छत्तीसगढ़ » महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 6 जनवरी। बसना के वार्ड नम्बर 15 आदर्श नगर में सूने मकान में चोरों ने घर में रखे 72 हजार रुपए का सामान चोरी कर लिया। पुलिस का कहना है कि चोर घर का ताला तोडक़र अंदर दाखिल हुए। उसके बाद इत्मिनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में लगे एसी तक उखाडक़र ले गए। वहीं घर में रखा हुआ पीकू मशीन भी चोरी करके ले गए। फिलहाल मामले में बसना पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस घटना में शामिल चोरों को जल्द पकडऩे की बात रही है। घटना की जानकारी देते हुए बसना टीआई लेखराम ठाकुर ने कहा कि अजीम खान पिता अब्दुल ने कल मंगलवार को थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका घर वार्ड नंबर.15 आदर्श नगर में है। वह प्राइवेट जॉब करता है। इसके कारण वह परिवार के साथ रायपुर में ही रहता है। वह हर 15 दिन बाद घर आता रहता है। 15 दिन पहले ही वह घर पर आया था। आज जब घर पहुंचा तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। वहीं घर में अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। उसमें रखे चांदी का सिक्के, सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, चोरों ने चोरी कर लिया था। वहीं घर में लगा हुआ एसी तक उखाड़ कर ले गए। घर में रखे पीकू मशीन और सिलाई मशीन को भी चोरों ने नहीं छोड़ा और उसे भी अपने साथ ले गए। साड़ी और गैस सिलेंडर भी गायब हैं।
मामले में शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। टीआई लेखराम ठाकुर ने कहा कि वारदात 7-8 दिन पहले ही हो चुका है। चूंकि घर सूनसान इलाके में है इसलिए किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। पूछताछ में कुछ लोगों द्वारा रेकी की बातें सामने आई है। घटना में तीन-चार लोग शामिल हो सकते हैं। हम जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 6 जनवरी। मंगलवार को निर्माणाधीन इंग्लिश मीडियम स्कूल के निरीक्षण पर कलेक्टर डोमन सिंह पहुंचे। कलेक्टर आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल भी पहुंचे और वहां के भवनों को देखा। उन्होंने जरूरी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने स्कूल की विभिन्न कक्षाओं के साथ ही लैब, रसोई घर आदि का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्कूल के जरूरी सिविल वर्क और रंगाई-पोताई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने छात्रों के प्रवेश संख्या और वर्चुअल क्लास सहित स्टॉफ और भर्ती की जानकारी ली। प्राचार्य आमी रूफस ने बताया कि स्कूल मेें 429 छात्रों को प्रवेश दिया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी डा. रवि मित्तल, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण एसआर सिन्हा, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा अधिकारी भोलाप्रसाद चन्द्राकर सहित अन्य अधिकारी साथ थे। कलेक्टर ने कल मंगलवार को ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुमगांव का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्कूल शुरू होने से पहले स्कूल की आवश्यक जरूरी, मरम्मत एवं रंगाई-पोताई कर ली जाए। कलेक्टर ने स्कूल की जरूरी मरम्मत एवं अन्य जरूरी सुविधाओं होने वाले व्यय आदि के सम्बंध में भी जानकारी ली।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 6 जनवरी। जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में विधायक प्रतिनिधि द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ता की पिटाई का मामला सामने आया है।
घटना उस वक्त हुई जब कांग्रेस भवन में जनपद अध्यक्ष भागीरथी चंद्राकर के निधन पर एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी। घटना सामने आने के बाद कांग्रेस संगठन ने मामले को संज्ञान में लिया है। साथ ही इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था। इसके लिए कांग्रेस पदाधिकारी जुटे हुए थे। इसी दौरान विधायक प्रतिनिधि कांग्रेस भवन पहुंचा। यहां उसने नितेंद्र बेनर्जी नामक कार्यकर्ता की पिटाई शुरू कर दी।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से कांग्रेस भवन में मौजूद नेता भी चौंक गए। आखिरकार नेताओं ने उसको रोका और मामले की जानकारी संगठन और विधायक को दी गई। इधर, इस घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कार्रवाई की बात कही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर ने कहा कि ये गंभीर मामला है। इस तरह से कांग्रेस भवन के भीतर उक्त घटनाक्रम का होना गलत है। मामले को संज्ञान में लिया गया है और इस पर कार्रवाई करेंगे।
महासमुन्द, 6 जनवरी। छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग नवा रायपुर द्वारा सेवाकाल के दौरान दो शासकीय सेवक की मृत्यु होने पर महासमुन्द जिले के राजस्व विभाग के अंतर्गत कार्यरत् शासकीय सेवक के आश्रित परिवार के सदस्य को तृतीय श्रेणी में पटवारी के रिक्त पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है।
इनमें तहसील कार्यालय महासमुन्द में पदस्थ राजस्व निरीक्षक स्व. सुशील कुमार साहू की मृत्यु 16 अक्टूबर 2020 को होने पर उनके पुत्र विनय कुमार साहू को अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है। इसी तरह तहसील कार्यालय महासमुन्द में पदस्थ पटवारी स्व. जोहन राम धीवर की मृत्यु 26 नवम्बर 2019 को होने पर उनके पुत्र तुलेश कुमार धीवर को पटवारी पद के लिए अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है। इन दोनों की पदस्थापना कार्यालय कलेक्टर भू.अभिलेख शाखा महासमुन्द में किया गया है।
नागपुर से पहुंचे इंजीनियरों ने की गर्डरों की टेस्टिंग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 6 जनवरी। तुमगांव रेलवे फाटक में निर्माणाधीन ओवरब्रिज में इस्तेमाल होने वाले गर्डरों की टेस्टिंग कल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। नागपुर से पहुंची इंजीनियरों की टीम गर्डरों की टेस्टिंग कर रही है और गर्डरों की हर घंटे के टेम्प्रेचर पर बारीकी से नजर रख रही है।
बुधवार को 10 बजे गर्डरों की टेस्टिंग प्रोसेस खत्म हुई। अब टेस्टिंग में पास होने पर इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके बाद एनओसी लेने के लिए भी रिपोर्ट रेलवे को भेजी जाएगी। बता दें कि कल मंगलवार को नागपुर से पहुंचे इंजीनियर अरविंद गुप्ता और सुरेश वानखेड़े ने गर्डरों की टेस्टिंग शुरू की। उनके साथ प्रोजेक्ट मैनेजर अजीत दत्ता भी मौजूद रहे। कल मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह 10 बजे तक गर्डरों का टेम्प्रेचर लिया गया। हर घंटे टेम्प्रेचर को नोट किया गया। गर्डर को 128 टन लोड उठाने की क्षमता है। अभी उसके ऊपर 28 टन का लोड दिया गया है। अब इसे प्रूव के लिए रेलवे को भेजा जाएगा।
ओवरब्रिज के दोनों हिस्से को जोडऩे के लिए निर्माण कंपनी रेल मंडल के इंजीनियर की उपस्थिति में गर्डर के लिए पिलर पर सरिया और कांक्रीट से ज्वाइंट बनाया गया है। इसमें गर्डर को फिट कर बिठाया गया। गर्डर चढ़ाने से पूर्व ज्वाइंट बनाने का काम दोनों पिलरों पर चल रहा था। अब चूंकि गर्डर चढ़ाया जा चुका है ऐसे में ओवरब्रिज दोनों ओर से जुड़ गया है। इस तरह ब्रिज का मुख्य कार्य पूरा हो गया है।
सेतु निगम के इंजीनियर एलडी महाजन ने बताया कि बुधवार सुबह दस बजे टेस्टिंग खत्म हो गई है। इसके बाद रेलवे को प्रूव के लिए कहा जाएगा। हालांकि इसके पहले ही गर्डर एसेंबल करने का काम शुरू कर लिया जाएगा। इसके लिए निर्माण एजेंसी को निर्देशित कर दिया गया है। रात में चूंकि ट्रैफिक दबाव कम होता है। इसी वजह से रात भर गर्डर को चढ़ाने की टेस्टिंग की जाती रही। मालूम हो कि तुमगांव ओवरब्रिज बनाने का काम साल 2017 में शुरू किया गया था। इसे एक साल के अंदर 2018 में ही बनाने का टारगेट रखा गया था। तीन साल लेट होने के बावजूद भी आज तक इसका काम जारी है। हालांकि जिम्मेदार इसे इस साल तक बनाने की बात कह रहे हैं। लेकिन जानकारों की मानें तो अभी इस पुल को पूरा होने में कई सारी बाधाएं हैं। इसे इस साल पूरा होने पर अब भी संशय है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 6 जनवरी। कल स्थानीय सर्किट हाउस में अपरान्ह तीन बजे आयोजित एक प्रेसवार्ता में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि गिरदावरी सर्वे के नाम पर किसानों का रकबा कम करने वाली कांग्रेस सरकार खुद को किसानों की हितैषी बताती है। ये सरकार किसानों का रकबा कम करके, उनसे कम धान खरीदी करती है। खरीदी केंद्रों में बारदाना नहीं है और किसान अपना धान बेचने के लिए परेशान है। जबकि केंद्र सरकार किसानों के हितों का पूरा ध्यान रख रही है।
मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर महासमुन्द पहुंची हुई थी। इस दौरान आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान केंद्र सरकार द्वारा 9 हजार करोड़ रुपए दिए जाने सम्बंधी बयान को कांग्रेस द्वारा झूठा करार देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए प्रति क्विंटल 1865 रुपए और 350 रुपए प्रति क्विंटल हैंडलिंग चार्ज देती है। यदि वो कह रहे हैं कि ये झूठ है तो सामने आकर बोलें।
दिल्ली में जारी किसान आंदोलन पर उन्होंने कहा कि किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिलेगा, यह भ्रम है और सत्य से बहुत दूर है। नए कृषि कानून के साथ किसान भाईयों को खुली छूट है कि वे एमएसपी से अधिक दाम मिलने पर कहीं भी अपनी उपज बेच सकते हैं। उन्होंने कहा कि 15 साल भाजपा ने छत्तीसगढ़ को अच्छा शासन दिया। लेकिन कांग्रेस अपने वादों को पूरा नहीं कर पा रही है।
बेरोजगार युवाओं को भत्ता देने का वादा, पेंशन की राशि 1500 करने का वादा, शराबबंदी का वादा तो छोडि़ए, अब ये ऑनलाइन शराब बेच रहे हैं। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा प्रगति पर ध्यान देने वाली पार्टी है। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी, जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, सांसद चुन्नीलाल साहू, संगठन प्रभारी जगन्नाथ प्राणिग्रही, सरला कोसरिया उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बसना, 5 जनवरी। बसना ग्राम गढफ़ुलझर में शहीद गौतम पांडे (प्रधान आरक्षक) जन्म दिवस के अवसर पर सात वर्ष बाद उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया।
कार्यक्रम के विधायक देवेंद्र बहादूर सिंह मुख्य अतिथि एवं विशिष्ठ अतिथि के रूप में एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर एवं भूतपूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष तौकिर दानी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता तनवीर सईद, पूर्व माटीकला अध्यक्ष एवं नरेंद्र पांडे, अनंत सिंह पांडे, गढफ़ुलझर के सरपंच सुशीला मलिक, वैणुधर साहू, लक्ष्मीनारायण साहू, शिवलाल डडसेना, स्काउट-गाईड संघ बसना के अध्यक्ष नरेंद्र साव सुवर्धन प्रधान आदि उपस्थित रहे।
इस अवसर में सरायपाली एसडीओपी विकास पाटले बसना थाना प्रभारी लेखराम ठाकुर, बसना तहसीलदार ललिता भगत नायब तहसीलदार सुश्री सुशीला साहू, पुरूषोत्तम पांडे, लक्ष्मीनारायण पांडे, देवेंद्र कुमार पांडे, लिंगराज पांडे, जसवीर सिंह जटाल, परमानंद पांडे तथा गांव के अनेक विशिष्ठजन उपस्थित रहे। शहीद गौतम पांडे का इसी दिन जन्मदिवस के उपलक्ष्य में कंबल, बिस्किट तथा खाद्य भोजन भंडारा किया गया।
शहीद गौतम पांडे के परिजन अनंतराम पांडे माता सुशीला पांडे, पत्नी गायत्री पांडे एवं उनकी पुत्री मीनाक्षी, रंजना, मंजुलता के अलावा लिलेश्वर ने ग्राम में वृद्ध एवं जरूरतमंद 25 परिवारों को कंबल बांटे। साथ ही पुलिस विभाग ने वहां उपस्थित बच्चों को बिस्किट एवं अन्य सामग्री का वितरण किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 5 जनवरी। स्थानीय कृषि उपज मंडी में धान की आवक नहीं होने से नीलामी फिर से बंद हो गई।
ज्ञात हो कि ‘छत्तीसगढ़’ द्वारा व्यवसायियों द्वारा सौदा पत्रक काटने के संबंध में लगातार खबर प्रकाशन के बाद प्रशासन हरकत में आया था और किसानों का धान मंडी में ही नीलाम करवाया गया था। जिससे प्रतिस्पर्धा में किसानों को धान की कीमत 1300 से बढक़र 1380 तक मिलने लगी थी।
मंडी में प्रतिस्पर्धा आवश्यक-प्रेमलाल
इधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवम पूर्व पार्षद प्रेम लाल सिन्हा ने मंडी की व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि मंडी में किसानों का धान नीलाम के माध्यम से ही बिकवाया जाना चाहिए।मंडी अधिकारी अपनी मनमानी के चलते नीलामी न करवा कर सौदा पत्रक के नियम का दुरुपयोग करने उतारू है। जिससे किसानो का जमकर शोषण हो रहा है। सहकारी समिति में वर्तमान सरकार बहुत ही ईमानदारी से किसानों का धान अपने वायदे के अनुरूप खरीद रही है।कांग्रेस शासन में किसान आराम से निर्धारित मात्रा में अपनी फसल बेच रहे है।
इधर सरकारी धान खरीदी केंद्र में इस सप्ताह खरीदे गए धान का उठाव धीमा होने से अब कभी भी जगह की समस्या हो सकती है।अब तक समिति के माध्यम से कुल 27 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।जिसमे अब तक मात्र 13 हजार क्विंटल धान का ही परिवहन हुआ है। केंद्र प्रभारी रामकृष्ण मने के अनुसार खरीदी के बाद तुरंत चेक दिया जा रहा है। परन्तु किसानों के अनुसार उनके खाते में रुपये जमा होने में 20 दिन का समय लग रहा है।
प्रतिदिन 500 से 1000 क्विंटल
मंडी निरीक्षक सुधीर श्रीवास्तव के अनुसार वर्तमान में धान की मूल्य वृद्धि के साथ आवक मात्रा में भी वृद्धि हुई है। पूर्व में 200 से 300 क्विंटल प्रतिदिन की आवक के मुकाबले अब प्रतिदिन 500 से 1000 क्विंटल तक की आवक हो रही है। अब सौदा पत्रक भी 1350 मोटा एवं 1450 रुपये पतला धान का काटा जा रहा है। धान मंडी में नहीं आने के पीछे का कारण बताया गया कि किसान स्वयम ही व्यवसायियों से अपनी उपज का सौदा कर लेते है। इसके बाद मंडी से उन्हें सौदा पत्रक जारी कर दिया जाता है। मंडी में धान लाने की मनाही नहीं है परन्तु किसान स्वयं ही मंडी से बाहर व्यवसायी से सौदा कर रहे हैं। जिससे कि नियनानुसार मंडी शुल्क जमाकर सौदपत्रक जारी किया जाता है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी मंगलवार को प्रात: 11 बजे महासमुंद पहुंची। एक दिवसीय इस प्रवास के दौरान उन्होंने भाजपा कार्यालय में प्रदेश के पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक ली। इस बैठक में भाजपा के सभी प्रमुख पदाधिकारियों और कोर ग्रुप के नेताओं से उनके काम की समीक्षा की। कोर ग्रुप की बैठक के बाद जिले के 18 मंडल के अध्यक्ष और महामंत्रियों की बैठक हुई।
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश प्रभारी सुबह 10 बजे खरोरा पहुंची जहां युवा मोर्चा की टीम ने उनका स्वागत किया। यहां से बाइक रैली के जरिए उन्हें दीनदयाल उपाध्याय चौक लाया गया। दीनदयाल चौक में प्रदेश प्रभारी पं. दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर वे वे पार्टी कार्यालय पहुंची।
जिला मीडिया प्रभारी महेंद्र जैन ने बताया कि प्रदेश प्रभारी ने सुबह 10.30 से 12 बजे तक वे प्रदेश के पदाधिकारी और कोर ग्रुप के सदस्य, भाजपा के सभी पदाधिकारी, सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक की बैठक ली।
दोपहर 12 से 1.30 बजे तक जिले के सभी 18 मंडल के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों की बैठक ली। दोपहर 1.30 बजे सर्किट हाउस में लंच कियाऔर दोपहर 3 बजे वे दोबारा पार्टी कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बैठक ली। समाचार तैयार करते वक्त शाम के सवा चार बजे थे और वे तुमगांव मंडल के लिए रवाना हो रही थीं।
पिथौरा, 5 जनवरी। स्थानीय पुलिस थाना के सामने नवनिर्मित शहीद स्मारक में प्रत्येक मंगलवार को वृहद साफ सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में बड़े व्यवसायी भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते है।
क्षेत्र के कुछ व्यवसायी एवम समाजसेवियों द्वारा स्थानीय पुलिस थाना के सामने बनवाये गए शहीद स्मारक की मंगलवार अवकाश का समय साफ सफाई कर बिता रहे है। इस दौरान युवक स्मारक की सफाई किसी मंदिर की तरह पूरी श्रद्धा से करते दिखते है। इस मार्ग पर चलने वाले लोग शहीदों के प्रति नगर जनों का समर्पण देकर वे भी सिर झुका कर शहीदों को प्रणाम करते देखे जा सकते है। नि:शुल्क नि:स्वार्थ सामूहिक इस सेवा से इस मार्ग से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति अभीभूत हो जाता है।
मंगलवार के दिन सुबह से ही नगर के युवकों में गुरुदीप चावला, रितेश मोहंती,सुरेंद्र पांडे ,लक्ष्मी मोहंती ,मयंक पांडे ,सेखर नायडू ,मुकेश गुप्ता ,पुलिस थाना से भी दो आरक्षक साफ सफाई कार्य मे जुटे दिखे।
महासमुन्द, 5 जनवरी। जिले में सोमवार को 43 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। इसी तरह 75 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं और एक की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार महासमुन्द ब्लॉक में सोमवार को 20, बागबाहरा में 10, पिथौरा में 5, बसना से 5 और सरायपाली से 3 संक्रमितों की पहचान हुई है। जिले में अब तक कुल 8538 संक्रमित की पहचान हो चुकी है।
वहीं 8082 कोरोना संक्रमित अब तक पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में 123 संक्रमितों ने दम तोड़ा है। अब एक्टिव केस की संख्या 333 हो गई है। सोमवार को आरटीपीसीआर से 43 लोगों की जांच की गई। जिसमें से 18 कोरोना संक्रमित मिले। वहीं ट्रू नॉट से 79 लोगों का टेस्ट किया गया, जिसमें एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं निकला। वहीं रैपिड एंटीजेन से 427 की जांच की गई, जिसमें 25 कोरोना संक्रमित निकले।
एक्टिव केस में 264 मरीज अपना इलाज होम आइसोलेशन में रहकर करवा रहे हैं। वहीं सिर्फ 69 ही जिले के कोविड अस्पताल और कोविड सेंटर में रहकर इलाज करवा रहे हैं।
किसानों से की बात, कामकाज देखा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 5 जनवरी। पदभार ग्रहण करने के कुछ देर बाद ही कलेक्टर डोमन सिंह जिले में हो रही धान खरीदी की समीक्षा की। कलेक्टर ने कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों, खाद्य अधिकारियों, जिला विपणन अधिकारी और मंडी सचिव की बैठक लेकर अब तक की गई धान खरीदी की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद उन्होंने महासमुन्द और बागबाहरा विकासखंड के धान खरीदी केन्द्र मामा.भांचा, चरौदा एवं खोपली का निरीक्षण किया और चल रही धान खरीदी की कार्यवाही देखी। उन्होंने खोपली धान खरीदी केन्द्र में डिजिटल नमी मापी यंत्र से धान की नमी जांचा। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र में किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं पूछी। उन्होंने किसानों से बेचे गए धान के भुगतान की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उनके बेचे गए धान का भुगतान हो गया है।
मामा भांचा धान खरीदी केन्द्र में एक किसान ने कलेक्टर को बताया कि उनका अभी भुगतान नहीं हुआ है। कलेक्टर ने सम्बंधित अधिकारियों को समय-सीमा बैठक में भुगतान की सम्बंध में वस्तुस्थिति बताने की बात कही। कलेक्टर ने किसानों को बताया कि राज्य सरकार द्वारा भुगतान समय पर किया जा रहा है। कुछ तकनीकी कारणों से विलम्ब हो सकता है। राज्य शासन के साथ जिला प्रशासन भी किसानों को कोई तकलीफ या समस्या न हो इस बात का पूरा प्रयास कर रहा है। बैठक में और निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर जोगेन्द्र कुमार नायक, एसडीएम सुनील कुमार चन्द्रवंशी, एसडीएम बागबाहरा भागवत जायसवाल, जिला खाद्य अधिकारी नीतिश त्रिवेदी, सहायक खाद्य अधिकारी अनिल जोशी, संजय शर्मा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि धान खरीदी केन्द्र और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। धान खरीदी केन्द्रों के निरंतर मॉनिटरिंग भी करते रहे। जिले में धान खरीदी के लक्ष्य और अब तक की गई धान खरीदी और उठाव की जानकारी ली। जिला खाद्य अधिकारी नीतिश त्रिवेदी ने बताया कि जिले में 130 समितियांए 138 धान उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीदी की जा रही है। आगामी दिनों के लिए धान खरीदी की कार्य योजना बनाई गई है, जिसे लेकर लक्ष्य पूरा किया जाएगा। कलेक्टर डोमन सिंह पदभार संभालने के बाद बागबाहरा पहुंचे। उन्होंने एसडीएम और तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया। कर्मचारियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों को देखा। उन्होंने कर्मचारियों से लम्बित प्रकरणों की भी संक्षिप्त जानकारी ली।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 5 जनवरी। महासमुन्द जिले के नवागत कलेक्टर डोमन सिंह ने छत्तीसगाढ़ से हुई बातचीत में कहा है कि जिले में नरवा, गरवा, घुरवा, बारी योजना को संजीदगी के साथ गांवों में प्रसारित कर इसे ही ग्रामीणों की आय का माध्यम बनाया जाएगा। इसमें रोजगार के अवसर आएंगे और लोगों को काम मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अभी स्कूलें बंद हैं फिर भी बच्चों की शिक्षा की ओर वृहद कदम उठाए जाएंगे। राज्य सरकारी की ओर जारी तमाम योजनाओं को जिले में संचालित करते हुए यहां के नागरिकों को आर्थिक, सामाजिक रूप से मजबूत बनाया जाएगा।
नियमों के परिपालन कराने के लिए अधिकारियों की टीम हमेशा मुस्तैद रहेगी। स्वास्थ्य सहित अन्य योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी के साथ मिलजुल कर जिले में विकास के काम को अंजाम दिया जाएगा। अभी कोरोना का वार समापत नहीं हुआ है। लिहाजा कोरोना गाईडलाईन का पालन करते हुए जिले में सारे काम होंगे।
बता दें कि कल सोमवार को पूर्वान्ह में जिला अधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने काम-काज संभाला। इस मौके पर अपर कलेक्टर जोगेन्दर नायक, एसडीएम महासमुन्द और एसडीएम बागबाहरा सुनील कुमार चन्द्रवंशी, भागवत जायसवाल, डिप्टी कलेक्टर सीमा ठाकुर, ऋतु हेमनानी, पूजा बंसल सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। श्री सिंह इससे पहले जिला गौरेला-पेण्ड्रा मारवाही के कलेक्टर थे। कलेक्टर डोमन सिंह ने पूर्व कलेक्टर कार्तिकेया गोयल से उनके बंगले पर जाकर मुलाकात की।
वैक्सीन वितरण के लिए 20 बूथ, 91 सेंटर बनाए गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 5 जनवरी। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 15 जनवरी से पहले वैक्सीनेशन शुरू होने की संभावना जताई है। जिले में वैक्सीनेशन के लिए 91 सेंटर बनाए गए हैं। वहीं वैक्सीन वितरण के लिए 20 बूथ जिले में बनाए गए हैं।
सोमवार को जिला अस्पताल में वैक्सीन लगाने को लेकर एक मॉकड्रिल किया गया। वैक्सीनेशन के दौरान होने वाली कमियों को जल्द दूर करने पर चर्चा की गई। नए कलेक्टर डोमन सिंह ने भी वैक्सीन मॉकड्रिल को देखा। इस दौरान सीएमएचओ एनके मंडपे, मनौवैज्ञानिक डॉ. छत्रपाल चंद्राकर, डीपीएम रोहित वर्मा, कोरोना नोडल अधिकारी अनिरूद्ध कसार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। जिले में कोरोना वैक्सीन रखने के लिए कोल्ड चेन सेंटर की व्यवस्था की जा चुकी है।
वहीं दूसरी ओर टीका लगाने वाली टीमों का गठन भी कर लिया गया है। जिले में वैक्सीनेशन के लिए 91 सेंटर बनाए गए हैं, जहां लोगों को वैक्सीन दिए जाएंगे। वहीं वैक्सीन वितरण के लिए 20 वितरण केंद्र जिले में बनाए गए हैं। यहीं से वैक्सीन जरूरत के हिसाब से सेंटरों में पहुंचाया जाएगा। शासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीनेशन के लिए पूरी तरह से तैयार रहने के लिए कहा गया है। जिला सीएमएचओ एनके मंडपे ने कहा है कि वैक्सीनेशन को लेकर सोमवार को मॉकड्रिल किया गया। इसमें मिली खामियों को दूर की जाएगी। दो-तीन दिन में होने वाले ड्राई रन में भी इसका फायदा देखने को मिलेगा।
वैक्सीन लगाने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। ब्लॉक मुख्यालयों के स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचकर बीएमओ व अन्य संबंधित अफसरों को निर्देश दिए गए हैं। हर दिन बैठक में इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। पहले चरण में जिले के 8,977 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इनमें सभी सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टर-कर्मचारी के साथ ही महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारी और नगर पालिका के सफाई कर्मचारी शामिल हैं। टीकाकरण के लिए टीम गठित कर दी गई है। इस टीम में वहीं स्टाफ हैं, जो पहले भी 9 तरह के टीकाकरण करता आ रहा है। ब्लॉकवार स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीनेशन के साथ अन्य सभी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। वैक्सीन मिलते ही जिले में इसे लगाने का काम तेजी से शुरू हो जाएगा।
वैक्सीन सबसे पहले सीएमएचओ दफ्तर के बगल में बने डीवीएस डिस्ट्रिक्ट वैक्सीन स्टोर में रखी जाएगी। इसके बाद इसे जिले के विभिन्न ब्लॉकों के सीएचसी और पीएचसी भेजी जाएगी। वैक्सीन को दो से 8 डिग्री सेल्सियस में रखी जाएगी। इसके लिए केेंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की तरफ से वैक्सीन सेंटर को चार आईएलआर मिलेंगे। सभी जल्द पहुंच जाएंगे। सेंटर में 48 हजार कोरोना वैक्सीन डोज रखने की क्षमता है। वैक्सीन लगाने के बाद किसी को साइड इफेक्ट तो नहीं हो रहा है, इसका पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग टीम का गठन करेगी। यह वैक्सीन लगाने वालों का मॉनिटरिंग करेगी कि वैक्सीन लगाने के बाद किसी को कोई परेशानी तो नहीं आ रही है। इसके अलावा सभी ब्लॉकों में एक अतिरिक्त एम्बुलेंस भी रिजर्व रहेगी, जो वैक्सीन लगाने वालों को साइड इफेक्ट होने पर तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचेगी।
कोविड पोर्टल से ही लाभार्थी को एसएमएस के माध्यम से सूचना मिलेगी कि उसको किस दिन और कहां पर कोविड वैक्सीन दी जाएगी। इसके लिए पोर्टल पर डेटा फीडिंग का कार्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा तेजी से किया जा रहा है। कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सब कुछ ठीक रहा तो यह संभावना है कि 15 जनवरी से पहले कोविड वैक्सीनेशन शुरू हो सकता है।
जिला टीकाकरण अधिकारी अरविंद गुप्ता ने कहा कि पहले फेज में स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। सूची तैयार कर ली गई है। एक सेंटर पर 91 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस तरह पहले फेज के सभी 8,977 लोगों को एक ही दिन में टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। टीका लगाने के बाद आधे घंटे तक वैक्सीनेशन सेंटर में बैठना जरूरी होगा। साइड इफेक्ट नहीं दिखने पर ही जाने की अनुमति दी जाएगी।
महासमुन्द, 5 जनवरी। कलेक्टर डोमन सिंह के निर्देशानुसार कल राजस्व एवं खाद्य विभाग की टीम ने जिले में 3 प्रकरणों पर 120 बोरा धान अर्थात् 48 क्विंटल धान जप्त किए गए।
प्राप्त जानकारी अनुसार इनमें बागबाहरा तहसील के ग्राम चिरमकेल निवासी श्रीदुबे से 50 बोरी धान, पिथौरा तहसील के ग्राम तिलंजनपुर निवासी सुदामा पटेल से 40 बोरी धान एवं तहसील सरायपाली के ग्राम परेवापली निवासी बिहारी नायक से 30 बोरी धान जप्त कर उचित कार्यवाही किया गया।
अब तक जिले में कुल 179 प्रकरण दर्ज किए गए हैं जिनमें 9268 बोरा धान अर्थात् 3707.2 क्विंटल धान की जब्ती की गई है। इनमें 10 वाहन भी शामिल हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 5 जनवरी। गवर्नमेंट एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने आरक्षण विहीन पदोन्नति पर रोक. पिंगूआ कमेटी को रत्न प्रभा कमेटी अध्ययन करने कर्नाटक भेजने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 5 जनवरी को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा।
संगठन के प्रांताध्यक्ष कृष्णकुमार नवरंग ने बताया कि पदोन्नति में आरक्षण की पुन: बहाली सहित एकलव्य व स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय में कर्मचारियों व शिक्षक भर्ती में आरक्षण युक्त नियमित पद की भर्ती सहित छग लोकसेवा सीधी पदोन्नति, अनुसूचित जाति, जनजाति के लिए आरक्षण, नियम 1994 के धारा 6 में संशोधन कर आरक्षण नियम के विपरीत कार्य करने वाले नियुक्ति प्राधिकारी की सजा 7 साल 50 हजार जुर्माना का प्रावधान सहित बेकलॉग पदों की भर्ती के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने की मांग को लेकर तीन चरणों में आंदोलन करेंगे।
आंदोलन के प्रथम चरण में अनु जाति व जनजाति, पिछड़ा वर्ग के अधिकारी व कर्मचारी 5 जनवरी को 2 बजे सभी जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष भोलाराम मरकाम ने कहा कि आंदोलन दूसरे चरण में संभाग स्तर पर 12 जनवरी को बस्तर, 18 जनवरी को बिलासपुर, 21 जनवरी को दुर्ग व अंत में 3 फरवरी को प्रांत स्तर में धरना बूढ़ातालाब रायपुर में प्रदर्शन किया जाएगा। संघ के जिला प्रवक्ता संतराम कुर्रे ने बताया कि आंदोलन को सफल बनाने सभी पदाधिकारियों को जिला स्तर पर बैठक कर दौरा करेंगे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 5 जनवरी। हमर पुलिसए हमर संग अभियान के तहत महासमुन्द पुलिस ने अनूठी पहल शुरू की है। एसपी प्रफुल्ल ठाकुर सोमवार को साइकिल से कंंट्रोल रूम महासमुंद से ग्राम खट्टी, लभराकला, डुमरपाली, तुसदा, खुंटेरी, आमाकोनी, खम्हरिहाए डुमरडीहए कोकनाझर होते हुए नक्सल प्रभावित क्षेत्र पहुंचे।
इस दौरान एसपी ने नक्सल प्रभावित ग्राम मातरबाहरा में पुलिस विभाग द्वारा स्वीकृत रंगमंच का भूमिपूजन किया। रास्ते में पडऩे वाले गांवों में एसपी ने ग्रामीणों को नशा मुक्त रहने तथा यातायात नियमों के पालन करने की समझाइश देते रहे। वहीं साइबर अपराध व अन्य अपराध के प्रति जागरूक किया। एसपी ने थाना कोमाखान के नक्सल प्रभावित टुहलू चौकी क्षेत्र में साइकिल पेट्रोलिंग नक्सल गश्त सर्चिंग किया।
दूरस्थ नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम मातरबाहरा पहुंचकर पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा स्वीकृत रंगमंच निर्माण का भूमिपूजन किया। गांव में हमर पुलिस हमर संग कार्यक्रम कर ग्रामीणों को साइबर क्राइम, ऑनलाइन ठगी, एटीएम फ्रॉड, यूपीआई पिन ठगी से बचने जागरूक किया। वहीं ग्रामीणों को पुलिस मित्र बनने के लिए प्रोत्साहित किया। एसपी ने गांव में नक्सल गतिविधियां होने पर तत्काल जानकारी देकर नक्सल उन्मूलन में सहयोग करने की अपील की। गांव के वरिष्ठ नागरिकों को श्रीफल व शॉल देकर सम्मानित किया। वहीं बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्हें कॉपी, पेन, बिस्टिक, चॉकलेट बांटे। इस दौरान एसडीओपी नारद सूर्यवंशी, लितेश सिंह, सौरभ सुमन, नितिश नायर, दीपा केंवट, उमाकान्त तिवारी, लक्ष्मीनारायण साहू समेत अनेक पुलिसकर्मी शामिल थे।
कहा- सूचना के अधिकारी को हथियार बना हर महीने लेता रहा दस हजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 5 जनवरी। बीते वर्ष 2005 से चल रहे ब्लैकमेलिंग में लाखों लुटाने के बाद त्रस्त होकर रविवार को जिला शिक्षा कार्यालय में अधिकारी रहे अजय विश्वास ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के किसान नेता ललित चंद्रनाहू के खिलाफ धारा 384 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक त्रिमूर्ति कॉलोनी वार्ड नंबर 16 निवासी अजय विश्वास जिला शिक्षा कार्यालय में पदस्थ हंै। रविवार को उन्होंने ललित चन्द्रनाहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए जानकारी दी है कि सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत उसे व्यक्तिगत व शासकीय कार्यों का दबाव बना कर ब्लैकमेल कर हर महीने 10 हजार रुपए की डिमांड करता था।
प्रार्थी का आरोप है कि ललित चन्द्रनाहू उसे साल 2005 से व्यक्तिगत मानसिक, शारीरिक तौर से परेशान कर रहा है।
ललित चन्द्रनाहू किसान मजदूर संघ छत्तीसगढ़ रायपुर के फर्जी लेटरपैड में संयोजक के पद का उपयोग कर हर साल उसके व्यक्तिगत व पारिवारिक जीवन के कर्तव्यों के खिलाफ हमेशा कुछ न कुछ झूठी व अनर्गल शिकायत करता रहा। पीडि़त ने ललित चन्द्रनाहू पर आरोप लगाया है कि किसान मजदूर संघ छत्तीसगढ़ में फर्जी संयोजक बनकर आए दिन प्रत्येक शासकीय कार्यालयों, कलेक्टर कार्यालय से लेकर सोसायटी, प्राइवेट संस्थाओं मे वर्षवार हुए आवंटन और व्यय आदि से सम्बंधित जानकारी की सूचना के अधिकार के तहत मांगता रहा।
अधिकारी-कर्मचारियों के साथ सेटिंग कर दबाव बनाकर ब्लैकमेलिंग कर रुपए की मांग की जाती रही। साल 2005 से ललित चन्द्रनाहू ने सूचना के अधिकार का प्रयोग कर फर्जी संघ का लेटरपैड लेकर हर महीने दस हजार रुपए लेता रहा। नहीं देने पर नौकरी से निकलवाने की धमकियां भी देता रहा।
महासमुन्द, 5 जनवरी। जनपद अध्यक्ष भागीरथी चन्द्राकर के निधन पर संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चन्द्राकर ने गहरा शोक जताया है।गौरतलब है कि जनपद अध्यक्ष भागीरथी चन्द्राकर कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और उनका उपचार रायपुर हॉस्पिटल में चल रहा था। उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। संसदीय सचिव श्री चन्द्राकर ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से पार्टी को गहरी क्षति हुई है इसकी भरपाई मुश्किल है। उन्होंने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 4 जनवरी। महासमुन्द जनपद पंचायत के अध्यक्ष भागीरथी चंद्राकर का कोरोना से निधन हो गया है। उन्हें बीते 29 दिसम्बर को ही कोरोना पॉजिटिव होने के कारण रायपुर के एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान आज तडक़े चार बजे उनका निधन हुआ।
वे महासमुन्द जिला मुख्यालय के निकट ग्राम मुड़मार के निवासी थे। मुड़मार स्थित उनके निवास स्थान में कांग्रेसजनों, गांववालों तथा परिजनों की मौजूदगी में दोपहर 2 बजे अंतिम संस्कार हुआ। गौरतलब है कि भागीरथी चंद्राकर कांग्रेस के दिग्गजों में से एक थे और जनपद पंचायत में दूसरी बार वे अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। वे तीन बार जनपद सदस्य चुने गए थे।
महासमुन्द, 4 जनवरी। डिजिटल युग में सोशल मीडिया का बेहतर तरीके से उपयोग करने को लेकर रविवार को कांग्रेस भवन में एक सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें मौजूद संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने सोशल मिडिया में अधिक से अधिक युवाओं को जुडऩे का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया वर्तमान समय में समाज में सूचना के व्यापक संचार का सबसे लोकप्रिय माध्यम बन चुका है। जिसके फलस्वरूप पूरे दुनिया के सामाजिक स्तर, संस्कृति, विस्तार और विकास पर अलग किस्म का बदलाव दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया समाज में बदलाव का बड़ा प्लेटफार्म है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर ढिल्लो, नगरपालिका की नेता प्रतिपक्ष राशि महिलांग, संजय शर्मा, तारा चन्द्राकर, खिलावन बघेल, गौरव चन्द्राकर, हीरा बंजारे, दिलीप चन्द्राकर, अमन चन्द्राकर, बबलू हरपाल, राजेश नेताम, विजय साव, देवेन्द्र चन्द्राकर, सुरेश द्विवेदी, नितेन्द्र बेनर्जी, अब्दुल जावेद, किशन देवांगन, सचिन गायकवाड़, जब्बर चन्द्राकर, निर्मल जैन, नारायण नामदेव आदि मौजूद थे।
महासमुन्द, 4 जनवरी। प्रदेश भाजपा की अनुशंसा पर वरिष्ठ भाजपा नेता राजू बाघमारे को अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश कार्य समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।
उनकी नियुक्ति पर पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, संगठन मंत्री पवन साय, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद चुन्नीलाल साहू, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया, नवीन मारकंडे, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, जिलाध्यक्ष रुपकुमारी चौधरी, इंद्रजीत सिंह गोल्डी, प्रकाश चंद्राकर, चंद्रहास चंद्राकर, संदीप दीवान ने बधाईयां दी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 4 जनवरी। थाना प्रभारी सरायपाली निरीक्षक वीणा यादव एवं स्टाफ द्वारा 31 दिसम्बर को सबमर्शिबल पम्प चोरी करने के संदेह में आरोपी शशिभूषण बारिक ( 21 वर्ष) ग्राम बडेपंधी, अजीत कुमार भोई (21 वर्ष) ग्राम जोगनीपाली तथा राजिम कंद (20 वर्ष) ग्राम बडेंपधी को गिरफ्तार किया है।
तीनों पर आरोप है कि ये विभिन्न स्थानों से बोरवेल में लगे सबमर्शिबल पम्प चोरी करते हैं। इनके पास से कुल 3 नग सबमर्शिबल पम्प कीमती करीबन 23 हजार रुपए, 100 फिट केबल वायर कीमती 500 रुपये को जब्त कर तीनों आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेजा गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 4 जनवरी। तुमगांव रेलवे फाटक में निर्माणाधीन ओवरब्रिज में गर्डर चढ़ाने के दौरान रेल यातायात बाधित करने मंडल को पत्र भी भेज दिया गया है। यहां लोहे के 18 गर्डरों को एसेंबल करने का काम भी अंतिम चरण में है।
ओवरब्रिज के दोनों हिस्से को जोडऩे के लिए निर्माण कंपनी रेल मंडल के इंजीनियर की उपस्थिति में गर्डर के लिए पिल्हर पर सरिया और कांक्रीट से ज्वाइंट बन रहा है। इसमें गर्डर को फिट कर बिठाया जाएगा। गर्डर चढ़ाने से पूर्व ज्वाइंट बनाने का काम दोनों पिलरों पर चल रहा है। बता दें कि गर्डर चढ़ाए जाने के बाद ओवरब्रिज दोनों ओर से जुड़ जाएगा और ब्रिज का मुख्य कार्य पूरा हो जाएगा। अभी मुख्य काम गर्डर चढ़ाने का है। वहीं सेतु निगम के इंजीनियर एलडी महाजन ने बताया कि आज दोपहर तक नागपुर और दिल्ली से विशेषज्ञ इंजीनियर टीम कार्यस्थल जाकर स्थिति को देखेगी। यातायात बाधित करने संबलपुर रेलवे डिविजन को पत्र भेज दिया गया है। इसके पहले ही गर्डर एसेंबल करने का काम शुरू कर लिया जाएगा। इसके लिए निर्माण एजेंसी को निर्देशित कर दिया गया है। रात में ट्रैफिक दबाव कम होने पर ही गर्डर को चढ़ाने की टेस्टिंग की जाएगी।
मालूम हो कि इस ओवरब्रिज की कुल लंबाई 626.240 मीटर है। यह महासमुन्द की ओर 154 मीटर, तुमगांव की ओर 132 और रेलवे भाग में 75.440 मीटर लंबा है। इसकी रिटर्निंग वॉल की कुल लंबाई 214.800, महासमुन्द की ओर 116.900 और तुमगांव की ओर 97.900 मीटर, वैली कर्व का कुल भाग 50.000 मीटरए महासमुन्द की ओर 25 और तुमगांव की ओर 25 मीटर है। पुल की चौड़ाई 14.800 मीटर है। पूर्व में ठेके की राशि 3706.92 लाख के साथ 30 अप्रैल 2017 से कंपनी को कार्यादेश मिला है। पुल निर्माण पूर्ण करने का समय 29 अप्रैल 2018 था। पुल के रेलवे भाग में 75.440 मीटर पुल पर 18 गर्डर लगेंगे। रेलवे भाग में पुल की लंबाई 75.440 मीटर है। इसे जोडऩे के लिए 18 मीटर के 12 व 36 मीटर के 6 गर्डर लगाए जाएंगे। ये सभी गर्डर उरला प्लांट रायपुर से तैयार हो कार्य स्थल पर आ गए हैं। तुमगांव की ओर व महासमुन्द की ओर 18 मीटर के 6-6 गर्डर लगाए जाएंगे। गर्डर चढ़ाने के लिए कंपनी की अलग टीम आएगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 4 जनवरी। संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने नगर पंचायत तुमगांव में 94.23 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। जिसमें 37.59 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 56.64 लाख के भूमिपूजन के कार्य शामिल हैं।
रविवार को नगर पंचायत तुमगांव द्वारा विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन समारोह का आयोजन किया गया था। जिसके मुख्य अतिथि संसदीय सचिव चंद्राकर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि सुनील शर्मा, उपाध्यक्ष पप्पू पटेल, ओमप्रकाश यादव, नजरुदीन भाठी, कपिल साहू, जब्बर चंद्राकर, विजय बांधे, गजेंद्र साहू, गौतम सिन्हा, महेश्वरी शिवप्रसाद धीवर, धर्मेंद्र यादव, सरस्वती रामानंद मूर्ति, नीरा साहू, केके साहू, अन्नपूर्णा निर्मलकर, गजेंद्र, शैलेंद्र गोलू, उमा देवी दादूराम नायक, गंगाप्रसाद धीवर, मानसिंग गोड़, हर्ष शर्मा, सलीम भाठी, थानूराम साहू मौजूद थे।