रायपुर

सर्वे रिपोर्ट देखकर तय किए जाएंगे प्रत्याशी
20-Feb-2022 5:04 PM
सर्वे रिपोर्ट देखकर तय किए जाएंगे प्रत्याशी

दावेदारों का बायोडाटा लेने से मना किया पुरंदेश्वरी ने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 फरवरी। 
प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने शनिवार को  विधानसभा टिकट के लिए बायोडाटा देने के लिए आए कुछ भाजपा नेताओं को साफ शब्दों में कह दिया कि इस बार टिकट सर्वे के आधार पर तय किए जाएंगे। किसी की सिफारिश नहीं चलेगी।
दंतेवाड़ा से लौटने के बाद प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी को जगदलपुर में विधानसभा टिकट के दावेदारों ने अपना बायोडाटा देने की कोशिश की, लेकिन पुरंदेश्वरी ने मना कर दिया। उन्होंने कहा कि टिकट के लिए अभी से बायोडाटा देने की जरूरत नहीं है। विधानसभा की टिकट सर्वे रिपोर्ट के आधार पर तय होगी। उन्होंने दावेदारों को जनता के बीच जाकर काम करने की सलाह दी।

पुरंदेश्वरी ने दंतेवाड़ा, और कोण्डागांव में कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। साथ ही संगठन की गतिविधियों पर बारीकी से चर्चा की। उन्होंने बूथ और शक्ति केंद्रों के गठन की जानकारी ली। बताया गया कि प्रदेश प्रभारी ने सरल पोर्टल में इस बात की जानकरी ली कि हर बूथ से 10-10 नामों की एंट्री हुई है अथवा नहीं।


बताया गया कि पुरंदेश्वरी सोमवार को सुबह 9 बजे जिला अध्यक्षों, और महामंत्रियों की वर्चुअल बैठक लेंगी। वो कांकेर के पदाधिकारियों से अलग से चर्चा करेंगी। इसके बाद प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी देर शाम रायपुर आएंगी। वो रायपुर विश्राम के बाद अगले दिन विस्तारा की फ्लाईट से दिल्ली रवाना हो जाएंगी। हालांकि कुछ सूत्रों का कहना है कि वो रायपुर आने के बजाए जगदलपुर से विशाखापट्टनम के लिए रवाना हो जाएंगी। अंतिम कार्यक्रम तय नहीं है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news