राजनांदगांव

ठिठुरन के साथ फिर लौटी ठंड
15-Jan-2021 1:27 PM
ठिठुरन के साथ फिर लौटी ठंड

कड़ाके की सर्दी से पारा तेजी से लुढक़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15  जनवरी।
देश के उत्तरी इलाको से आ रही सर्द हवाओं से ठिठुरन के साथ फिर ठंड लौट गई है। पिछले दो दिनों से रात में जहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है वही दिन में भी सर्दीली हवाओं से कपकपी बढ़ी है। ठंड के एकाएक गायब होने से जनवरी का पहला सप्ताह बेहद गर्म हो गया था। जनवरी में पड़ती गर्मी से लोग हलाकान हो गए। दिन और रात के तापमान में अचानक उछाल आ गया। 11 जनवरी को तापमान करीब 33 डिग्री तक पहुंच गया। 

मौसम में आए परिवर्तन के कारण जनवरी में ही लोगों के पसीने छूटने लगे। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने के कारण सर्द हवाएं फिर से लौट गई। बताया जाता है कि बीते दो दिनो के भीतर करीब 10 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और रात को 12 डिग्री नीचे चला गया है। 

इधर राजनांदगांव जिले के पठारी इलाकों में सर्द हवाओं के चलने से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में शहर के तुलना में अधिक ठंड पड़ रही है। बताया जाता है कि पहाड़ी इलाको में कोहरा भी छाया हुआ है। जिले के मोहला-मानपुर और साल्हेवारा-गातापार इलाके में अच्छी ठंड पडऩे से लोग सुबह देर से घर से बाहर निकल रहे है। शाम को जल्द ही ठंड के चलते लोग वापस घरो में दुबकने लगे है। वही रास्ते और गांवो में जल्द ही सन्नाटा का माहौल भी बन रहा है। 

बताया जाता है कि 20 जनवरी तक मौसम विभाग ने पारा में गिरावट आने की संभावना जताई है। इस बीच तराई वाले क्षेत्रों में मामूली शीतलहर भी चल रही है। दिन और रात को पड़ रही ठंड से लोगो को सुखद अनुभव हो रहा है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news