रायपुर

भूपेश सरकार किसानों के हित में काम कर रही-शहर कांग्रेस
06-Jan-2021 5:26 PM
भूपेश सरकार किसानों के हित में काम कर रही-शहर कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 जनवरी।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे, सभापति प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर ने आज यहां धान खरीदी को लेकर प्रदेश भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भूपेश सरकार किसान-मजदूरों के हित में काम कर रही है और यहां के किसान भी खुश है। दूसरी तरफ यहां के किसान, भाजपा के किसान विरोधी चेहरा को बखूबी जानते-समझते हैं।  

कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से चर्चा में राज्य सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदा है। पहले साल 80 लाख टन से अधिक और दूसरे साल 83 लाख टन धान की खरीदी की गई। भाजपा की 15 साल की सरकार में तो 15 लाख से भी कम किसानों से औसत 50 लाख टन धान ही प्रतिवर्ष खरीदी की गई थी।  श्री बघेल की सरकार ने पहले साल 2018-19 में 15 लाख 71 हजार किसानों से 80 लाख टन से अधिक धान खरीदा। इस साल 21 लाख 50 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है। कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया है जिसकी सोच कभी भाजपा के पास नहीं थी। 

उन्होंने कहा कि धान का समर्थन मूल्य देने वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा नेता किसानों को गुमराह करने के प्रयास में लगे हंै। भाजपा को किसानों और ग्रामीण मतदाताओं से अब समर्थन नहीं मिल पाएगा। क्योंकि छत्तीसगढ़ के लोग, भाजपा के किसान-मजदूर विरोधी चेहरा को बखूबी समझ चुके हैं। 

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने कहा था कि स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशें लागू करेंगे। किसानों को फसल की लागत पर डेढ़ गुना जोडक़र दाम देंगे, पर नहीं दिया। भाजपा ने कहा था 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करेंगे, लेकिन कुछ भी नहीं किया। 2100 रुपये समर्थन मूल्य व 300 रुपये बोनस का झूठा वादा भी भाजपा ने किया था।  भाजपा के किसान विरोधी चरित्र को छत्तीसगढ़ के किसान बखूबी जानते-समझते हैं। 
उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार किसान हित में काम कर रही है जिससे यहां के किसान खुशहाल भी हुए है। कर्ज माफी का लाभ 20 लाख किसान परिवार को मिला। 

धान का समर्थन मूल्य एवं राजीव गांधी न्याय योजना के जरिए धान, मक्का और गन्ना उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलने से छत्तीसगढ़ खुशहाल हुआ है। भाजपा निरंतर किसान विरोधी काम में लगी है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news