रायपुर
रायपुर, 8 मार्च। उद्यानिकी विभाग के दैवेभो कर्मचारियों ने नियमितीकरण व पारिश्रमिक वृद्वि की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री बघेल के नाम ज्ञापन सौंपा। संभाग स्तरीय रैली उपरांत कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में जगन्नाथ वर्मा डिप्टी कलेक्टर ने यह ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होने मांग पत्र को नियमानुसार शासन को भेजने का भरोसा दिलाया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश दैनिक वेतनभोगी उद्यानिकी श्रमिक संघ के जिला अध्यक्ष धनश्याम वर्मा तथा प्रदेश तृतीय वग कर्मचारी संध प्रदेशाध्यक्ष विजय कुमार झा ने बताया है कि वर्षो से नियमितिकरण की मांग कर रहे अल्प वेतन भोगी कर्मचारियों को आश्वासन का झुनझुना ही मिला है। इससे उद्यानिकी कर्मचारियों में आक्रोष व्याप्त है।
राज्य सरकार बनने के बाद उद्यानिकी श्रमिकों के संबंध में कोई भी निर्णय विगत् 3 वर्षो में नहीं लिया गया है। प्रदर्शन में उमेश मुदलियार, अजय तिवारी, संजय शर्मा, इदरीश खान, विश्वनाथ ध्रुव, सुरेन्द्र त्रिपाठी, विमल चंद्र कुण्डू उद्यानिकी श्रमिक संघ के नेता चितरंजन दास, कृष्णा साहू, चांद सिंह निर्मलकर, रामधन साहू, खेमूराम साहू, अभिषेक तिवारी, आदि ने किया।