बस्तर

सामान्य वर्ग हो रहा एकजुट, लोगों ने कहा हर स्तर पर संघर्ष को हैं तैयार
01-Jan-2023 9:27 PM
सामान्य वर्ग हो रहा एकजुट, लोगों ने कहा हर स्तर पर संघर्ष को हैं तैयार

महज दो घंटें में सैकड़ों ने ली सामान्य वर्ग संघ की सदस्यता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 1 जनवरी। नव वर्ष से छत्तीसगढ़ अनारक्षित वर्ग संघ के बैनर तले, संघ से जुड़े सदस्यों ने स्थानीय गोलबाजार चौक से सदस्यता महाअभियान की शुरुआत कर दी है। संघ के सदस्य लगातार बैठकें कर सामान्य वर्ग को एकजुट करने की रणनीति बना रहे हैं, इसी के तहत प्रदेश स्तर संगठन बनाने का निर्णय भी लिया गया है।

रविवार को आयोजित सदस्यता महाअभियान में सैकड़ों लोगों ने स्वस्फूर्त पहुँच कर संघ की सदस्यता ग्रहण की।  सदस्यों ने बताया कि सामान्यवर्ग अपने हितों को लेकर अब एकजुट होने लगे हैं। महज दो घंटे में सैकड़ों की संख्या में सदस्यता इसका साक्षात प्रमाण है। उन्होंने आगे बताया कि सामान्य वर्ग अब जाग रहा है, विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े सदस्य एवं शासकीय कर्मचारियों ने भी संघ की सदस्यता लेकर यह बता दिया है कि सामान्य वर्ग की उपेक्षा हर ओर हो रही है और यदि आज कदम नहीं उठाया गया तो वर्तमान एवं आने वाली पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।

सदस्यों ने आगे कहा कि यदि सरकारें आज़ादी के 75 वर्ष बाद भी आरक्षण को सीढ़ी बनाकर लोगों को गुमराह करके वोट बटोरने में लगी हुई है तो यह देश के लिए दुर्भाग्य का विषय है। समानता का अधिकार संविधान में सब को दिया गया है तो फिऱ सामान्य वर्ग के साथ यह उपेक्षापूर्ण बर्ताव क्यों?, आखिऱ सामान्य वर्ग के बारे में क्यों नहीं सोचा जा रहा है ?

सदस्यों ने आगे बताया कि जल्द राज्य के हर वार्ड में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और लोगों को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा। जल्द संगठन गठन की प्रक्रिया भी पूर्ण होगी, जिसमें विधिक प्रकोष्ठ भी बनाया जाएगा जिसके नेतृत्व में कानूनी संघर्ष को आगे बढ़ाया जाएगा।

आयोजन में मुख्य रूप से सामान्य वर्ग संघ के रोहित सिंह आर्य, करमजीत कौर, आशा आचार्य, नोहर सिंह राजपूत, सुशील खम्बारी, प्रकाश जोशी, हितेन्द्री, मोहन लाल जोशी, शोभा शर्मा, गौरव मुखर्जी, निर्मल जैन, मितेश सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news