रायपुर

खैरागढ़ के लिए होली के बाद बैठेगी कांग्रेस की चुनाव समिति
13-Mar-2022 5:49 PM
खैरागढ़ के लिए होली के बाद बैठेगी कांग्रेस की चुनाव समिति

सर्वे रिपोर्ट प्रत्याशी चयन का मुख्य आधार होगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 मार्च। खैरागढ़ उपचुनाव का बिगुल बजने के बाद राजनीतिक हलचल  तेज हो गई है। कांग्रेस में प्रत्याशी चयन की कवायद चल रही है। इस कड़ी में प्रत्याशी चयन में सर्वे रिपोर्ट को मुख्य रूप से आधार बनाया जाएगा। बताया गया कि होली के बाद संभवत: 20 तारीख को प्रत्याशी चयन की बैठक होगी। इसमें दावेदारों का पैनल तैयार किया जाएगा, और माना जा रहा है कि उसी दिन अथवा 21 तारीख को प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी।

विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद खाली सीट में चुनाव को लेकर गहमागहमी चल रही है। कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन चल रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रत्याशी चयन में सर्वे रिपोर्ट मुख्य आधार होगा। पिछले चुनाव में कांग्रेस यहां तीसरे स्थान पर थी। इसलिए इस सीट पर कब्जा जमाने में पार्टी को एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ेगा। इस दिशा में काम भी चल रहा है।

बताया गया कि पार्टी ने प्रत्याशी चयन के लिए जिला कांग्रेस से नाम भी बुलाए हैं। इसके अलावा तीन सर्वे भी हो चुके हैं। सर्वे रिपोर्ट को चुनाव समिति की बैठक में रखा जाएगा। खैरागढ़ वैसे तो लोधी बाहुल्य सीट है, लेकिन इसमें जाति का जोर कम ही चला है। इस सीट पर राज परिवार का दबदबा रहा है। इस बार भी दिवंगत विधायक की पूर्व पत्नी पद्मा देवी दावेदारी कर रही हैं।

सूत्र बताते है कि होली के बाद प्रदेश की चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें दावेदारों में से एक से अधिक नाम का पैनल तैयार किया जाएगा। जिन नामों पर चर्चा चल रही है। उनमें शैलेंद्र वर्मा नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा, रंजीत चंदेल, दशमत जंघेल, नीलांबर वर्मा, कामदेव जंघेल, पूर्व विधायक गिरवर जंघेल सहित अन्य है। पार्टी संभवत: 21 तारीख तक प्रत्याशी घोषित कर देगी। क्योंकि नामांकन दाखिले की प्रक्रिया 17 मार्च से शुरू हो रही है।

 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news