राजनांदगांव

छुरिया नपं उपाध्यक्ष और 8 पार्षद भाजपा से 6 साल के लिए बाहर
21-Jun-2022 3:32 PM
छुरिया नपं उपाध्यक्ष और 8 पार्षद भाजपा से 6 साल के लिए बाहर

जिलाध्यक्ष की नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निष्कासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जून।
छुरिया नगर पंचायत के 8 पार्षदों को भाजपा ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
ज्ञात हो कि इससे पहले गंडई-छुईखदान में भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस के साथ मिलकर अपने ही अध्यक्षों को कुर्सी से नीचे उतार दिया। अब छुरिया में भाजपा पार्षदों के पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगने से संगठन में खलबली मची है।
दरअसल, पूरा मामला मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत आबंटित किए गए दुकानों को लेकर भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस पार्षदों के साथ कथित रूप से सांठगांठ कर ली। इसका विरोध नगर पंचायत उपाध्यक्ष सलमान खान ने किया। उनके इस विरोध से परे जाकर भाजपा पार्षदों ने जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर समझौता कर लिया। यह आरोप लगते ही संगठन हरकत में आया।

जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने पार्षदों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात भी की, लेकिन उपाध्यक्ष पर पार्षदों ने कई तरह के आरोप लगाए, वहीं उपाध्यक्ष ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों का खुलकर जवाब दिया। आखिरकार  सभी को संगठन ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा। संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं होने के बाद सभी को 6 साल के लिए पाटी से निकाल दिया गया।

जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव और शीर्ष नेताओं की दखल को अनसुना कर भाजपा पार्षदों ने अपने कथित निजी हितों को साधने में कसर नहीं छोड़ी। जिसके चलते संगठन को कड़ा रूख अख्तियार करना पड़ा।
इससे पहले नगर पंचायत उपाध्यक्ष सलमान खान ने मंडल अध्यक्ष रविन्द्र वैष्णव को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि  वैष्णव की भूमिका इस मुद्दे को लेकर संदिग्ध रही है। भाजपा पार्षदों को तय समय पर समझाईश देने से स्थिति अलग होती।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news