ताजा खबर

ओडिशा उप चुनाव : पदमपुर सीट पर शाम पांच बजे तक करीब 76 प्रतिशत मतदान
05-Dec-2022 9:51 PM
ओडिशा उप चुनाव : पदमपुर सीट पर शाम पांच बजे तक करीब 76 प्रतिशत मतदान

भुवनेश्वर, 5 दिसंबर। ओडिशा के बारगढ़ जिले की पदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को शाम पांच बजे तक कुल 2.57 लाख मतदाताओं में से करीब 76 प्रतिशत ने अपने मताधिकर का इस्तेमाल कर लिया था। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और निर्धारित अपराह्न चार बजे के बाद भी जारी रहा क्योंकि कुल 319 मतदान केंद्रों में से 89 पर कई लोग समय समाप्त होने के बाद भी कतार में खड़े थे। अधिकारी ने बताया, हालांकि सभी मतदान केंद्रों के प्रवेश द्वारा को अपराह्न चार बजे बंद कर दिया गया था।

ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एस. के. लोहानी ने कहा, ‘‘पूरे पदमपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है।’’

पदमपुर सीट पर 2.57 लाख से अधिक लोगों के पास मताधिकार है, जिनमें 12 लोग ट्रांसजेंडर समुदाय के हैं।

अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव के लिए कम से कम 1,400 पुलिस कर्मियों और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की नौ टुकड़ियों को तैनात किया गया।

इस सीट पर 10 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इस बार मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल ने दिवंगत विधायक बिजय रंजन सिंह बरिहा की बेटी बर्षा सिंह बरिहा को टिकट दिया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व विधायक एवं पार्टी के कृषक मोर्चा के अध्यक्ष प्रदीप पुरोहित को टिकट दिया है, जबकि कांग्रेस ने सत्य भूषण साहू को उम्मीदवार बनाया है।

मतगणना आठ दिसंबर को होगी। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news