ताजा खबर

​कथित नक्सल हमले में भाजपा नेता घायल
09-Mar-2024 1:53 PM
​कथित नक्सल हमले में भाजपा नेता घायल

वारदात को लेकर रहस्य गहराया, पुलिस कर रही जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मार्च।
मोहला-मानपुर जिले के खडग़ांव क्षेत्र में कथित नक्सल हमले में गोली लगने से क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गया। वारदात को लेकर पुलिस ने आशंका जाहिर की है। 

पूरा मामला रहस्यमय हो गया है। एमएमसी जिले के एसपी रत्ना सिंह मामले की खुद निगरानी कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों को पुलिस एकत्रित कर रही है। इसके बाद घटना की स्पष्ट वजह सामने आएगी। 
जानकारी के मुताबिक खडग़ांव थाना क्षेत्र के बोदरा के रहने वाले सकुनराम सलामे को गोली लगने की खबर लगने के बाद ग्रामीणों ने जंगल से उसे बेहोशी की हालत में देखा। इसके बाद मामले की सूचना दी गई। ग्रामीणों की मदद से घायल भाजपा नेता को मानपुर अस्पताल लाया गया, जहां से उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया है। जख्मी भाजपा नेता की स्थिति फिलहाल स्थिर है। वह बोलचाल में भी सक्षम है। बताया जा रहा है कि घायल ग्रामीण भाजपा से जुड़ा हुआ है। इसीलिए पुलिस मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए हर परिस्थिति पर नजर जमाए हुए है। 

कथित तौर पर नक्सलियों द्वारा गोली दागने की खबर से आईजी दीपक झा से लेकर आलाधिकारी मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं। सूत्रों का कहना है कि यह मामला अवैध शिकार से भी जुड़ा हो सकता है। घायल भाजपा नेता को शिकार करने का शौक है। भरमार बंदूक से वन्य प्राणियों पर फायरिंग करने के दौरान वह खुद अपनी बंदूक की गोली का शिकार हो गया। फिलहाल पुलिस हर बिन्दुओं की जांच कर रही है।
———-

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news