बस्तर

किसानों के साथ अन्याय कर रही कांग्रेस सरकार- भाजपा
13-Jan-2021 9:02 PM
 किसानों के साथ अन्याय कर रही कांग्रेस सरकार- भाजपा

   विधानसभा स्तरीय धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 13 जनवरी। धान खरीदी में गंभीर अनियमितता व कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में आज भाजपा ने हल्ला बोलते हुए प्रांतीय आह्वान पर विधानसभा स्तरीय विराट धरना प्रदर्शन किया। जगदलपुर विस, आड़ावाल, चित्रकोट समेत तोकापाल व बस्तर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान सम्मिलित हुए। भाजपा नेताओं ने अपने संबोधन में कांग्रेस सरकार को झूठी सरकार करार दिया और अन्नदाता किसानों के साथ अन्याय बंद करने कहा। किसानों को उनका हक दिलाने भाजपा हर कदम में अन्नदाताओं के साथ है।

आज धरना प्रदर्शन स्थल में भाजपा कार्यकर्ता बैलगाडी़,ट्रेक्टर आदि में सवार होकर पहुंचे। आड़ावाल धरना कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री किरणदेव ने कहा कि कांग्रेस की झूठी सरकार अब प्रदेश के किसानों के साथ अन्याय करने में आमदा है। वायदा निभाना तो एक तरफ, सरकार किसानों का धान नहीं खरीद पा रही है। बारदाना तक किसानों को स्वयं खरीदना पड़ रहा है। अन्नदाता किसानों के साथ भाजपा कंधे से कंधा मिलाकर खडी़ है।

भाजपा जिलाअध्यक्ष रुपसिंह मंडावी ने कहा कि किसानों के हक को छिनने वाली कांग्रेस सरकार को नींद से जगाने का समय आ गया है।किसानों का धान तक यह नाकाम सरकार खरीद नहीं पा रही है। हमारे किसान हताश-परेशान है। मेहनतकश किसान भाई आत्महत्या जैसे कदम उठाने विवश हो रहे है। जनता से किया वायदा तोडऩे वाली कांग्रेस सरकार का चेहरा उजागर हो गया है।

पूर्व विधायक संतोष बाफना ने कहा कि किसानों को टोकन नहीं मिल रहा है,बारदाना भी यह सरकार किसानों को नहीं दे पा रही है। पहले 1 नवंबर से धान खरीदी आरंभ होती थी,भाजपा शासन में कभी भी छग के किसानों को परेशान नहीं होना पडा़,मगर पिछले दो साल में प्रदेश के किसान दुखी व हताश हो चुके है। धान खरीदी का समय एक महीना और बढाय़ा जाये ताकि प्रत्येक किसान के धान का एक एक दाना खरीदा जा सके।

धरना कार्यक्रम को योगेन्द्र पांडे, रामाश्रय सिंह, रजनीश पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, सुब्रतो विश्वास, राजेन्द्र बाजपेयी, दीप्ति पांडे, राजेश शर्मा, बी जयराम, महेश कश्यप, धरमू मंडावी, शिवलाल सेठिया आदि ने भी संबोधित किया।

चार घंटे धरना प्रदर्शन के उपरांत भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। कार्यक्रम का संचालन संग्राम सिंह राणा ने किया। धरना में प्रमुख रूप से श्रीनिवास राव मद्दी,अश्विन सरडे, संजय पांडे,आर्येन्द्र आर्य,मनोहर तिवारी, अविनाश श्रीवास्तव,दयावती देवांगन,भारती श्रीवास्तव, रोशन सिसोदिया,त्रिवेणी रंधारी,अभय दीक्षित, राजपाल कसेर,धनसिंह,निर्मल पाणिग्रही, दिगंबर राव,मनीष पारेख,संतोष त्रिपाठी,राकेश तिवारी,राधेश्याम पन्द्रे,विक्रम सिंह यादव,प्रकाश झा, सुधीर शर्मा,पी विनय आदि मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news