बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 8 मई। मस्तूरी इलाके में मामूली सी बात पर एक नशेड़ी युवक ने 65 वर्षीय किसान की कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी। आरोपी की मृतक से कोई जान पहचान भी नहीं थी। उसने गाली देने से रोकने पर वृद्ध को मार डाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कर्रा ग्राम का लोचन प्रसाद धुरी मंगलवार की सुबह अपने खेत की ओर गया था। उसी समय आरोपी परमेश्वर पैकरा उसके पास आया। दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई, इतने में आरोपी तैश में आ गया। उसने अपने पास रखे कुल्हाड़ी से वृद्ध किसान के गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले से किसान लोचन वहीं गिर गया। ग्रामीणों ने जब आरोपी को वृद्ध की हत्या करते हुए देखा तो उसकी ओर दौड़े। उन्होंने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने उसकी पिटाई की और हाथ पैर बांध दिए। पुलिस को घटना की सूचना दी। मतदान दिवस होने के कारण थाने में स्टाफ कम था लेकिन दो तीन पुलिस वालों ने पहुंचकर आरोपी को ग्रामीणों से छुड़ाया। आरोपी नशे में धुत था। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी ने मृतक किसान से किसी होटल का पता पूछा था। इस बात पर विवाद हुआ और उसने गाली-गलौच की। जब किसान ने गाली देने मना किया तो आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के बारे में बताया गया है कि पटना, बैकुंठपुर में ड्राइवरी का काम करता है। उसने बताया कि आरोपी से उसकी मृतक से कोई जान पहचान या पुरानी दुश्मनी नहीं थी। गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।