रायपुर

हर सप्ताह एक से दो डिग्री बढ़ेगा तापमान
06-Mar-2022 6:30 PM
हर सप्ताह एक से दो डिग्री बढ़ेगा तापमान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 मार्च। इस सप्ताह मौसम ठंडी, और गर्मी के उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। लेकिन अगले सप्ताह से गर्मी में तेजी देखने को मिलेगी। इस माह हर सप्ताह एक से दो डिग्री तापमान बढऩे की संभावना है।  इससे निपटने लोगों ने तैयारी शुरू कर दी है। एसी के बाजार में पूछ परख बढ़ गई है। वहीं गली मौहल्लों में कुलर बनाने, और खस लगाने वालों के ठेले सजने लगे हैं। मौसम विज्ञानी के अनुसार फिलहाल आज कल में मौसम ज्यादा परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन 8 और 9 मार्च को प्रदेश के एक-दो स्थानों में हल्की बारिश हो सकती है। उसके बाद प्रदेश में गर्मी का माहौल बनेगा। इसके चलते न्यूतम, और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी तय है। रविवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री आंका गया है। जिसमें बहुत कम वृद्धि हुई, लेकिन 34 डिग्री का आज का अधिकतम तापमान आने वाले दिनों में  बढ़ेगा। 31 मार्च आते-आते करीब 6 डिग्री तापमान बढक़र 40 से 41 डिग्री तक पहुंचेगा। यानी हर सप्ताह एक-दो डिग्री से अधिक की वृद्धि होगी। मौसम वैज्ञानिक एसपी चंद्रा के अनुसार अभी प्रदेश में पश्चिमी विक्षोप का असर है, और दक्षिण पूर्व से हवाएं भी आ रही हैं। इस वजह से कुछ ठंडक महसूस की जा रही है। कल रात को बादलों ने भी घेरा था। आज हवा की दिशा उत्तर से होने के कारण तापमान कम रहेगा। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ बनता है, तो तापमान में गिरावट हो सकती है। चूंकि जनवरी में 8 और फरवरी में 7 पश्चिमी विक्षोभ बने थे इसलिए मौसम में ठंडकता बनी रही।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news