रायपुर

पुरंदेश्वरी दो दिन बस्तर में, राजधानी से कोई बड़ा नेता बुलाया नहीं गया?
17-Feb-2022 5:48 PM
 पुरंदेश्वरी दो दिन बस्तर में, राजधानी से कोई बड़ा नेता बुलाया नहीं गया?

स्थानीय नेताओं से होगी बात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 फरवरी। प्रदेश भाजपा प्रभारी डी पुरंदेश्वरी शनिवार को दो दिनी बस्तर दौरे पर पहुंच रही हैं। वो दंतेवाड़ा, कोण्डागांव, और कांकेर में बैठक लेकर पदाधिकारियों से रूबरू होंगी। यह पहला मौका है जब राजधानी से बड़े नेताओं की गैर मौजूदगी में प्रदेश प्रभारी स्थानीय नेताओं से चर्चा करेंगी। केवल प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को बुलाए जाने की खबर है।

पुरंदेश्वरी पिछले साल हुए बस्तर चिंतन बैठक के बाद पहली बार जा रही हैं। प्रदेश प्रभारी 19 तारीख को विशाखापटनम से सीधे जगदलपुर पहुंचेंगी, और वहां से दंतेवाड़ा के लिए रवाना हो जाएंगी। दंतेवाड़ा में सुकमा, और बीजापुर के स्थानीय नेताओं के साथ भी बैठक करेंगी। बस्तर में 2008 के बाद से विधानसभा चुनावों में पार्टी लगातार कमजोर होती गई है। वर्तमान में संभाग की 12 सीटों में से एक भी कांग्रेस की नहीं हैं। इससे परे स्थानीय नेताओं की शिकायत रहती है कि राजधानी के बड़े नेता यहां पहुंचकर एक तरह से मंच अपने पक्ष में कर लेते हैं, और उन्हें अपनी बात कहने का अवसर नहीं मिल पाता है।

पुरंदेश्वरी ने स्थानीय नेताओं की शिकायत को दूर करने के लिए पहल की है, और वो सीधे पदाधिकारी, और कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर संगठन की कमजोरियों का पता लगाने की कोशिश करेंगी। पुरंदेश्वरी दंतेवाड़ा में बैठक करने के बाद कोंडागांव आ जाएंगी, और वहां रात्रि विश्राम करेंगी। प्रदेश प्रभारी 20 तारीख को कोंडागांव के पदाधिकारियों की बैठक लेंगी। जिसमें नारायणपुर के कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है।

कोंडागांव में बैठक लेने के बाद पुरंदेश्वरी कांकेर आ जाएंगी, और वहां पदाधिकारियों की बैठक लेंगी। कांकेर जिले में पार्टी को कई चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी यहां निकाय चुनाव भी नहीं जीत पाई है। पुरंदेश्वरी कांकेर में बैठक लेने के बाद रायपुर आ सकती हैं। और फिर हैदराबाद के लिए रवाना हो जाएंगी।

पार्टी नेताओं के मुताबिक संगठन ने बस्तर, और सरगुजा पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रीत किया है। सरगुजा में प्रभारी सचिव नितिन नबीन दो दिन वहां रूककर पार्टी नेताओं से मुलाकात की थी, और अब पुरंदेश्वरी का बस्तर दौरा हो रहा है। बैठक में बुथ कमेटियों के गठन आदि पर भी विशेष रूप से जोर दिया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news