सरगुजा

भाजपा छत्तीसगढ़ सह प्रभारी नितिन का सरगुजा में जोरदार स्वागत
13-Jun-2023 7:52 PM
भाजपा छत्तीसगढ़ सह प्रभारी नितिन का सरगुजा में जोरदार स्वागत

कोर कमेटी की बैठक में कहा मतभेद भुलाकर काम करें कार्यकर्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अम्बिकापुर,13 जून।
भाजपा छत्तीसगढ़ सह प्रभारी नितिन नबीन दो दिवसीय सरगुजा संभाग के प्रवास पर अम्बिकापुर पहुंचे। स्थानीय काका लरंग साय चौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने नितिन नबीन का फूल माला व पटाखों से जोरदार स्वागत व अभिनन्दन किया।

इस दौरान छत्तीसगढ़ भाजपा सह प्रभारी नितिन नबीन ने स्व. काका लरंग साय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के परिचर्चा कार्यक्रम में भाग लिया तथा भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से बातचीत की।

बातचीत के दौरान भाजपा छत्तीसगढ़ सह प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को हमसे कुछ नहीं चाहिए, उनका सुझाव व मार्गदर्शन हमारे लिए अमूल्य है, हमारी नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं को उनसे बहुत कुछ सिखने की जरुरत है। आज की नई पीढ़ी शार्टकट की समस्या से ग्रसित है, ऐसे में हमारे वरिष्ठों के जीवन मूल्यों से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। 

आगे उन्होंने छत्तीसगढ़ की परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए कहा कि आज भी बंगाल और केरला में हमारे कार्यकर्ता संघर्ष कर रहे हैं, उसकी तुलना में छत्तीसगढ़ में अनुकूल परिस्थितियां हैं। छत्तीसगढ़ में साढ़े 4 सालों में कांग्रेस सरकार ने बुरा काम करके हमें अवसर दे दिया है। हम पुरानी चीजों को भूलकर आगे बढ़े तथा इस अवसर का लाभ उठायें क्योंकि इस बार चुके तो 10 साल पीछे हो जाएंगे।
 
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 9 साल की उपलब्धियों को हम जनता के बीच लेकर जाएँ तथा लाभार्थियों से सम्पर्क कर उन्हें याद दिलाएं कि 2011 में कैसे कश्मीर में तिरंगा लेकर कोई नहीं जा सकता था और आज उसी कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहरा रहा है। मोदी सरकार के कारण देश में आये व्यापक परिवर्तन को जनता के बीच प्रमुखता से रखे।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से परिचर्चा कार्यक्रम में भाजपा छत्तीसगढ़ सह प्रभारी के सामने कई वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी, जिसमें पी आर कश्यप, प्रेम कुमार शर्मा, अनिल सिंह मेजर, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, काशीनाथ तिवारी, करता राम गुप्ता, हरिवंश गुप्ता तथा सोमनाथ सिंह प्रमुख थे।

परिचर्चा कार्यक्रम के पश्चात भाजपा छत्तीसगढ़ सह प्रभारी नितिन नबीन ने भाजपा अम्बिकापुर विधानसभा कोर कमेटी की बैठक भी ली । जिसमें उन्होंने कोर कमेटी के सदस्यों को मतभेद भुलाकर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का संचालन अभिमन्यु गुप्ता ने किया।

इस अवसर पर भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, जिला भाजपा प्रभारी ज्योतिनंद दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, पूर्व सांसद कमल भान सिंह, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, पूर्व ओ.बी.सी. मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, प्रशांत त्रिपाठी, देवनाथ सिंह, विनोद हर्ष, मधुसूदन शुक्ला, अनिल सिंह, दिनेश साहू, रामकेश्वर राजवाड़े आदि उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news