रायपुर

श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष ने लगाई चौपाल, मजदूरों की सुनी समस्या
30-Jan-2021 8:29 PM
श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष ने लगाई चौपाल, मजदूरों की सुनी समस्या

रायपुर, 30 जनवरी। स्टील सिटी भिलाई के छावनी क्षेत्र में श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद ने चौपाल लगाकर मजदूरों की समस्याएं सुनी। मजदूरों के कल्याण हेतु सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई और उनके समस्याओं का यथोचित निराकरण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के छायाचित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर हुआ। मजदूरों ने ईएसआईसी,पीएफ का पंजीयन नहीं होने श्रम कानून का पालन नहीं किए जाने की जानकारी दी। श्रम कल्याण मंडल द्वारा लंबे समय से सायकल वितरण न होने, छात्रवृत्ति वितरण में विलंब, बालिकाओं के विवाह हेतु मिलने वाली राशि का वितरण न होने, दाल भात केंद्र अनुपयुक्त जगह में होने की शिकायत पर श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष श्री अहमद ने दाल भात केंद्र को क्षेत्र में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि बालिका विवाह पर दी जाने वाली 15 हजार की राशि को पूर्व सरकार द्वारा बंद कर दी गई थी, इसे पुन: शुरू करने मंडल द्वारा बजट में प्रावधान किया गया है। कोविड पेंडेमिक की वजह से साइकिल वितरण और छात्रवृत्ति में देरी हुई है,जल्द ही सायकल और छात्रवृत्ति वितरण किया जाएगा।

श्री अहमद ने कहा कि श्रमिकों का पंजीयन संस्थान की जिम्मेदारी है। पंजीयन के बाद भी सुविधाएं नहीं मिलने, चार घंटे काम के बाद एक घण्टे का ब्रेक और निर्धारित श्रेणी के अनुसार भुगतान न होने की स्थिति में श्रमिक अपनी शिकायत मंडल के टोल फ्री नम्बर अथवा ई मेल से कर सकते हैं। औद्योगिक परिक्षेत्र में शिविर लगा कर स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराया जाएगा। जरूरतमंदों को नि:शुल्क चश्मा और दवाइयां दी जाएगी।

श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष शफी अहमद ने मंडल द्वारा चलाए जा रहे सिलाई सेंटर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने प्रशिक्षकों से नई तकनीक और डिजाइन की सिलाई का प्रशिक्षण देने कहा, जिससे प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को बाजार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने फेक्ट्री मालिकों से आग्रह किया श्रमिकों की वर्दी मंडल के सिलाई सेंटर से सिलवा कर वितरित करें, जिससे महिलाओं को लाभ हो सके। श्रमिकों ने 12वीं के बाद भी उच्च शिक्षा के लिए बच्चों को छात्रवृत्ति दिए जाने की मांग रखी जिस पर अध्यक्ष शफी अहमद ने श्रम कल्याण मंडल की बैठक में प्रस्ताव रखने का भरोसा दिलाया है। श्रमिकों द्वारा ईएसआईसी के अस्पताल निर्माण में देरी की जानकारी पर श्री अहमद ने श्रम आयुक्त एलेक्स पाल मेनन से चर्चा कर निर्माण कार्य की गति बढ़ाने की बात कही।

इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तुलसी साहू, ब्लॉक कांग्रेस तुलसी पटेल, प्रमोद प्रभाकर, इंटक नेता प्रमोद मिश्रा, सहायक श्रम आयुक्त श्री समीर सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news