सरगुजा

राष्ट्रीय संवाद में विवि कर्मी व विद्यार्थियों की समस्याओं पर चर्चा
24-Jul-2022 7:37 PM
राष्ट्रीय संवाद में विवि कर्मी व विद्यार्थियों की समस्याओं पर चर्चा

राष्ट्रीय अजजा आयोग की बैठक में संत गहिरा गुरु विवि के कुलपति ने लिया भाग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 जुलाई।
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा अंबिकापुर के प्रोफेसर अशोक सिंह आज प्रात: 9 बजे से दो सत्रों में सीनेट हॉल, आईआईटी, हौज खास, नई दिल्ली में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के द्वारा आयोजित विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की आवश्यक बैठक और राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम में भाग लिए। उन्होंने सरगुजांचल के आदिवासियों की शिक्षा और आवश्यकता के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त किये।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, नई दिल्ली द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में अनुसूचित जनजातियों के लिए संविधान में उपबंधित रक्षोपायों से संबंधित सभी विषयों का अन्वेषण एवं मूल्यांकन तथा अनुसूचित जनजातियों के सामाजिक-आर्थिक विकास की योजना प्रक्रिया में भाग हेतु राष्ट्रीय संवाद का कार्यक्रम नई दिल्ली में आयोजित किया गया तथा उनके विकास की प्रवृत्ति के मूल्यांकन के संदर्भ में विभिन्न शिक्षाविदों से आज एक परिचर्चा हुई।

विवि के कुलपति प्रो. अशोक सिंह ने विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी को बताया कि आज इस राष्ट्रीय परिसंवाद में संविधान प्रदत्त कर्तव्यों की पूर्ति हेतु विश्वविद्यालय में अनुसूचित जनजाति समाज की समस्याओं और संस्कृति पर हो रहे अध्ययनों, विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत जनजाति समाज की जनसंख्या, विश्वविद्यालय में कार्य कर रहे जनजाति समाज के शैक्षणिक एवं अन्य कर्मचारी तथा विश्वविद्यालय में पढ़ रहे अनुसूचित जनजाति के शिक्षार्थियों की समस्याओं आदि से सम्बंधित विषयों पर गहन चर्चा हुई।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने विशेष रूप से विभिन्न भारतीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ राष्ट्रीय स्तर के इस संवाद कार्यक्रम में विभिन्न अन्य जानकारियों से अवगत हुआ और दो सत्रों में विचारों, सुझावों और समस्याओं को शीघ्र निस्तारित करने की भी पहल की।  इस दौरान विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं आई.सी.एस.एस.आर. के मध्य निकट भविष्य में कैसे अधिक से अधिक सहयोग हो सकता है, इस विषय पर भी विस्तृत चर्चा हुई ।

राष्ट्रीय संवाद के प्रथम सत्र में जतिंदर के बजाज, अध्यक्ष, भारतीय सामाजिक अनुसंधान परिषद् भी चर्चा में उपस्थित रहे। आयोग द्वारा संवाद के द्वितीय सत्र में विभिन्न विश्वविद्यालयों से आमंत्रित कुलपतियों के बीच भविष्य में विश्वविद्यालयों के शिक्षार्थियों के साथ आयोग का प्रभावी संवाद स्थापित करने एवं आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत जनजातीय नायकों के स्वतन्त्रता संग्राम में योगदान विषय पर विश्वविद्यालयों में प्रस्तावित कार्यक्रमों के आयोजनों के संबंध में चर्चा की गई।

कुलपति प्रो. अशोक सिंह ने विश्वविद्यालय में उल्लिखित विषयों पर विगत वर्षों में सम्पन्न हुई गतिविधियों को आयोग को बताया, साथ ही भविष्य की कार्ययोजनाओं को भी अवगत कराया।

इस राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष हर्ष चौहान ने किया । इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न आईआईटी, ऐम्स, एनआईटी के कुलपति और निदेशक भी उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news