रिक्त पद के पदोन्नति हेतु विगत दिनों विभागीय पदोन्नति परीक्षा संपन्न की गई। विभागीय पदोन्नति परीक्षा प्रक्रिया में योग्य पाये आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों को संभाग अंतर्गत पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, लालबाग जगदलपुर सहित विभिन्न इकाईयों में एक माह का पदोन्नति पूर्व प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

बस्तर संभाग अंतर्गत जिला बस्तर के 217, दन्तेवाड़ा के 192, कांकेर के 239, बीजापुर के 309, नारायणपुर के 212, कोण्डागांव 198 एवं सुकमा के 194 आरक्षक कुल 1561 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति पूर्व प्रशिक्षण कराया जा रहा है। इसी प्रकार बस्तर संभाग के समस्त जिले के 301 प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक पद पर पदोन्नति पूर्व प्रशिक्षण कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर  से 11 दिसंबर तक आयोजित पदोन्नति पूर्व प्रशिक्षण के दौरान निर्धारित पाठ्यक्रम अनुसार कानून, अपराधों के नियंत्रण, कम्युनिटी पुलिसिंग इत्यादि विषयों पर जानकारी देने के साथ-साथ विभागीय कर्मचारियों को मानसिक तनावों से मुक्त कराने हेतु योग, खेलकूद सहित अन्य सकारात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा गया।

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने बताया कि शासन के मंशानुरूप तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी नियमावली अनुसार संभाग अंतर्गत पहली बार एक साथ लगभग 800 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक एवं 200 प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक के रिक्त पद पर 20 दिसम्बर के पूर्व पदोन्नति दी जा रही है। पदोन्नति पूर्व प्रशिक्षण उत्तीर्ण शेष आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों को आगामी दिनों में जिलों में होने वाले रिक्त पद अनुसार विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया अंतर्गत नियमानुसार पदोन्नति प्रदान किया जावेगा।

 पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया संबंधित इस कार्रवाई से न सिर्फ जवानों के मनोबल में वृद्धि होगी, बल्कि जवानों के बेहतर पुलिसिंग में सकारात्मक बदलाव आएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news