सरगुजा

विस चुनाव को लेकर कांग्रेस सरकार अपनी पीठ खुद थपथपा रही-आशा लकड़ा
07-Oct-2023 9:53 PM
विस चुनाव को लेकर कांग्रेस सरकार अपनी पीठ खुद थपथपा रही-आशा लकड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 7 अक्टूबर। संकल्प भवन भाजपा कार्यालय अंबिकापुर में भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री, रांची (झारखंड) निगम की पूर्व महापौर और सरगुजा जिला भाजपा चुनाव प्रभारी डॉ. आशा लकड़ा ने प्रेस को संबोधित किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. लकड़ा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। इस राज्य के लोगों के विकास के लिए उन्होंने जो सपना देखा था, उसे पूरा करना हमारा कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की सरकार अपनी पीठ खुद थपथपा रही है, कांग्रेस को अपने दामन पर लगे दाग नहीं दिख रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार में बालू का अवैध कारोबार चरम पर है, 800 रुपये प्रति ट्रैक्टर मिलने वाला बालू अब तीन से चार हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर मिल रहा है। छत्तीसगढ़ पीएससी में 17 लोगों की नियुक्ति गलत तरीके से की गई, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने इनकी नियुक्ति पर रोक लगाई है। भाजपा की सरकार बनने के बाद इन भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

भूपेश सरकार में अपराध पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों के खिलाफ हुए अपराधों में आइपीसी और स्पेशल लोकल लॉ के तहत दर्ज मामलों में भी वृद्धि हुई है। रिकॉर्ड के अनुसार, छत्तीसगढ़ में साल 2019 में 5665, 2020 में 5056 और 2021 में 6001 मामले दर्ज किए गए थे। यदि इन आंकड़ों में वर्ष 2022 व 2023 का आंकड़ा जोड़ दिया जाए तो पांच वर्षों में 25 हजार से अधिक मामले सामने आएंगे। छत्तीसगढ़ विधानसभा में एक लिखित सवाल के जवाब में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा था कि अनुसूचित जनजाति की बच्चियों व महिलाओं के साथ अपराध मामले में छत्तीसगढ़ देश में तीसरे स्थान पर है, जबकि अनुसूचित जाति के मामले में छत्तीसगढ़ छठवें स्थान पर है। गृह मंत्री ने यह भी कहा था कि प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग की बच्चियों व महिलाओं के विरुद्ध दुराचार की 258 और अनुसूचित जनजाति वर्ग की बच्चियों व महिलाओं के विरुद्ध दुराचार की 463 घटनाएं हुई है। इनमें 10 वर्ष से कम आयु वर्ग की 10 पीडि़ता है। आंकड़ों से यह स्पष्ट हो चुका है कि छत्तीसगढ़ की सरकार बच्चियों व महिलाओं की अस्मिता बचाने में विफल है।  राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में राज्य में हत्या के 1057 और दुष्कर्म के 1093 अपराध हुए। 2020 में यह आंकड़ा क्रमश: 972 और 1210 मामले दर्ज किए गए। राज्य में 2021 में ही हीट एंड रन (सडक़ हादसों में टक्कर मारकर भागने के 1,777 घटनाएं हुई। इससे पूर्व 2020 में इस प्रकार की 1749 घटनाएं हुई थी।

भूपेश सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में चारों तरफ हताशा, निराशा, भय व आतंक व्याप्त है। दिनदहाड़े प्रदेश में हत्याएं व लूटपाट हो रही है। अबोध बालिकाओं के साथ अनाचार, हत्या, लूट व डकैती इत्यादि की घटनाएं हो रही है।

प्रदेश में उगाही का स्टार्टअप चल रहा है। गांजा की तस्करी, ब्राउन शुगर, व नशीली दवाओं का गढ़ बन चुका है छत्तीसगढ़ ईडी और आइटी विभाग की कार्रवाई से नए-नए तथ्य सामने आए, जिससे छत्तीसगढ़ शर्मिंदा है। छत्तीसगढ़ घोटालों का गढ़ बन चुका है। कानून व्यवस्था लचर है। रोजगार पर लगातार झूठ बोला जा रहा है। 16 लाख गरीबों का घर छीना गया। धान खरीद में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई।

डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना से छत्तीसगढ़ बाहर हो गया। इसके कारण उन गरीब लोगों को पक्का आवास नहीं मिल रहा है, जिनका नाम सर्वे सूची में शामिल नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से राज्यांश जमा नहीं किया गया। इस कारण 2020-21 में आठ लाख लोगों को आवास योजना से बाहर होना पड़ा।

बस्तर में 50 प्रतिशत लोगों का ही आयुष्मान कार्ड बना है। चार लाख 82 हजार से अधिक लोगों का कार्ड नहीं बन पाया जबकि सात लाख 82 हजार लोगों को इस योजना से जोडऩे का लक्ष्य था। कांग्रेस छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक बनी हुई है। कांग्रेस छत्तीसगढ़ का उपयोग एटीएम की तरह कर रही है। केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है, लेकिन कांग्रेस की सरकार विकास के काम में नहीं, बल्कि हवा-हवाई दावों में जुटी रहती है। कांग्रेस की सरकार यहां के गरीबों का पक्का घर नहीं बनने दे रही है। केंद्र सरकार के गरीब कल्याण योजनाओं को लेकर राज्य सरकार की नाकामी के चलते छत्तीसगढ़ को बहुत पीछे पहुंचा दिया है।

जो लोग गैस सिलेंडर की कल्पना नहीं करते थे, उन्हें केंद्र सरकार की ओर से मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया। कुछ दिन पहले उज्ज्वला गैस सिलेंडर 400 रुपये सस्ता किया गया।

छत्तीसगढ़ में अच्छी सडक़ें, अच्छी रेल सेवा व बिजली की सुविधा जरूरी है। जब दिल्ली और रायपुर में दोनों जगह भाजपा की सरकार होगी तो ऐसी सुविधाएं तेजी से गांव व गरीबों तक पहुंच पाएंगी।

उन्होंने स्थानीय अंबिकापुर विधायक और उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव पर क्षेत्र के विकास को अवरूद्ध करने का आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता कुर्सी की लड़ाई में पूरे 5 साल बीता दिए और क्षेत्र में विकास के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया, अब जनता हिसाब करेगी, अंबिकापुर सीट हम भारी बहुमत से जीतेंगे और कुशासित कांग्रेसी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news