बस्तर

आपातकाल मानसिकता ही कांग्रेस का मूल चरित्र-दिनेश
26-Jun-2022 3:45 PM
आपातकाल मानसिकता ही कांग्रेस का मूल चरित्र-दिनेश

सत्ता में बने रहने की लालसा में कांग्रेस ने देश में थोपा था आपातकाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 26 जून।
भाजपा अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष व पूर्व सा़ंसद दिनेश कश्यप ने कहा है कि सत्ता में बने रहने की अंधी लालसा में पूर्व प्रधानमंत्री स्व.इंदिरा गाँधी ने 47 वर्ष पूर्व 25 जून 1975 को देश में आपातकाल थोप दिया था। जिसे भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास की काली अवधि कहा जाता है। आज भी कांग्रेस का मूल चरित्र आपातकाल की मानसिकता वाला है। छत्तीसगढ़ समेत जिन मु_ी भर प्रदेशों में कांग्रेस या उसके प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष समर्थित दलों का शासन है, वहाँ अघोषित आपातकाल लगा हुआ है।जहाँ असहमति की आवाजो़ं को दबाया जा रहा है। प्रदेश में सत्तासीन कांग्रेस ने धरना-आंदोलन को कुचलने हाल ही में नयी शर्ते व नियम लाद दिये हैं।

भाजपा जिला कार्यालय में आज आहूत पत्रवार्ता में पूर्व सांसद श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्र भारत में आपातकाल लगा कर लोकतंत्र की आत्मा को कुचला था। जनता के समस्त अधिकार समाप्त कर दिये गये थे। विरोध करने पर लाखों लोगों को जेल में डाला गया,प्रताडऩा दी गयी।मीडिया पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था। देश में आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की आजा़दी को ख़त्म करने 3801अख़बारों को ज़प्त किया गया। 327 पत्रकारों को मीसा कानून के तहत जेल भेजा गया। 290 अख़बारों में सरकारी विज्ञापन बंद कर दिये गये। 29 विदेशी पत्रकारों को भारत में प्रवेश की मनाही की गयी। यह बानगी आपातकाल के भयानक दौर की है,जिसे कांग्रेस ने देश में अपना शासन कायम रखने के लिये लागू किया था।

दिनेश कश्यप ने कहा कि अंग्रेजों से लडक़र देश को मिली आजा़दी को कांग्रेस ने 1975 में छीन ली थी,यह दूसरी आजा़दी हम सभी ने कांग्रेस से लड़ कर पायी है।भारतीय संविधान व लोकतंत्र  भाजपा के इतिहास पुरूष अटल,आडवाणी,नानाजी जैसे राष्ट्रवादियों का हासिल किया लोकतंत्र है। जिसकी रक्षा के लिये आपालकाल के दौरान बस्तर अंचल में भी स्व.बलीराम कश्यप,प्रेमराज बाफना,वीरेन्द्र पाण्डे,कश्मीरीलाल सखूजा,डा.रमेश अवस्थी आदि ने भी गिरफ्तारियाँ दी थी व संघर्ष किया था।

श्री कश्यप ने कहा कि आपालकाल के काले समय को याद रखने की ज़रूरत है ताकि ऐसा कलंकित इतिहास कभी भी दुहराने का प्रयास सत्ता पाने की लालसा में लोकतंत्र विरोधी दल न कर सकें। भाजपा राष्ट्रसेवा के लिये सदैव संकल्पित है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अनीतियों के विरोध के लिये सदा सजग है।

आज पत्रवार्ता के दौरान प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश महामंत्री किरणदेव,डा.सुभाऊ कश्यप, श्रीनिवासराव मद्दी, बैदूराम कश्यप, लच्छूराम कश्यप, शिवनारायण पाण्डे, सुधीर पाण्डे, योगेन्द्र पाण्डे, श्रीधर ओझा, रामाश्रय सिंह, नरसिंह राव, बाबुल नाग, आलोक अवस्थी, संग्राम सिंह राणा, राजेन्द्र बाजपेयी, बबलू दुबे, सुरेश कश्यप, रोशन झा, आनंद झा, सतीश बाजपेयी आदि मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news