छत्तीसगढ़ » राजनांदगांव
कलेक्टर ने पोल्ट्री परिवहन पर लगाई रोक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 जनवरी। पड़ोसी जिला बालोद में बर्ड फ्लू फैलने के बाद राजनांदगांव जिले की सीमाएं सील कर दी गई है। कलेक्टर टीके वर्मा ने हालात सामान्य होने तक मुर्गियों और अंडों की परिवहन पर रोक लगा दी है। ट्रांसपोर्टिंग बंद होने से चिकन के कारोबार पर विपरीत असर पड़ा है। बताया जा रहा है कि बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद बालोद जिले के सैकड़ों मुर्गियों को जमींदोज कर दिया गया है। राजनांदगांव में अब तक बर्ड फ्लू से निपटने के लिए एहतियातन प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बालोद जिले के ग्राम गिधाली के एक पोल्ट्री फार्म में मृत मुर्गियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि की गई थी। प्रदेश सरकार के निर्देश पर नांदगांव जिले में विशेष सतर्कता बढ़ाई गई है। पशु विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पूरी तरह से अलर्ट रहने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
राजनांदगांव जिले में 121 पोल्टी फार्म पर भी रखी जा रही है। कुछ दिन पहले डोंगरगढ़ क्षेत्र में मुर्गियों की संदिग्ध मौत होने के बाद उनका सैम्पल जांच कराया गया था। जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। पड़ोसी जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद नांदगांव जिले में भी विशेष सतर्कता बढ़ाई गई है। सीमा पर भी निगरानी के लिए रैपिड रेस्पांस टीम को अलर्ट किया गया है। वहीं नांदगांव जिले से मुर्गियों की ट्रांसपोर्टिंग पर भी रोक लगाई गई है। पोल्ट्री फार्म संचालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पशु विभाग के चिकित्सक भी नियमित रूप से पोल्ट्री फार्म केंद्रों का जायजा ले रहे हैं।
राजनांदगांव, 16 जनवरी। नगर निगम द्वारा फरहद चौक के पास रेवाडीह की शासकीय भूमि में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत 11 दुकान का निर्माण किया गया है। उक्त दुकान के संबंध में शकुंतला चौबे ध.प. स्व. दिनेश चौबे द्वारा निजी भूमि में दुकान बनाए जाने की शिकायत की गयी थी। जिसके लिए तहसीलदार द्वारा गठित संयुक्त दल द्वारा मौका जांच किया गया। जिसमें निगम सीमाक्षेत्र के शासकीय भूमि पर दुकान निर्माण पाया गया।
उक्त जानकारी देते निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि निगम द्वारा मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत फरहद चौक के पास रेवाडीह की शासकीय भूमि पर मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत 11 दुकानों का निर्माण किया गया है।
उक्त निर्मित दुकान फरहद की निजी भूमि पर निर्मित होने की शिकायत शकुंतला चौबे द्वारा की गयी। शिकायत में उक्त दुकान का निर्माण भूमि ग्राम रेवाडीह एवं ग्राम फरहद तहसील व जिला राजनांदगांव में ग्राम फरहद स्थित भूमि खसरा क्र. 28/1 रकबा 0838 हे. भूमि में निर्माण होने का उल्लेख किया गया था। शिकायत की जांच के लिए तहसीलदार राजनांदगांव द्वारा जांच दल गठित किया गया।
आयुक्त श्री कौशिक ने बताया कि संयुक्त जांच दल द्वारा मौका जांच किया गया। जिसमें उक्त दुकान ग्राम रेवाडीह की शासकीय भूमि खसरा क्र. 514/2 पर निर्मित पाया गया। जिससे नाप कर बताया गया। मौका पर टीम के साथ निगम की ओर से उप अभियंता दिलीप मरकाम, प्र. पटवारी मिलिन्द रेड्डी एवं शिकायतकर्ता की ओर से खुशीकांत शर्मा उपस्थित थे। सभी के सामने भूमि का नाप किया गया, जो निगम सीमाक्षेत्र के शासकीय भूमि पर दुकान निर्माण पाया गया।
राजनांदगांव, 16 जनवरी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य व अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी सदस्य क्रांति बंजारे ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा सत्ता सरकार जाने से बौखला गई है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी और विकास में पूर्ण भूमिका कांग्रेस ने निभाई है। कांग्रेसियों ने हमेशा भारत माता की सेवा की है और भारत मां को खून-पसीना से सींचा व बलिदान देकर भारत को आजादी दिलाई है।
क्रांति बंजारे ने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष को याद होना चाहिए, उन्हीं के शासनकाल में कांग्रेस के दर्जनों नेता छत्तीसगढ़ महतारी के लिए शहादत हुए हैं। कांग्रेसियों को मां के दूध पीने का तंज कसने वाले भाजपा अध्यक्ष को बेतुकी बयानबाजी नहीं करना चाहिए।
आगे कहा कि देश के किसान दिल्ली बार्डर पर महीनों से बैठे हुए हैं। कई किसानों की शहादत अब तक हो गई है और केंद्र सरकार किसानों से बात करने सामथ्र्य तक नहीं जुटा पाए।
राजनांदगांव, 16 जनवरी। कोविड-19 वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता के लिए शासकीय एवं निजी हॉस्पिटल के डॉक्टर्स एवं नागरिक शुक्रवार को हस्ताक्षर अभियान में शामिल हुए। जिले में कोविड वैक्सीनेशन के लिए कोविशिल्ड वैक्सीन की कुल 8 हजार 590 डोज वैक्सीन प्रथम लाट में प्राप्त हुई है, जिन्हें प्रथम चरण में कुल 14 हजार 510 हितग्राहियों को लगाया जाना है। इसके लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टर्स ने कोविड-19 के रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन के प्रति नागरिकों में जागरूकता लाने हस्ताक्षर अभियान में हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता निभाई।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, डीपीएम गिरिश कुर्रे, आईएमए के अध्यक्ष डॉ. एमके दिवाकर, उपाध्यक्ष डॉ. पवन जेठानी, सचिव डॉ. नरेन्द्र गांधी, संरक्षक डॉ. आरएस गुस्टा, सदस्य डॉ. बीके गुप्ता, सदस्य डॉ. अनसुल दिवान, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल कुमरे, जिला डाटा मैनेजर (सविलेंस यूनिट) अखिलेश सिंह उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जनवरी। नगर निगम राजस्व वसूली के लिए सुनियोजित अभियान चलाने जा रहा है। नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने बकाया राजस्व वसूली के लिए वार्ड प्रभारियों के साथ-साथ पूरी राजस्व टीम को वार्डवार शिविर के संबंध में कार्यक्रम निर्धारित कर लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्य संपादित करने के निर्देश दिए हैं।
निगम आयुक्त श्री कौशिक ने राजस्व वसूली के कार्यक्रम की जानकारी देते बताया कि वर्तमान में नगर निगम की राजस्व वसूली अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2020-21 में वैश्विक महामारी केारोना वायरस कोविड-19 संक्रमण के कारण निगम के राजस्व वसूली भी प्रभावित हुई है। उपरोक्त परिस्थिति को दृष्टिगत रखते छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम (भवन/भूमि) की वार्षिक भाड़ा मूल्य अवधारण निगम 1997 की कंडिका 12 के अंतर्गत नगर पालिक निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को संबंधित भूमि भवनों के वार्षिक भाड़ा मूल्य के आधार पर संपत्ति/समेकितकर के निर्धारण तथा वसूली हेतु सुबह 10 से 4 बजे तक 11 से 30 जनवरी तक प्रतिदिन वार्डों में चलाए जाने वाले इस अभियान के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को राजस्व वसूली का दायित्व सौंपा गया है। शिविर में सम्पत्तिकर के साथ-साथ जल कर, समेकित कर, दुकान किराया/लाइसेंस/गुमटी एवं अन्य बकाया की वसूली की जाएगी। शिविर में राशन कार्ड में त्रुटि सुधार हेतु आवेदन भी लिए जाएंगे।
निगम आयुक्त श्री कौशिक ने बताया कि 18 से 23 जनवरी तक वार्ड नं. 49 व 50 हेतु हनुमान मंदिर के पास सिंगदई, वार्ड नं. 29 व 30 हेतु परशुराम भवन मठपारा, वार्ड नं. 16, 17, 18 व 19 हेतु अशोक चौधरी के घर के पास ममता नगर, वार्ड नं. 23, 44 व 45 हेतु रवि इलेक्ट्रिकल्स के पास कमला कालेेज रोड, वार्ड नं. 3 व 8 हेतु मोतीपुर सामुदायिक भवन एवं वार्ड नं. 40, 41, 47 व 48 हेतु इंदिरा नगर पानी टंकी में सुबह 10 से 4 बजे तक शिविर का आयोजन किया गया है। इसी प्रकार शेष वार्डों में भी वसूली हेतु शिविर का आयोजन किया जाएगा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जनवरी। नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक द्वारा शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में उच्च स्थान प्राप्त करने सफाई व्यवस्था मेें सुधार के निर्देश दिए तथा प्लास्टिक मुक्त शहर के लिए कार्य करने निर्देश दिए।
आयुक्त श्री कौशिक ने कहा कि सभी सफाई दरोगा अपने-अपने प्रभारित वार्ड में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान दें। प्रतिदिन निर्धारित समय में सफाई कार्य कराएं। सडक़ों एवं गलियों की सफाई कर कचरा उठाने तथा नाली निकालने के बाद तत्काल कचरा उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपने-अपने प्रभारित वार्ड में प्रतिदिन निरीक्षण करें, अनुपस्थित कर्मचारी का वेतन काटने उच्च अधिकारियों को सूचित करें। समय सीमा के पूर्व कार्य बंद करने वाले सफाई मित्रों को पूरे दिन का अनुपस्थित करें। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक मुक्ति के लिए कमर कसकर कार्य करना है। लोगों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की समझाईस देना है। प्रत्येक दुकानदारों को डस्टबिन का उपयोग करने, अपने दुकान के आसपास साफ-सफाई रखने, कचरा निर्धारित वाहन में डालने की समझाई दें।
उन्होंने सभी स्वच्छता निरीक्षकों से कहा कि आप लोग भी निर्धारित समय तक सफाई कार्य का निरीक्षण करें, प्रतिदिन हाजरी रजिस्टर जांच करें। इसके अलावा आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में उच्च स्थान प्राप्त करने सभी को मिलकर कार्य करना है। उन्होंने साफ-सफाई के संबंध में लोगों को समझाईश देने एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले गाड़ी में ही कचरा डालने की भी लोगों को समझाईश दें। बैठक में उपायुक्त सुदेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी अजय यादव सहित स्वच्छता निरीक्षण व सफाई दरोगा उपस्थित थे।
राजनांदगांव, 16 जनवरी। ग्राम डंगनिया में जय मां शीतला नवयुवक मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमद् भागवत् ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन कल 17 से 25 जनवरी तक रखा गया है। कथावाचक भागवतचार्य पं. अशोक तिवारी ग्राम रामपुर (चिचोला) होंगेे।
आयोजन समिति के अनुसार 17 जनवरी को गाकर्ण कथा, 18 को परीक्षित जन्म, 19 को बाराह अवतार, धु्रव चरित्र, 20 को नरसिंह अवतार, प्रहलाद चरित्र, 21 को भगवान कृष्ण जन्म, 22 को बाल चरित्र, गोवर्धन लीला, 23 को रूखमणी विवाह, सुदामा चरित्र, 24 को परीक्षित मोक्ष, भगवान चढ़ोत्तरी एवं 25 जनवरी को गीता ज्ञान हवन एवं पूर्णाहुती होगी। कथा का समय सुबह 10.30 से 1.30 एवं दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक होगा। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने की प्रार्थना की है।
राजनांदगांव, 16 जनवरी। जीत फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के सदस्यों ने भगवान महावीर समता वृद्धा आश्रम राजनांदगांव में निवासरत लोगों के साथ मकर संक्रांति का पर्व सुरक्षित रूप से हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया। 15 जनवरी को फाउंडेशन के सदस्यों ने बुजुर्गों को फल, तिल लड्डू एवं नाश्ता का वितरण किया। साथ ही परंपरानुसार मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में पतंगबाजी का भी आनंद उठाया। कार्यक्रम में जीत फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. संगीता शुक्ला एवं उपाध्यक्ष क्षमा सिंह उपस्थित थी।
फरवरी में शहरी सरकार चुनने वोट की संभावना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जनवरी। राजनांदगांव जिले के दूसरे बड़े नगर पालिका खैरागढ़ में निकाय चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। 22 जनवरी को राजनांदगांव जिला कार्यालय के सभाकक्ष में लाटरी पद्धति से वार्डों का आरक्षण किया जाएगा। जिसमें छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा-29 क सहपठित छत्तीसगढ़ नगर पालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण) नियम 1994 के प्रावधानानुसार किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि फरवरी माह में चुनाव होने के आसार के मद्देनजर प्रशासन ने प्रारंभिक चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। खैरागढ़ नगर पालिका में फिलहाल कांग्रेस का कब्जा है। कांग्रेस की मीरा चोपड़ा वर्तमान में अध्यक्ष हैं। उनका कार्यकाल कुछ ही दिनों का शेष है। बताया जा रहा है कि कोरोनाकाल के कारण निकाय चुनाव में विलंब हुआ है। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा चोपड़ा का शुरूआती कार्यकाल भाजपा सरकार के अधीन रहा। शेष कार्यकाल उन्होंने कांग्रेस के शासन में पूरा किया है।
बताया जा रहा है कि 22 जनवरी को सिर्फ वार्डों का ही आरक्षण किया जाएगा। राज्य सरकार ने आरक्षण में खैरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद को ओबीसी मुक्त कर दिया है, यानी इस पद के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग से महिला और पुरूष दोनों चुनाव लडऩे के लिए पात्र होंगे। बताया जा रहा है कि खैरागढ़ नगर पालिका के अधीन 20 वार्ड हैं। जिसमें मतदाताओं की संख्या अनुमानित 17 हजार है।
राज्य गठन के बाद से नगर पालिका में ज्यादातर भाजपा का कब्जा रहा है जिसमें वर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह लगातार खैरागढ़ नगर पालिका के दो बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। खैरागढ़ में शहरी सत्ता की जंग में सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होगा। गत् वर्ष हुए निकाय चुनाव में समूचे राज्य में कांग्रेस का ही डंका बजा।
बताया जा रहा है कि खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में कुछ नेताओं की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा भी दांव में रहेगी। बहरहाल वार्ड आरक्षण के बाद खैरागढ़ में शहरी सरकार चुनने के लिए मतदाताओं और नेताओं के बीच सरगर्मी बढ़ेगी।
सांसद-मेयर समेत आम और खास हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जनवरी। अयोध्या में प्रस्तावित श्रीराम मंदिर के निर्माण की तैयारी के बीच शहर में शुक्रवार को निकली भव्य शोभायात्रा में राजनीतिक और गैर राजनीतिक वर्ग के अलावा आम और खास लोग भी शामिल हुए। 15 जनवरी से 31 जनवरी तक राम महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में 108 बाल चैतन्य हनुमान की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा में जहां सांसद संतोष पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव भी शामिल हुए। वहीं राजनांदगांव की महापौर हेमा देशमुख के अलावा अन्य कांग्रेसी पार्षद भी शोभायात्रा में शरीक हुए।
इस संबंध में नगर प्रचार-प्रसार प्रमुख कमल सोनी ने बताया कि समूचे देश में राम मंदिर निर्माण को लेकर जबर्दस्त उत्साह है। शोभायात्रा के बाद 17 जनवरी को मातृ शक्ति द्वारा भव्य मोटर साइकिल रैली निकाली जाएगी। 26 जनवरी को श्रीराम की महाआरती के साथ 31 जनवरी को घर-घर निधि समर्पण आयोजन किया जाएगा। इससे पहले शहर के मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा को देखकर जयश्री राम के जयघोष सुनाई दिए। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। स्थानीय महावीर चौक स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकली। ज्यादातर लोग भगवा परिवेश में नजर आए। श्रीराम की भक्ति से ओतप्रोत होकर युवाओं का जोश देखने लायक था। सांसद संतोष पांडेय और जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव जहां एक वाहन में सवार होकर हाथों में तलवार लिए नजर आए। वहीं महापौर हेमा देशमुख भी लोगों का अभिवादन करते हुए शोभायात्रा शामिल लोगों का उत्साहवर्धन करती रही।
शोभायात्रा मानव मंदिर चौक, दुर्गा चौक, बसंतपुर थाना चौक, सदर लाइन होते हुए भारत माता चौक से रामाधीन मार्ग, सुरजन गली, जूनीहटरी के रास्ते जयस्तंभ चौक होकर वापस महावीर चौक में समापन हुआ। राम मंदिर निर्माण को लेकर पिछले कुछ दिनों से जिले और शहर में एक विशेष अभियान के तहत लोगों से दान स्वरूप राशि एकत्रित की जा रही है। वहीं समितियों की ओर से घरो से एक-एक ईंट लेकर अयोध्या भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि राम मंदिर को मूर्त रूप देने के लिए हर वर्ग में खासा उत्साह है। खासतौर पर हिन्दूवादी संगठनों ने इस दिशा में जोरदार प्रयास बरकरार रखा है।
सोमनी हेल्थ सेंटर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुआ टीकाकरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जनवरी। जानलेवा कोरोना महामारी की सफाए के लिए देशव्यापी कोरोना टीकाकरण अभियान शनिवार को राजनांदगांव जिले में भी शुरू हुआ। जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए जबर्दस्त उत्साह का माहौल नजर आया। पहले दिन कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे फ्रंट लाईन के 300 योद्धाओं को वैक्सीन का पहला डोज दिया गया। राजनांदगांव शहर में पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना को जहां चिकित्सक वर्ग में पहला टीका लगाया गया। वहीं स्वास्थ्य कर्मियों में पीसी जेम्स को पहला टीका लगा।
वैक्सीनेशन के लिए समूचे जिले में कुल 63 सेंटर बनाए गए हैं। 16 जनवरी को राष्ट्रव्यापी टीकाकरण की शुरूआत के लिए शहर में जहां तीन सेंटरों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया। वहीं डोंगरगढ़ में भी वैक्सीनेशन की शुरूआत की गई। बताया जा रहा है कि कुल 14510 हितग्राहियों को कोरोना का टीका लगाने के लिए पंजीयन किया गया है। केंद्र और राज्य सरकार के स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी पहले दौर के टीकाकरण में शामिल किया गया है। इस बीच शनिवार सुबह स्थानीय जिला अस्पताल में कोरोना टीकाकरण केंद्र में राजनेताओं की मौजूदगी में टीके लगाने की शुरूआत हुई।
बताया जा रहा है कि शहर के नामचीन निजी चिकित्सकों के साथ-साथ सरकारी चिकित्सकों को भी टीका लगाने के लिए सूचीबद्ध किया गया है। टीकाकरण को लेकर कई तरह की भ्रामक खबरें भी सामने आती रही। हालांकि प्रशासन ने टीका को स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित बताया है। लोगों को किसी भी भ्रम में नहीं आने की प्रशासन ने सलाह दी है। प्रशासन ने स्थानीय चिकित्सकों के हवाले से लोगों को यह संदेश देकर जागरूक करने की कोशिश की है। लोगों को चिकित्सकों के जरिये प्रशासन ने समझाईश देने का प्रयास किया है।
इस बीच कलेक्टर टीके वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पदम कोठारी, सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी की विशेष मौजूदगी में टीकाकरण की शुरूआत हुई। बताया जा रहा है कि 15 दिन में पहले दौर का टीकाकरण अभियान समाप्त होगा। सप्ताह में कुल 4 दिन सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार को टीकाकरण होंगे। पहले दौर के लिए जिला प्रशासन को 8590 डोज वैक्सीन प्राप्त हुआ है, जिसे कड़ी सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था के साथ सुरक्षित रखा गया है। उधर टीकाकरण के बाद हितग्राहियों को एक विशेष कार्ड भी दिया गया है। जिसमें टीकाकरण होने की पुष्टि के साथ-साथ हितग्राहियों के नाम और पता शामिल है।
बताया जा रहा है कि कोरोनाकाल से परेशान लोगों के लिए यह टीकाकरण बेहद कारगर साबित होगा। लोगों में कोरोना टीका को लेकर गजब का उत्साह भी नजर आया। केंद्र सरकार के निर्देश के मुताबिक फ्रंड लाईन माने जाने वाले चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मियों व सफाई कर्मियों को पहले दौर के टीकाकरण में शामिल किया गया है। जिले में 18 जनवरी से अन्य सेंटरों में भी टीकाकरण शुरू होगा।
सालभर बाद सीएम का नांदगांव जिले में पहला दौरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव 16 जनवरी। सूबे के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिलें के खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत करेगें। 20 जनवरी को मुख्यमंत्री बघेल खुज्जी विधानसभा के गोडलवाही में हल्बा आदिवासी समाज के समारोह में भाग लेंगे। करीब सालभर बाद मुख्यमंत्री राजनांदगांव जिले में पहले दौरे की शुरूआत खुज्जी विधानसभा से करेंगे।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री हल्बा आदिवासी समाज के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 20 जनवरी को दोपहर गोडलवाही पहुंचेंगे। कोरानाकाल में मुख्यमंत्री का जिले में दौरा नहीं हुआ। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री आखिरी दौरा बीते वर्ष 8 जनवरी को महापौर हेमा देशमुख के शपथ-ग्रहण के दौरान हुआ था। इसके दो माह बाद मार्च से लाकडाऊन हो गया। बताया जाता है कि सीएम बघेल से शुक्रवार को खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने सामाजिक लोगों के साथ मुलाकात की।
सीएम ने समाज के आग्रह को स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति दे दी। इस संबंध में विधायक श्रीमती साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री तय तिथि पर समारोह में भाग लेगें। कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। बताया जाता है कि सीएम के दौरे के मद्देनजर समारोह को भव्य रूप देने की तैयारी चल रही है।
राजनांदगांव, 15 जनवरी। कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रेणु प्रकाश ने खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम गोपालपुर, विचारपुर एवं ठेलकडीह में हितग्राहियों के घर जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों से कोविड-19 के दौरान टेक होम राशन वितरण की समीक्षा की। गर्भवती माताओं से पंजीयन एवं एएनसी चेकअप के संबंध में बातचीत की और उनसे पोषण तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। गर्भवती माताओं ने उन्हें बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में गरम भोजन दिया जा रहा है। कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रेणु प्रकाश ने गर्भवती माताओं को स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि शिशु के अच्छे स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक भोजन लें।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जनवरी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के अधीन एनआईईपीआईडी के अंतर्गत संचालित दिव्यांगजन कौशल विकास, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण समेकित क्षेत्रीय केन्द्र राजनांदगांव छत्तीसगढ़ के निदेशक कुमार राजू द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी को मानसिक हेल्थ पुनर्वास हेल्पलाइन का पैम्पलेट देकर किरण टोल फ्री नंबर 18005990019 के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर एमएचआरएच (कोर्डिनेटर) श्रीदेवी, एमएचआरएच सदस्य गजेन्द्र कुमार साहू उपस्थित थे।
इस मौके पर एमएचआरएच के उद्देश्य जैसे मेंटल हेल्थ से ग्रसित व्यक्ति की शीघ्र पहचान, प्राथमिक उपचार तथा परामर्श करके तनाव से मुक्त करने की सुविधा के बारे में बताया गया, जो पूरे भारत में एक ही हेल्प लाइन नम्बर में फोन करके इसका लाभ किसी भी समय पर लिया जा सकता है तथा यह सुविधा 13 भाषाओं में उपलब्ध है। इसकी जानकारी सभी बीएमओ, मेडिकल आफिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, अस्तपताल स्टाफ, मेडिकल छात्र-छात्रा, जनप्रतिनिधि, दिव्यांगजनों को इसकी जानकारी देने आग्रह किया गया। उल्लेखनीय है कि किरण मानसिक स्वास्थ्य पुर्नवास हेल्प लाईन में ट्रोल फ्री नंबर में चिंता, निराशा, तनाव, पैनिक अटैक, आत्महत्या के रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी रोग, मानसिक शोषण, पोस्ट ट्रामैटिक डिसआर्डर, अबेशिव कम्पलसिव डिसआर्डर जैसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी रोगों के निदान के लिए जानकारी एवं सहायता प्रदान की जाएगी।
राजनांदगांव, 15 जनवरी। छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम के तहत अखिल भारतीय व्यवसायिक परीक्षा एनसीव्हीटी के अंतर्गत प्रायोगिक परीक्षा लेने के लिए प्रायोगिक (बाह्य) परीक्षक के ऑनलाइन पंजीयन के लिए 17 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। इच्छुक आवेदक व्यवसाय, जिले की प्राथमिकता एवं अन्य आवश्यक विवरण सहित वेबसाईट 222.ठ्ठष्1ह्लद्वद्बह्य.द्दश1.द्बठ्ठ में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रायोगिक परीक्षा के लिए जिले के अंतर्गत संचालित आईटीआई की व्यवसायवार जानकारी एनसीव्हीटी एमआईएस पोर्टल पर देखी जा सकती है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जनवरी। महापौर हेमा देशमुख ने गुरुवार को वार्ड नं. 34 में अधोसंरचना मद अंतर्गत 20 लाख रुपए की लागत से प्रवेश द्वार एवं महापौर निधि अंतर्गत 4 लाख रुपए की लागत से पीसीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष हरिनारायण पप्पू धकेता समेत मधुकर वंजारी, सतीश मसीह, भागचंद साहू, गणेश पवार, महेश साहू, शरद पटेल, मनीष साहू, दुलारीबाई साहू उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में वार्ड के बोहरिक साहू, जौहर निर्मलकर, चेतन सोनवाने, सीताराम श्रीवास, युवराज भारती, विरेन्द्र चंद्राकर, राजकुमार निर्मलकर, उमेन्द्र साहू, मोहना साहू, मुनीर अलीहासनी, पुनीत भारती, शोहेल शेख द्वारा अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से मांग थी, प्रवेश द्वार बनाने की जो अब पूर्ण होगी तथा महापौर निधि से रोड का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण हो जाने से वार्डवासियों की समस्या का समाधान होगा। प्राथमिकता के आधार पर इसी प्रकार वार्ड में अन्य कार्य कराए जाएंगे। इस अवसर पर उप अभियंता ज्योति साहू सहित वार्डवासी उपस्थित थे।
राजनांदगांव, 15 जनवरी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के अधीन एनआईईपीआईडी के अंतर्गत संचालित दिव्यांगजन कौशल विकास, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण समेकित क्षेत्रीय केन्द्र राजनांदगांव छत्तीसगढ़ के एमएचआरएच (कोर्डिनेटर) श्रीमती श्रीदेवी किरण मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास हेल्पलाइन के संबंध में जागरूकता के लिए ऑनलाइन वेबिनार का कार्यक्रम आयोजन किया। जिसमें विभिन्न राज्यों से एवं राज्य के जिले से 231 अभिभावक, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्रा, दिव्यांगजनों ने पंजीयन कराया। 85 लोगों ने इस ऑनलाइन वेबिनार जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक मनोविज्ञान श्रीमती श्रीदेवी ने किरण टोल फ्री नंबर 18005990019 के बारे में जानकारी दी। जिसमें किरण एमएचआरएच के उद्देश्य जैसे मेंटल हेल्थ से ग्रसित व्यक्ति की शीघ्र पहचान, प्राथमिक उपचार तथा परामर्श करके तनाव से मुक्त करने की सुविधा के बारे में बताया। इस टोल फ्री नम्बर पर पूरे भारत में एक ही हेल्प लाइन नम्बर में फोन करके इसका लाभ किसी भी समय पर लिया जा सकता है। यह सुविधा 13 भाषाओं में उपलब्ध है। इसकी जानकारी सभी विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, दिव्यांगजनों को देकर इसकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए किरण एमएचआरएच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जनवरी। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर ग्राम पार्रीकला के पूर्व माध्यमिक शाला में राष्ट्रीय युवा दिवस/सप्ताह का शुभारंभ जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजुम अल्वी ने स्वामीजी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया। युवा चेतना के लिए कार्यरत संस्था अभियान नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित युवा दिवस में भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रथम प्रेरणा साहू, द्वितीय लीलाधर साहू, तृतीय लिलीमा साहू को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर श्री अल्वी ने सम्मानित किया ।
इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन युवाओं के साथ-साथ बच्चे, बूढ़े एवं महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्पद था, अनंत प्रेरणा के स्त्रोत थे स्वामी विवेकानंद। उन्होंने युवाओं के विकास के लिए सहयोग करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते शाला के प्रधान पाठक एलडी वैष्णव ने स्वामी जी के विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया और युवा दिवस की शुभकामनाएं दी। अभियान के अध्यक्ष प्रद्युम्न ठाकुर ने अपने स्वागत भाषण मेें संस्था के रचनात्मक कार्यों एवं गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका विनिता जेम्स ने किया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन श्रीमती खन्ना ने किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जनवरी। नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व शिविर में वार्डवार वसूली की जानकारी ली और वसूली मेें तेजी लाकर शत-प्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिए, ताकि वित्तीय वर्ष की समाप्ति में निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हो सके।
आयुक्त श्री कौशिक ने बैठक के दौरान समस्त राजस्व उप निरीक्षक एवं वार्ड प्रभारी को अपने प्रभारित वार्ड की इस वित्तीय वर्ष कुल मांग एवं वसूली (चालू एवं बकाया सहित पृथक-पृथक) सहित प्रवृष्टि कर वार्डवार पंजी, जिसमें उस वार्ड के संपत्तिकर दाताओं, गैर सम्पत्तिकर दाताओं एवं जलकर दाताओं के संख्या पृथक-पृथक प्रविष्टि की जानकारी ली। उन्होंने समस्त करो की आनलाइन साफ्टवेयर के माध्यम से वसूली की जानकारी देते कहा कि आने वाले वित्तीय वर्ष में आनलाइन वसूली किया जाना है। इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा करदाताओं के मोबाइल में एसएमएस के माध्यम से बकाया करो की जानकारी देने के संबंध में चर्चा की।
आयुक्त श्री कौशिक ने प्रतिदिन की गई वसूली को संग्रहण पंजी में तिथिवार पृथक-पृथक इंद्राज करने के साथ-साथ जल कर वसूली करने सहायक राजस्व निरीक्षक एवं वार्ड प्रभारियों को निर्देशित करते कहा कि जलकर सहित अन्य कर जमा नहीं करने की स्थिति में नल विच्छेदन की कार्रवाई करें। उन्होंने बैठक में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना दुकान किराया, अटल आवास योजना के किराये वसूली के संबंध में जानकारी लेकर संबंधित को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही वार्डों में लगाए जा रहे शिविर के संबंध में वार्डवार वसूली की जानकारी ली। उन्होंने वसूली के लिए राजस्व उप निरीक्षकों को लंबे बकायादारों की सूची लेकर वसूली करने के निर्देश दिए और बडे बकायेदारों के नाम व मोबाइल नंबर सहित सूची उपलब्ध कराने निर्देशित किए।
उन्होंने भवन भूमि के नामांतरण एवं दुकानों के नामांतरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते कहा कि नामांतरण की कार्रवाई समय सीमा में करना सुनिश्चित करें, ताकि उसके आधार पर किराया वसूला जा सके।
दो जगह का नल विच्छेदन
शिविर के संबंध में उपायुक्त सुदेश सिंह ने बताया कि 11 जनवरी से 17 वार्डों में लगाए गए शिविर से 11 जनवरी को 1 लाख 78 हजार 2 सौ 56 रुपए, 12 जनवरी को 2 लाख 73 हजार 8 सौ 34 रुपए, 13 को 3 लाख 70 हजार 8 सौ 30 रुपए एवं 14 जनवरी को 3 लाख 58 हजार 6 सौ 40 रुपए की राजस्व वसूली प्राप्त हुई है तथा करो का भुगतान नहीं करने पर वार्ड क्र. 7 की अर्चनादेवी शर्मा एवं वार्ड क्र. 12 के दर्शन चोटिया के घर का नल विच्छेदन करने की कार्रवाई की गयी। उन्होंने बताया कि अवकाश के दिनों में भी राजस्व कार्यालय खुली रखी गयी है। उस दिन भी सभी कर्मचारी उपस्थित रहते है एवं राजस्व वसूली की कार्रवाई भी की जा रही है। बैठक में समाज कल्याण अधिकारी भूपेन्द्र वाडेकर सहित समस्त राजस्व उप निरीक्षक एवं वार्ड प्रभारी उपस्थित थे।
नांदगांव में कल से लगेगा कोरोना टीका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जनवरी। राजनांदगांव जिले में कोरोना की घटते दर के बीच शनिवार यानी 16 जनवरी से वैश्विक महामारी कोरोना के बचाव के लिए लोगों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के पहले दौर में स्वास्थ्य विभाग के जमीनी अमले के 400 कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद आम लोगों को भी टीके लगाए जाएंगे।
शुक्रवार को राजनांदगांव कलेक्टर टीके वर्मा ने टीकाकरण के संबंध में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि प्रथम चरण के लिए जिले को 8590 डोज वैक्सीन आबंटन हुआ है। जिसकी एक्सपायरी तिथि 29 अप्रैल 2021 तक है। वैक्सीन के लिए 14510 हितग्राहियों ने पंजीयन कराया है। जिनमें 14 हितग्राही केंद्र सरकार के स्वास्थ्य कर्मी हैं। वहीं 1354 निजी चिकित्सक तथा स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के कुल 13142 कर्मचारियों का पंजीयन किया गया है। कलेक्टर के मुताबिक टीकाकरण केंद्रों में हितग्राहियों की ऑनलाइन जांच पड़ताल होगी। वैक्सीन की खुराक 5-एमएल तय किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में 54 कोल्ड चैन पाईंट डीप फ्रीजर एवं आईएलआर की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा 64 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। नांदगांव शहर में पेंड्री मेडिकल कॉलेज, बसंतपुर जिला अस्पताल तथा बख्श्ी स्कूल को भी केंद्र बनाया गया है। वैक्सीनेशन के बाद हितग्राही को आधा घंटा तक सेंटर में रखा जाएगा। बताया गया है कि वैक्सीनेशन के दौरान किसी-किसी को हल्का बुखार भी आ सकता है, जिस पर चिकित्सकों की नजर रहेगी। इस बीच टीकाकरण के लिए व्यापक तैयारी करते हुए प्रशासन ने शासकीय और गैर शासकीय चिकित्सकों की सलाह को भी काफी महत्व दिया है।
राजनांदगांव शहर के नामी निजी चिकित्सकों ने प्रशासन को इस मुहिम में भरपूर सहयोग करने का भी भरोसा दिया है। सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी ने भी पत्रकारों को बताया कि पूरी तैयारी के साथ टीकाकरण किया जाएगा। 18 जनवरी से समूचे जिले के 64 केंद्रों में टीका लगाने का कार्य शुरू होगा। फिलहाल जिले में कल यानी शनिवार को कुछ सेंटरों में ही इसका शुभारंभ होगा।
कड़ाके की सर्दी से पारा तेजी से लुढक़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जनवरी। देश के उत्तरी इलाको से आ रही सर्द हवाओं से ठिठुरन के साथ फिर ठंड लौट गई है। पिछले दो दिनों से रात में जहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है वही दिन में भी सर्दीली हवाओं से कपकपी बढ़ी है। ठंड के एकाएक गायब होने से जनवरी का पहला सप्ताह बेहद गर्म हो गया था। जनवरी में पड़ती गर्मी से लोग हलाकान हो गए। दिन और रात के तापमान में अचानक उछाल आ गया। 11 जनवरी को तापमान करीब 33 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम में आए परिवर्तन के कारण जनवरी में ही लोगों के पसीने छूटने लगे। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने के कारण सर्द हवाएं फिर से लौट गई। बताया जाता है कि बीते दो दिनो के भीतर करीब 10 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और रात को 12 डिग्री नीचे चला गया है।
इधर राजनांदगांव जिले के पठारी इलाकों में सर्द हवाओं के चलने से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में शहर के तुलना में अधिक ठंड पड़ रही है। बताया जाता है कि पहाड़ी इलाको में कोहरा भी छाया हुआ है। जिले के मोहला-मानपुर और साल्हेवारा-गातापार इलाके में अच्छी ठंड पडऩे से लोग सुबह देर से घर से बाहर निकल रहे है। शाम को जल्द ही ठंड के चलते लोग वापस घरो में दुबकने लगे है। वही रास्ते और गांवो में जल्द ही सन्नाटा का माहौल भी बन रहा है।
बताया जाता है कि 20 जनवरी तक मौसम विभाग ने पारा में गिरावट आने की संभावना जताई है। इस बीच तराई वाले क्षेत्रों में मामूली शीतलहर भी चल रही है। दिन और रात को पड़ रही ठंड से लोगो को सुखद अनुभव हो रहा है।
मानपुर भाजपा नेता समेत 25 को जान से मारने नक्सल धमकी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जनवरी। मानपुर के पुरदौनी में नक्सलियों के कू्रर हत्या का शिकार हुए मैनूराम सलामे की महीनों से जान सांसत में पड़ी हुई थी। मई 2020 को पुरदौनी में हुए पुलिस-नक्सल मुठभेड़ में चार हार्डकोर नक्सलियों के मारे जाने के बाद से ही मैनूराम को पुुलिस और दूसरो के जरिए जान का खतरा होने की सूचना मिल रही थी। गरीब 9 माह से नक्सल भय के चलते मैनूराम की नींद छीन गई थी। बताया जाता है कि करीब पांच दिन पहले मानपुर पुलिस ने मैनूराम पर हमला होने की आशंका जताते उसे गांव से बाहर निकलने की सूचना दे थी।
बताया जाता है कि मैनूराम हर रात को सोने के लिए अपना ठिकाना बदलता था। कई दिनो तक उसने मानपुर में भी रात गुजारी। वही गांव के दूसरों के घर समेत पड़ोसी गांवो में भी रात को वह ठहरता था। बताया जाता है कि मैनूराम सलामे को नक्सलियों ने पंचायत चुनाव नही लडऩे के लिए भी चेताया था। पंचायती चुनाव में उसकी पत्नी सोनारोबाई सरपंच निर्वाचित हुई। लिहाजा मैनूराम को पंचायती कामकाज के लिए गांव में मौजूद रहना पड़ता था। नक्सलियों ने बुधवार रात को मैनूराम के घर में होने की सूचना के बाद अचानक धावा बोल दिया। नक्सलियों को देखकर मैनूराम ने अपनी ओर से ज्यादा सफाई नही दी। हालांकि पत्नी समेत बच्चों ने नक्सलियों से मैनूराम को बख्शने की मिन्नते की।
बताया जाता है कि मैनूराम को देखते ही नक्सली उस पर टूट पड़े। घर से बेदम पिटाई करते हुए उसे गांव के बीच चौराहेे में पीट-पीटकर जान ले ली। नक्सलियों ने गांव में नक्सल पोस्टर चस्पाकर मैनूराम को सीधे पुरदौनी मुठभेड़ का मुखबिर होने को आरोप लगाया। बताया जाता है कि मैनूराम सलामे की चीख को पूरे गांव ने घर में दुबके रहते हुए सुना। लेकिन किसी ने नक्सलियों को इस जघन्य हत्या का विरोध नही किया। इधर पुलिस को मिले नक्सल पर्चे में मानपुर के भाजपा नेता राजू टांडिया को भी जान से मारने की चेतावनी दी है।
बताया जाता है कि टांडिया को मृतक मैनूराम सलामे से दोस्ताना रिश्ता था। सूत्रों का कहना है कि टांडिया पर आदिवासियों को विरोधी भी माना जाता है। बताया जाता है कि आदिवासी समाज के कुछ कार्यक्रम का टांडिया ने खुलकर विरोध किया है। इस बीच नक्सल पर्चे में कुल 25 लोगों को मारने का जिक्र किया गया है। बताया जाता है कि पुलिस ने भाजपा नेता टांडिया को भी सर्तक रहने की हिदायत दी है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा के एक और नेता भी नक्सलियों के निशाने पर है।
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 जनवरी। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बरगा में आचार, पापड़, बड़ी एवं मसाला बनाने का 10 दिवसीय प्रशिक्षण मजदूर महिलाओं को दिया जा रहा है। सभी विकासखंडों से आईं मजदूर महिलाओं को 13 प्रकार के खट्टे-मीठे विभिन्न तरह के आचार, आम, नीम्बू, आवला, लहसुन, कटहल, पका लाल मिर्च, हरी मिर्च, काबुली चना, अमारी भाजी, आम का मीठा आचार, मिक्स आचार एवं जिमीकंदा का आचार बनाने की विधि बताई जा रही है।
आरसेटी के संचालक अभिषेक ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को सक्षम एवं सशक्त बनाने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण मेें श्रमिक महिलाएं आचार बनाने के साथ ही पापड़, बड़ी एवं मसाला बनाने की विधि भी सीख रही है। इस प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही मार्केटिंग, पैंकेजिंग एवं उद्यमिता विकास तथा प्रभावी संचार का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
खैरागढ़ से आई प्रशिक्षक त्रिवेणी पटेल एवं राधिका गुणी ने उन्हें आचार एवं अन्य खाद्य सामग्री बनाने का प्रशिक्षण दिया। सहसपुर की देवकी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सुविचार में हमें यह सिखाया गया है कि हिम्मत न खोना, आगे जाना है। जिन्होंने कहा था तेरे वश का नहीं है, उन्हें भी कार्य करके दिखाना है। यहां प्रशिक्षण के दौरान बहुत कुछ सीखने को मिला।
कोहकाढाबा की रामेश्वरी कोर्राम ने बताया कि उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई की है और कुछ करने की प्रेरणा से वे यहां प्रशिक्षण लेने आयी हैं। उन्होंने कहा कि टॉवर बिल्डिंग खेलने के दौरान हमने यह सीखा की सही निर्णय लेना, स्वयं पर भरोसा करना दूसरी की बातों पर नहीं, क्षमता के अनुसार कार्य करना, आत्मनिर्भर होकर आत्मविश्वास के साथ कार्य करना है।
छछानपैरी की गीताबाई साहू ने कहा कि यहां 13 प्रकार के आचार बनाने की विधि, साबुदाना पापड़, मूंग पापड़, रखिया बड़ी, पपीता बड़ी, बिजौरी एवं अन्य सामग्री सीख रहे हंै और हमारा संकोच दूर हुआ है। फत्तेपुर से रूक्मिणी चतुर्वेदी अपनी सात वर्षीय बेटी मानसी को लेकर आयी थीं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के लिए घर का सहयोग मिला है और यहां आकर वह बहुत कुछ सीख सकीं। इस अवसर पर ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के फैकैल्टी से पे्रम साहू एवं अन्य श्रमिक महिलाएं उपस्थित थीं।
राजनांदगांव, 14 जनवरी। एम-सेंटा टीपीओ मुंबई द्वारा राष्ट्रीय स्तरीय टीचर ओलंपियाड ऑनलाइन परीक्षा में राजनांदगांव शहर के प्रभात कुमार बैस ने ऑल रिजिनल रैंक 43 प्राप्त किया। वर्तमान में प्रभात कुमार बैस शासकीय कमलादेवी राठी महिला महाविद्यालय में अतिथि व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। इस उपलब्धि पर उनके परिवार और मित्रों तथा कॉलेज के स्टॉप ने शुभकामनाएं दी है।
विधानसभा स्तरीय धरना-प्रदर्शन में पूर्व सीएम ने दिखाए कड़े तेवर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 जनवरी। प्रदेश में किसानों की फसल खरीदी में उपजे अव्यवस्था और कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ बुधवार को हुए भाजपा के विधानसभावार धरना प्रदर्शन में राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को नसीहत देते कहा कि दो साल के कार्यकाल में किए गए कार्यों पर सवाल-जवाब के लिए सरकार को तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी तो महज दो ही साल हुए हैं। इस अवधि में हुए कार्यों का जवाब देने में मुख्यमंत्री बघेल बौखलाहट में नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सवाल तो पूछे ही जाएंगे, इस पर जवाब देना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है।
राजनांदगांव में महावीर चौक स्थित हनुमान मंदिर के सामने जिला भाजपा द्वारा आयोजित धरने प्रदर्शन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने भय और आतंक का डर दिखाकर किसानों को लूटने वाली भूपेश सरकार की गलत नीति पर जमकर प्रहार किया। डॉ. सिंह ने कहा कि 3 लाख 50 हजार मीट्रिक टन धान कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण खराब हो गया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय राहुल गांधी ने घोषणा पत्र में पूरा धान खरीदने की बात कही थी। 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता, 2 साल का बोनस और शराबबंदी की बात कहने वाले कांग्रेसी आज घर-घर शराब पहुंचाकर दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रेत, कोयला माफिया, शराब के ठेकों की तरह भूपेश टैक्स लगाकर महंगाई को बढ़ावा दे रहे हैं। लोहा, सीमेंट में सरकारी दलाली के कारण रेट बढ़ते जा रहे हैं। 2 वर्ष में 36 हजार करोड़ का कर्ज लेकर धान खरीदी में लीपापोती करने वाली भूपेश सरकार को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने आईना दिखाते कहा कि 15 वर्ष के कार्यकाल में मुझसे प्रश्न पूछने वाले मुख्यमंत्री अपने गिरेबान में झांके कि उन्होंने 2 वर्ष में किस तरह से छत्तीसगढ़ को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा तक एक रुपए किलो में चावल देने की योजना भाजपा सरकार की है। किसानों को 18 परसेंट, 16 परसेंट, 9 परसेंट, 6 परसेंट और अंत में भाजपा ने बिना ब्याज की रकम देने की योजना पर अमल किया है। 350 करोड़ रुपए कर्ज देने वाली कांग्रेस सरकार के आंकड़े को भाजपा ने 15 वर्षों के कार्यकाल में किसानों को 3500 करोड़ का कर्जा दिया।
उन्होंने कहा कि 2 वर्ष के कार्यकाल में पंप कनेक्शन न देने वाले मुख्यमंत्री यह जान लें कि हमने 4 लाख 70 हजार पंप कनेक्शन किसानों को दिए, जो वर्तमान सरकार ने अब बंद कर दिए हैं। 2003 में 1600 किमी सडक़ों के निर्माण की गति को 21000 किमी भाजपा ने ही किया। ग्रामीण सडक़ों की स्थिति को 30000 किमी से 60000 किमी के निर्माण तक पहुंचाया गया। 70 साल में जो काम कांग्रेस ने नहीं किया, वह अटलजी के दृढ़ निश्चय के कारण नया छत्तीसगढ़ बनाकर विकसित राज्यों की श्रेणी में भाजपा ने छत्तीसगढ़ को खड़ा किया। 2 से 10 मेडिकल कॉलेज इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई कॉलेज, एम्स हॉस्पिटल, अत्याधुनिक स्टेडियम का निर्माण इत्यादि विकास कार्यों की लंबी श्रृंखला भाजपा कार्यकाल में जनता देख चुकी है। डॉ. सिंह ने कहा की वर्तमान सरकार कमीशन खाने वाली सरकार है। उन्होंने भूपेश सरकार पर कविता के माध्यम से कई तंज भी कसे । धरने को अशोक चौधरी, अशोक शर्मा, लीलाराम भोजवानी, सचिन बघेल, विजय राय, किशुन यदु ने संबोधित किया ।