बस्तर
जगदलपुर, 24 जुलाई। कलेक्टर रजत बंसल आज जगदलपुर शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों अवलोकन कर इन सभी विकास कार्यो को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने बस्तर आर्ट गैलरी का निरीक्षण कर मौके पर उपस्थित अधिकारियों से निर्माण कार्य के प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने निर्माणाधीन भवन के विद्युतिकरण के कार्य की जानकारी ली एवं इसके निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। दलपत सागर में पहुंचकर वहां चल रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। दलपत सागर में निर्माणाधीन सेंट्रल आइलैंड के कार्यों का अवलोकन कर इसे शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आईलैण्ड निर्माण हेतु तैयार किए गए नक्शे का भी अवलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने दलपत सागर के समीप समुंद चौक एवं सिटी ग्राउण्ड में पहुंचकर प्रगतिरत कार्यों का अवलोकन किया।
श्री बंसल ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को इन सभी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान आयुक्त नगर निगम प्रेमकुमार पटेल, कार्यपालन अभियंता राजीव बतरा, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।