जशपुर

साय के मुख्यमंत्री बनने से सच हुआ जूदेव और जशपुरवासियों का सपना- कृष्ण कुमार
25-Dec-2023 2:19 PM
साय के मुख्यमंत्री बनने से सच हुआ जूदेव  और जशपुरवासियों का सपना- कृष्ण कुमार

28 को सीएम के प्रथम जिला प्रवास को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा, बनी रणनीति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 25 दिसंबर।
जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण कुमार राय ने कहा कि पांच साल के कांग्रेस के कुशासन के विरूद्ध संघर्ष के बाद, जिले की तीनों विधानसभा सीटों में जो भाजपा को जीत मिली है,यह पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत और जिलेवासियों के विश्वास की जीत है। प्रदेश में सरकार बनने के बाद, कार्यकर्ताओं का ध्यान रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। 

वे जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में शामिल पार्टी के पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती पर आयोजित होने वाली सुशासन दिवस और 28 दिसंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रथम जिला प्रवास पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार विमर्श करने के लिए आहुत की गई थी। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए,भाजपा के जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता ने बताया कि सोमवार को सुशासन दिवस के अवसर पर जिले के सभी अटल चौक पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही मंडल और बूथ स्तर पर भी कार्यक्रम का आयोजन प्रभारियों को सुनिश्चित करना है। 26 दिसंबर को सिख धर्म के 10 वें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह के वीर बलिदानी पुत्रों की वीर गाथा का स्मरण करने और आम लोगों को वीरगाथा की जानकारी को आम लोगों को अवगत कराने के लिए वीर बाल बलिदान दिवस का आयोजन किया जाना है। इस दिन,इन वीर बाल बलिदानियों का चित्र लगा कर,सभा का आयोजन करना है। उन्होंने 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जिले की पहली यात्रा को ऐतेहासिक बनाने के लिए,कार्यकर्ताओं को बूथ से लेकर जिला स्तर तक काम करने की अपील की।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि जशपुर के माटीपुत्र विष्णुदेव साय का मुख्यमंत्री पद पर पहुंचना,दिलीप सिंह जूदेव का सपना पूरा होना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद,मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होने पर सभी जिलेवासियों की निगाहें टिकी हुई थी। हम सबको शुरू से विश्वास था कि विष्णुदेव साय ही मुख्यमंत्री बनेगें,जो अंतत: सच साबित हुआ। उन्होंने जशपुर विधानसभा सीट पर मिली जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने ही लोगों के द्वारा सताए जाने के कारण,जशपुर में पार्टी को अधिक संघर्ष करना पड़ा। ऐसे लोगों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है। 

जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि जशपुर विधानसभा सीट में जो जीत मिली है, वह पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी मां के समान होती है और मां के साथ छल कपट नहीं किया जाता,उनका सम्मान किया जाता है। 

पत्थलगांव की विधायक गोमती साय ने कहा कि उन्हें पत्थलगांव से चुनाव लड़ाने की तैयारी,चुनाव की घोषणा से दो माह पहले से चल रही थी। लेकिन,वो इसके लिए तैयार नहीं थी। लेकिन,जब पार्टी के हाईकमान का आदेश आया तो,अनुशासित कार्यकर्ता की तरह,उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत पर विश्वास करते हुए,पत्थलगांव से चुनाव लडऩे की चुनौती को स्वीकार किया। 

गोमती साय ने कहा कि विष्णुदेव साय का मुख्यमंत्री बनना,पूरे जशपुरवासियों के लिये सम्मान की बात है। आज आप पूरे प्रदेश में कहीं भी चले जाईये,जशपुर का नाम सुनते ही,लोग आपको सम्मान के नजर से देखने लगते हैं। इस सम्मान को बनाए रखने के लिए हमें आगे भी काम करना है। लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए,उन्होनें कहा कि विधानसभा चुनाव में मिली जीत, सेमी फाइनल जीतने के समान है। लोकसभा चुनाव का फाइनल जीतना अभी बचा है। इसलिए सारे कार्यकर्ता संघर्ष के लिए तैयार रहे।

उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से जिला महामंत्री द्वय भरत सिंह, मुकेश शर्मा, नरेश नंदे, सुरेश राम भगत, गोपाल राय, राजू गुप्ता,गेंदबिहारी सिंह, ममता कश्यप, शांति भगत, रूपेश सोनी,  अनिता सिंह, उमा देवी,सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण एवं सभी मण्डल के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 विधायकों को किया सम्मानित
विधानसभा चुनाव में मिली जीत से उत्साहित भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जशपुर की विधायक रायमुनि भगत और पत्थलगांव की विधायक गोमती साय को साल व श्रीफल देकर सम्मानित किया। दोनों विधायकों ने सम्मानित करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news