धमतरी

एक सांसद ही नहीं चुनना है, देश का उज्ज्वल भविष्य चुनना है-मोदी
24-Apr-2024 3:39 PM
एक सांसद ही नहीं चुनना है, देश का उज्ज्वल भविष्य चुनना है-मोदी

महासमुंद, कांकेर और रायपुर लोकसभा की जनता से विकसित भारत के लिए वोट करने अपील की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 24 अप्रैल। मंगलवार को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी धमतरी जिले के ग्राम श्यामतराई में विजय संकल्प शंखनाद महारैली कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

पीएम मोदी के साथ मंच पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव,भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद मोहन मंडावी, कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल,पूर्व मंत्री एवं कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी, कांकेर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी भोजराज नाग,पूर्व मंत्री द्वय चन्द्रशेखर साहू, प्रेमप्रकाश पांडेय,पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा,पूर्व विधायक गण रंजना साहू, पिंकी शाह, श्रवण मरकाम, भाजपा के प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा,जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस,भाजयुमो पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पार्षद विजय मोटवानी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

पीएम मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 19 को बस्तर में मतदान हुआ, देश के अन्य राज्य में मतदान हुआ और उस पहले चरण ने स्पष्ट कर दिया देश का मन साफ है, शक्तिशाली, मजबूत सरकार बनानी है। जनता-जनार्दन का भरोसा सिर्फ और सिर्फ भाजपा पर है।

इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उनके आपस में सिर फुटौव्वल चल रही है। दो दिन पहले झारखंड में इंडी गठबंधन की रैली में सरेआम एक दूसरे के सिर फोड़े गए, कपड़े फाड़े गए।

कांग्रेस का शाही परिवार दिल्ली में रहता है। खुद की पार्टी का अता-पता नहीं है, अब हिंदुस्तान में वोट मांग रहे हैं। खुद तो वोट दे नहीं सकते, आपसे वोट मांग रहे है।

मोदी ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ वह प्रदेश है, जहां कोयले की शक्ति, वन संपदा, स्टील की ताकत, विकसित भारत को तेज गति देने की ताकत है। 10 साल में मेरा काम देखा है, सेवा का मुझे मौका दिया है, कोई छुट्टी लिए बिना दिन-रात सेवा कर रहा हूं। मैंने अपने लिए कुछ नहीं किया।

आपके लिए जीता रहा हूं, जूझता रहा हूं क्या कुछ नहीं हुआ 10 साल में। महासमुंद सहित अन्य जगह पर पांच नए मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किए। घर-घर तक बिजली,पानी और सस्ती गैस कनेक्शन दिया। तीसरी बार सरकार बनने पर छत्तीसगढ़ में रोड़,रेल, सिंचाई और इंटरनेट कनेक्टिविटी का तेजी से विकास किया जायेगा।

कांग्रेस ने विकास को पटरी से उतारने का काम किया। कांग्रेस विकास के साथ नहीं चल सकती। कांग्रेस की जहां सरकार रही वहां हिंसक गतिविधियां हुई।कांग्रेस भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती रही है।

हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार और नक्सली हिंसा को काबू किया है।छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद और माओवाद को जड़ से समाप्त करके रहूंगा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पीएम कहते थे 1 रुपए में 15 पैसे नीचे पहुंचता है। एक रुपए में 85 पैसे को कौन सा पंजा लूट लेता था? मोदी को अवसर दिया तो सबसे पहले लूट की दुकान पर ताला लगा दिया। कई करोड़ जनधन खाता खोला। छत्तीसगढ़ में पौने दो करोड़ खाता खोला गया। 34 लाख करोड़ रूपए जनता के खाते में भेजा गया, जो हकदार है उनके खाते में सीधे सीधे पैसे पहुंचाएं। 3 लाख करोड़ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खाते में सीधे पहुंचाएं। जब तक देश में भाजपा की सरकार है आपके हक का पैसा आपके पास पहुंचता रहेगा कोई बिचौलिया नहीं आयेगा। कांग्रेस गरीब से सिर्फ विश्वासघात करना जानती है सोने के चम्मच लेके पैदा हुए लोग उनका दर्द नहीं समझ सकते।

कांग्रेस ने 60 साल राज किए लेकिन कभी उन्हें गरीब लोगों की चिंता हुई। हमारी सरकार ने मुफ्त राशन योजना लागू की ताकि कोई गरीब परिवार भूखा ना सोए। आने वाले पांच साल तक गरीब परिवारों को मुफ्त राशन योजना का लाभ मिलेगा। कांग्रेस ने कभी छोटे किसानों की चिंता नही की। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार ने किसानों को 3100 रू प्रति च्ंिटल धान का और दो साल का बकाया बोनस देकर 3 महीने में मोदी की गारंटी को पूरा किया।

तेंदूपत्ता संग्राहकों से की गई हर गारंटी को भाजपा सरकार पूरा करेगी। महतारी वंदन योजना लागू होने से आज बहनों के अकाउंट में सीधे पैसे जा रहे। 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा। एसटी, एससी और ओबीसी को सम्मान देकर जब भाजपा देश में आदिवासी राष्ट्रपति, छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री, ओबीसी उप मुख्यमंत्री और मध्यप्रदेश में ओबीसी मुख्यमंत्री बनाया तो कांग्रेस को लोकतंत्र और संविधान पर खतरा नजर आने लगा है। 2024 के चुनाव में आपके सेवक नरेन्द्र मोदी को आपका आशीर्वाद चाहिए। आपके सपने पूरे करने के लिए मेरा पल पल आपके और देश के लिए है।

मोदी ने अंत में कहा कि  मैं 24म7, 2047 के लिए खप जाऊंगा। एक सांसद ही नहीं चुनना है, देश का उज्ज्वल भविष्य चुनना है। राष्ट्र निर्माण का यह मौका ना गवाएं। पहले मतदान फिर जलपान, बीजेपी को दिया आपका एक वोट देश को विकसित बनायेगा। 26 अप्रैल को महासमुंद लोकसभा से रूपकुमारी चौधरी, कांकेर लोकसभा से भोजराज नाग और रायपुर लोकसभा से हमारे पुराने मित्र बृजमोहन अग्रवाल को भारी मतों से विजयी बनाना है। सभी अपना अपना बूथ जीतेंगे और भारी मतदान करवाएंगे।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर शशि पवार, भाजयुमो जिला अध्यक्ष कैलाश सोनकर, कविन्द्र जैन,नरेश सिन्हा ,राजेन्द्र गोलछा, प्रेमलता नागवंशी,नागेन्द्र शुक्ला, विकल गुप्ता, रवि दुबे, डीपेंद्र साहू,अवनेंद्र साहू, मोहन नाहटा, अकबर कश्यप,रामगोपाल साहू, मनोहर मानिकपुरी,विनोद पांडे, निखिल साहू, राजेश नाथ गोसाईं,सुनील निर्मलकर, शैलेन्द्र साहू, मौर्यध्वज सेन सहित रायपुर,महासमुंद एवं कांकेर लोकसभा क्षेत्र से नागरिक गण, भाजपा के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news