बस्तर

मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने दिया धरना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 26 मार्च। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्णयानुसार केंद्र की मोदी सरकार के तानाशाही रवैये के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर रविवार को सिरहासार स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सुबह 11 से शाम 5 बजे तक सत्याग्रह किया गया।
इस दौरान बापू के भजन वैष्णव जन को तेने कहिए, रघुपति राघव राजाराम आदि का गायन किया गया। मीडिया से चर्चा करते हुए जगदलपुर विधायक व संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकप्रियता से भाजपा घबरा गई है इसलिए श्री गांधी की लोकसभा सदस्यता रद की गई है। उन्होने कहा कि श्री गांधी की आवाज दबाई नहीं जा सकती। रविवार को बस्तर जिला के कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के तानाशाही नीतियों के खिलाफ एक दिवसीय अहिंसात्मक सत्याग्रह किया। आगामी चुनाव में जनता कांग्रेस की आवाज बनेगी, जिसका कहर भाजपा पर टूटना तय है क्योंकि राहुल गांधी के खिलाफ केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री मोदी के षडयंत्र से क्षुब्ध व आक्रोशित है। सत्याग्रह में मौजूद महापौर सफिरा साहू ने कहा कि जनता में भाजपा को लेकर गहरी नाराजगी है। वह श्री गांधी की सदस्यता खारिज किए जाने को भाजपाई षडयंत्र के रूप में देख रही है। आने वाले दिनों में समूचे देश की जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी। सत्याग्रह से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेसियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, अमर जवान ज्योति व मुरिया विद्रोह के नायक झाड़ा सिरहा की प्रतिमाओं पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शाम को सत्याग्रह की समाप्ति के पश्चात कांग्रेसजनों ने समवेत स्वर में राष्ट्रगान गाया और जमकर नारे लगाए। इस दौरान नगर निगम सभापति कविता साहू, जतिन जायसवाल, राम शंकर राव, यशवर्धन राव, मिन्टू कर, एस दंतेश्वर राव, अब्दुल सईद, योगेश पानिग्राही, जावेद खान, ओंकार जसवाल, राजकुमार दंडवानी, सुशील मौर्य आदि मौजूद थे।