रायपुर

विधायक उपाध्याय की घोषणा, जो नामांकनकर्ता ज्यादा सदस्य बनाएगा वह उनके साथ डिनर करेगा
07-Mar-2022 8:34 PM
विधायक उपाध्याय की घोषणा, जो नामांकनकर्ता ज्यादा सदस्य बनाएगा वह उनके साथ डिनर करेगा

रायपुर,  7 मार्च। राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सदस्यता अभियान जोरों पर है। इस बीच रायपुर पश्चिम के विधायक विकास उपाध्याय ने इस अभियान में और प्रतिस्पर्धा लाने नामांकनकर्ताओं की आज बैठक बुलाकर कहा कि प्रतिदिन उनके विधानसभा में जो भी नामांकनकर्ता सबसे ज्यादा सदस्य बनाएगा वे उसके साथ डिनर करेंगे। विकास उपाध्याय के इस घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। जो आने वाले दिनों में आँकड़ों के साथ दिखाई देगा।

विधायक विकास उपाध्याय 28 फरवरी से अपने दादाजी के निधन के चलते सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेना स्थगित कर रखे हैं। इस बीच प्रदेश भर के प्रबुद्धजन सैंकड़ों की संख्या में रोज उनके निवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त कर रहे हैं। ज्ञातव्य हो कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कांग्रेस सदस्यता को लेकर 31 मार्च का लक्ष्य दिया है, इस सीमावधि के अंदर आम लोगों को कांग्रेस का सदस्य बनाये जाने सक्रियता लाई जाए। इसकी गंभीरता को देखते हुए विकास उपाध्याय ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जोन स्तर पर नियुक्त नामांकनकर्ताओं की बैठक ली एवं कहा कि आप यदि मेरे साथ डिनर करना चाहते हैं तो सदस्यता अभियान में तेजी लाकर कर सकते हैं। जिसके लिए शर्त यह है कि जो भी नामांकनकर्ता प्रतिदिन सबसे ज्यादा सदस्य बनाएगा उसे यह मौका मिलेगा और इसकी शुरुआत 13 मार्च से 31 मार्च तक प्रतिदिन जारी रहेगा।

विकास उपाध्याय ने बैठक के बाद कहा, कांग्रेस पार्टी का यह सदस्यता अभियान महज कागजी न होकर यथार्थ के धरातल में जनसेवा को लेकर उन व्यक्तियों को पार्टी का सदस्य बनाना है जो कांग्रेस के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित रहें। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, भाजपा एसएमएस के माध्यम से फर्जी सदस्य बनाकर विश्व का सबसे बड़ा पार्टी होने का दंभ भरती है। परंतु कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी द्वारा कही कथन पाण्डवों की तरह कार्य कर कौरवों की तरह कांग्रेस का बड़ा समुदाय बनाये जाने का अभियान चला रही है। कांग्रेस का सदस्य वही बनेगा जो मत देने की पात्रता रखता हो और एक बार कांग्रेस का सदस्य बन जाने के बाद वह व्यक्ति अन्य किसी पार्टी में सदस्य नहीं बन सकता। इसलिए कांग्रेस के नामांकनकर्ताओं को कहा गया है कि वे सिर्फ खानापूर्ति के लिए ही कांग्रेस का सदस्य न बनाएँ, बल्कि जिन्हें पार्टी में सदस्य बना रहे हैं उनसे चर्चा भी करें। विकास उपाध्याय के इस तरह की घोषणा के पश्चात् पूरे विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह है। नामांकनकर्ताओं में इस बात की होड़ लग गई है कि 13 मार्च को सबसे पहले विधायक विकास उपाध्याय के साथ कौन डिनर में सम्मिलित होगा।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news