बस्तर

शांति स्थापना के लिए भेजरीपदर पहुंचे कलेक्टर
जगदलपुर, 20 मार्च। भेजरीपदर में महिला के अंतिम संस्कार को ले दो समुदायों में तनाव की स्थिति बन गई। मृतिका के परिवारजनों के द्वारा उनके घर के पीछे कफन दफन किया जा रहा था कि अचानक ग्रामीण पहुंचकर कफन दफन का विरोध करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के मध्य विवाद के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न होने से वहां उपस्थित पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा समझाइश देकर विवाद को शांत कराया गया।
तोकापाल विकासखंड के ग्राम भेजरीपदर में दो समुदायों के बीच वैमनस्यता के समाचार पर कलेक्टर चंदन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मीणा सोमवार को गांव में पहुंचकर लोगों के बीच शांति स्थापना की।
बताया जाता है कि 19 मार्च को माटे बेक्को पति मोसू बेक्को ग्राम भेजरीपदर, थाना परपा, तहसील तोकापाल, जिला बस्तर की मृत्यु बीमारी से हुई। कफन दफन विधि विधान एवं रीतिरिवाज को लेकर ग्रामीणों के द्वारा विरोध किया जा रहा था।
इसी तारतम्य में सोमवार को मृतिका के परिवारजनों के द्वारा उनके घर के पीछे कफन दफन किया जा रहा था कि अचानक ग्रामीण पहुंचकर कफन दफन का विरोध करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के मध्य विवाद के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न होने से वहां उपस्थित पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा समझाइश देकर विवाद को शांत कराया गया।
कलेक्टर बस्तर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बस्तर द्वारा मौके का मुआयना किया गया है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बस्तर बल के साथ घटना स्थल पर उपस्थित हैं। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में स्थिति सामान्य है, शांति व्यवस्था बनी हुई है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर हरेश मंडावी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल, अनुविभागीय दण्डाधिकारी ऋतुराज बिसेन सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित थे।