रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 मई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक ही मंगलवार को मतदान ठंडा ठंडा कूल कूल मौसम में हुआ। राजधानी और आसपास सुबह से बदली और हल्की बूंदाबांदी हुई। लोग सुबह से ही बूथ पर पहुंचने लगे थे। बीते दिनों के मुकाबले धूप कुछ कम तीखी होने से लोगों की दिनभर बूथ पर आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग ने दोपहर 1 बजे तक के लिए तेज आंधी के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया था। दोपहर दो बजे के बाद सरगुजा के अंबिकापुर और पेंड्रा समेत कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं जशपुर में शाम 4 बजे गरज-चमक के साथ बारिश, और कई जगह ओले भी गिरे। उधर जगदलपुर में गाज गिरी। कोई जनहानि नहीं।
इससे पहले कल शाम रात को दक्षिणी छत्तीसगढ़ के सात जिलों में बारिश हुई थी। इनमें मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोंभ 73 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण झारखंड के ऊपर स्थित है, यही से एक द्रोणिका पश्चिमी मध्य प्रदेश तक पूर्वी मध्य प्रदेश होते हुए स्थित है। एक द्रोणिका/ हवा की अनियमित गति विदर्भ से दक्षिण तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। कल 8 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। किन्तु हल्की गिरावट होने की सम्भावना है।