रायपुर

यूपी में कांग्रेस को तीसरे-चौथे नंबर की पार्टी बता ट्रोल हो गए सिंहदेव
25-Feb-2022 5:35 PM
यूपी में कांग्रेस को तीसरे-चौथे नंबर  की पार्टी बता ट्रोल हो गए सिंहदेव

हाईकमान से शिकायत भी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 फरवरी। यूपी चुनाव में कांग्रेस को मुख्य मुकाबले से बाहर बताकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव घिर गए हैं। सोशल मीडिया में उनकी खूब आलोचना हो रही है। खबर है कि प्रदेश संगठन के कुछ नेताओं ने सिंहदेव की शिकायत पार्टी हाईकमान से की है।

स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि जो जानकारी सामने आ रही है कि यूपी में सपा और भाजपा के बीच पहले व दूसरे नंबर की टक्कर है। जबकि तीसरे और चौथे नंबर के लिए कांग्रेस और बसपा के बीच संघर्ष चल रहा है। सिंहदेव के इस बयान पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने भी पलटवार किया है।

 चौबे ने कहा आदरणीय महाराज साहब ने किस परिपेक्ष में कहा कि वहां हमारा स्थान पीछे है। मैं तो ये कह नहीं सकता, लेकिन जहां तक मीडिया में ये बाते आ रही है, हमारे मुख्यमंत्री वहां बहुत मेहनत कर रहे है। सिंहदेव जी को उत्तराखंड की जवाबदेही दी गई थी। उस दौरान उन्होंने कहा था कि उत्तराखंड में कंग्रेस सरकार बनाने जा रहे है। अब ये लगभग सच्चाई के एकदम करीब है। हम उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनाने जा रहे है।

स्वास्थ्य मंत्री अपने इस बयान को लेकर सोशल मीडिया में बुरी तरह ट्रोल हो गए। नवभारत टाइम्स के पूर्व राजनीतिक संपादक शकील अख्तर ने ट्वीट किया कि वहां प्रियंका गांधी अपनी पूरी दम से चुनाव लड़ रही हैं। और यहां कांग्रेस के ही मंत्री बता  रहे हैं कि हमारी पार्टी फाइट में नहीं है! बीच युद्ध में अपने ही सेनापति का हौसला तोडऩे वाले शल्यों ने कांग्रेस को जितना नुकसान पहुंचाया है उतना उसके विरोधियों ने भी नहीं।

एक यूजर ने ट्वीट किया कि टीएस सिंहदेव के दिमाक में हर वक्त भूपेश बघेल छाए रहते हैं। दुनिया सीमित कर ली है इन्होंने। अब भूपेश बघेल की टीम यूपी में काम कर रही है, तो इन्होंने कांग्रेस को ही निशाने में ले लिया। पंजाब में मनीष तिवारी का यही हाल है। तालाब सूखेगा तो सिर्फ मछलियां ही नहीं मरेंगी मगरमच्छ भी मरेगा। भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने ट्वीट किया कि बिल्कुल सत्य कह रहे बाबा।

दूसरी तरफ, कांग्रेस में भी सिंहदेव के बयान की आलोचना हो रही है। सूत्रों के मुताबिक कुछ नेताओं ने सिंहदेव की शिकायत पार्टी हाईकमान से की है। सिंहदेव के बयान को पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को तोडऩे वाला करार दिया गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news