रायपुर

बस्तर में संगठन के कामकाज से संतुष्ट नहीं पुरंदेश्वरी, बोलीं-दिल्ली को अवगत कराऊंगी
21-Feb-2022 7:04 PM
बस्तर में संगठन के कामकाज से संतुष्ट नहीं पुरंदेश्वरी, बोलीं-दिल्ली को अवगत कराऊंगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 फरवरी। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी के बस्तर प्रवास का आज आखिरी दिन है। शाम को रायपुर आकर वह दिल्ली जा सकती हैं। इससे पहले पुरंदेश्वरी ने सोमवार को सुबह प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों और महामंत्रियों से वर्चुअल बैठक की। इसके बाद वह कांकेर जिला भाजपा की बैठक में शामिल हुई।

आज सुबह की वर्चुअल बैठक में पुरंदेश्वरी, बस्तर में संगठन के कार्यों को लेकर  असंतुष्ठ नजर आईं। इन तीन दिनों में उन्होंने दंतेवाड़ा, कोण्डागांव समेत चार जिलों के जिलाध्यक्ष और महामंत्री और पदाधिकारी से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि जिलाध्यक्षों में बूथ टीमों के गठन को लेकर रूचि नहीं है। वे बूथ अध्यक्षों का नाम तक नहीं बता पा रहे हैं। उनकी गहरी नाराजगी इससे भी समझी जा सकती है कि उन्होंने साफ कहा कि वह दिल्ली जाकर इसकी पूरी जानकारी देंगे। बताया जा रहा है कि बस्तर के किसी जिलाध्यक्ष ने बूथ टीमों के अन्य तैयारियों को लेकर कोई जानकारी प्रस्तुत नहीं की।

करीब एक घंटे चली इस वर्चुअल बैठक में पुरंदेश्वरी ने साफ कहा कि चुनाव की लड़ाई बड़े नेता नहीं लड़ते बूथ के कार्यकर्ता लड़ते हैं। और हम बूथ की टीम बनाने में रूचि नहीं ले रहे हैं। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों से जल्द से जल्द बूथ टीमों का गठन उनका सत्यापन करने कहा। साथ ही प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को बूथ स्तर पर ले जाकर कार्यकर्ताओं और लोगों को जागरूक करने की बात कही। पुरंदेश्वरी ने जिला अध्यक्ष महामंत्रियों से अपने-अपने मंडलों में हर 15 दिन में बैठकें करने की जिम्मेदारी दी। उन्होंने जिला अध्यक्षों से बीते एक महीने के दौरान हुए आंदोलनों और संगठनों के कार्यक्रमों की जानकारी भी ली। इस वर्चुअल बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देवसाय, महामंत्री नारायण चंदेल भी शामिल हुए।

जितना जनता के बीच जाएंगे उतना नुकसान होगा भाजपा को

इधर पुरंदेश्वरी के बस्तर दौरे को लेकर प्रभारी एवं आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने आज फिर तंज कसा। उन्होंने कहा पुरंदेश्वरी का दौरा केवल फोटो खिचाने वाला है। उनके प्रवास का कोई असर नहीं हुआ। कवासी ने कहा भाजपा की 15 सालों की सरकार में आदिवासियों को जितनी तकलीफ हुई वो कभी नहीं हुई। भाजपा ने केवल आदिवासियों का शोषण किया है। इसलिए कह रहा हूं कि भाजपा वाले जितना जनता के बीच जाएंगे। उनको नुकसान ही होगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news