रायपुर

बढ़ रहे साइबर क्राइम के केस, तीन साल में साढ़े 14 सौ से अधिक प्रकरण लंबित
13-Mar-2022 5:59 PM
 बढ़ रहे साइबर क्राइम के केस, तीन साल में साढ़े 14 सौ से अधिक प्रकरण लंबित

अब तक मात्र 2 प्रकरणों में हुई सजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 मार्च।  प्रदेश के साइबर क्राइम के प्रकरण तेजी से बढ़ रहे हैं। यद्यपि पुलिस कई प्रकरणों में आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल भी रही है, लेकिन ज्यादातर प्रकरणों में आरोपी बच जा रहे हंै। पिछले तीन साल में करीब साढ़े 14 सौ से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

बताया गया कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में साइबर क्राइम के कुल 1467 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वर्ष-2019 में 317, 2020 में 504, वर्ष-2021 में 575 और इस साल फरवरी तक कुल 71 प्रकरण दर्ज किए गए है।

जानकारी के अनुसार कुल 1467 प्रकरणों में 855 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वर्ष-2019 में दर्ज प्रकरणों में कुल 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वर्ष-2020 में 504 दर्ज प्रकरणों में 291 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वर्ष-2021 में 575 में 341 आरोपी गिरफ्तार किए गए। मगर ज्यादातर मामलों में आरोपी छूट गए हैं, या फिर अदालती कार्रवाई चल रही है। अब तक कुल 2 प्रकरणों में ही सजा हुई है।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक साइबर क्राइम के प्रकरणों में बढ़ोत्तरी को देखकर ही रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में जांच के लिए अलग से यूनिट का गठन किया गया है। साथ ही अदालत में सजा दिलवाने के लिए पुख्ता सबूत जुटाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

हत्या में तीसरे, आत्महत्या में दूसरे नंबर है छत्तीसगढ़...

आत्महत्या के मामलो में छत्तीसगढ़ देश में दूसरे नंबर पर है। नेशनल क्राइम ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक बलात्कार के मामलों में छत्तीसगढ़ 6वें नंबर और हत्या के मामलों में तीसरे नंबर पर है।

रिपोर्ट के मुताबिक चोरी में 17वें नंबर पर, डकैती में 5वें नंबर पर, हत्या में तीसरे नंबर पर अपहरण में 7वें नंबर पर, और फिरोती के लिए अपहरण के प्रकरणों में चौथे नंबर पर है। गैगरेप के प्रकरणों में 12वें नंबर पर है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news