बस्तर

अयोध्या से लौटा श्रद्धालुओं का जत्था
11-Mar-2024 3:05 PM
अयोध्या से लौटा श्रद्धालुओं का जत्था

 स्टेशन पर ढोल बजाकर प्रत्याशी महेश कश्यप ने किया स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 11 मार्च। पाँच दिन पहले जगदलपुर स्टेशन से करीब 1100 से अधिक रामभक्तों के जत्थे को लेकर अयोध्या रवाना हुई आस्था स्पेशल ट्रेन सोमवार सुबह वापस लौटी। इस मौके पर एक बार फिर जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर माहौल भक्तिमय नजर आया।

प्लेटफार्म पर ढोल-नगाड़े बज रहे थे। ट्रेन से उतरने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्टेशन पर मौजूद लोग भी जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे। रामभक्तों का यह जत्था जिस उत्साह के साथ भजन कीर्तन करते और नाचते-गाते ट्रेन से रवाना हुआ था, उसी अंदाज में उनकी वापसी हुई। स्टेशन पर कई श्रद्धालु ढोल-नगाड़े की धुन पर नाचते नजर आए। उनके चेहरों पर रामलला के अलौकिक दर्शन का आनंद साफ झलक रहा था।

जगदलपुर रेल्वे स्टेशन में भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने सभी श्रद्धालुओं का ढोल बजाकर व पुष्प वर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

यात्रियों ने सुनाए अनुभव

इस मौके पर अनेक श्रद्धालुओं ने अपनी अयोध्या यात्रा के अनुभव भी साझा किए। रामलला की मनोहारी मूरत और राम मंदिर की दिव्यता और अयोध्या नगरी की भव्यता के किस्से उन्होंने लोगों को बताए। तमाम श्रद्धालुओं का यही कहना था कि रामलला के दर्शन कर जीवन धन्य हो गया। 500 वर्षों के इंतजार के बाद अब जाकर यह शुभ अवसर आया कि अयोध्या के भव्य मंदिर में रामलला विराजित हुए और हमें उनके दर्शन का पुण्यलाभ मिला।

यात्रियों ने भाजपा प्रत्याशी का आभार व्यक्त किया

अयोध्या दर्शन के पश्चात वापस जगदलपुर लौटे सुकमा के श्रद्धालुओं की टोली ने रामलला के दर्शन करने हेतु भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप द्वारा किये गए शहयोग हेतु उनका आभार व्यक्त किया है। साथ ही कहा कि भगवान राम के दर्शन करके हम सभी धन्य हो गए। आपकी विजयी हो यही कामना भगवान राम से हमारे द्वारा की गई है।

ज्ञात हो कि 6 मार्च को अयोध्या हेतु जगदलपुर से रवाना हो रही ट्रेन में सैकड़ो सुकमा के दर्शनार्थी विलंब के कारण छूट गए थे, जिन्हें भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप व अन्य भाजपा नेता सुरेश गुप्ता व संजय पांडे की मदद से उन्हें अन्य स्टेशन तक पहुँचाकर वापस सकुशल आयोध्या की ओर रवाना किया गया था।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news