सरगुजा
अंबिकापुर,10 जून। क्षेत्र में मानसून के आने में महज कुछ दिन ही बचे हैं, ऐसे में सहकारी समिति के कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से किसान चिंतित हंै, क्योंकि किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिला पा रहा है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में प्रदेश सहकारी कर्मचारी संघ अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से हड़ताल पर हैं। महज कुछ दिनों में ही सरगुजा में भी मानसून दस्तक दे देगा, लेकिन मानसून के आने से पहले सरगुजा जिले के किसान हड़ताल के कारण चिंतित नजर आ रहे हैं।
सहकारी कर्मचारी संघ के हड़ताल के कारण किसानों को न तो खाद और न ही बीज उपलब्ध हो पा रहा है। किसान चिंतित हैं कि सहकारी कर्मचारी संघ का यह हड़ताल आगे भी जारी रही तो किसानों को महंगे दामों पर बाजारों से खाद और बीज खरीदना पड़ेगा।बहरहाल, इस मामले में अब राजनीति भी शुरू हो गई है। भाजपा प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने राज्य सरकार पर इस मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं तो वहीं छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री भी इसे गंभीर मामला मान रहे हैं।
गौरतलब है कि जिले में डेढ़ लाख पंजीकृत किसान हैं। अब इन पंजीकृत किसानों को समय रहते यदि खाद्य बीज नही मिला तो महंगे दामों पर बाहर से खाद और बीज खरीदना पड़ेगा। बहरहाल किसान चिंतित हंै और उनके माथे पर साफ तौर पर चिंता की लकीर देखी जा सकती है।