बस्तर

पुरंदेश्वरी ने दिया जीत का मंत्र, कहा- छत्तीसगढ़ विजय का लक्ष्य पाने जुटें कार्यकर्ता
15-Mar-2022 9:20 PM
पुरंदेश्वरी ने दिया जीत का मंत्र, कहा- छत्तीसगढ़ विजय का लक्ष्य पाने जुटें कार्यकर्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 15 मार्च।
भाजपा आगामी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव जीत का लक्ष्य हासिल करने रणनीतिक रूप से आगे बढ़ रही है। चार दिवसीय बस्तर प्रवास पर आयी भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने आज भाजपा जिला कार्यालय में चार विधानसभा क्षेत्र की बैठकें लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया और छत्तीसगढ़ में अगले बरस होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को विजय का परचम लहराने आह्वान किया।

लगातार 10 घंटे चली आठ बैठकों में प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी एक-एक जिम्मेदार पदाधिकारियों से मुखातिब हुई। जगदलपुर, नारायणपुर, चित्रकोट और बस्तर विधानसभावार बैठकों के साथ जिला कार्यसमिति की बैठक को डी. पुरंदेश्वरी ने संबोधित किया।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि हालिया चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार विजय मिली है। इसी तरह भाजपा कार्यकर्ताओं को छत्तीसगढ़ को भी जीतना है। आज और अभी से भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर आगे बढ़े।

भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के निरंतर बस्तर आगमन से भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है, जो आज संगठन की बैठकों में भी नजर आया। भाजपा जिला कार्यालय में दोपहर 12 बजे से आरंभ हुआ बैठकों का दौर रात्रि 9 बजे तक निरंतर चलता रहा।

प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि सशक्त मण्डल सक्रिय बूथ का मंत्र लेकर कार्यकर्ता कार्य करें। मण्डल व बूथ स्तर से ही जीत का रास्ता निकलता है। प्रतिमाह मण्डल व बूथ कमेटी की बैठक अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों को निरंतर उठाए, जनता की आवाज बने। झूठे वायदों के साथ सत्ता में काबिज हुयी कांग्रेस का घोषणा पत्र अपने आप में एक बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस सरकार से जवाब मांगे कि छत्तीसगढ़ के छत्तीस कांग्रेसी वायदों का क्या हुआ। प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि हमें भाजपा के कार्यकर्ताओं पर गर्व हैं, जो राष्ट्रहित व जनहित का उद्देश्य लेकर कार्य करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं आम जनता के लिए लागू की हैं, जिन्हें भाजपा के ऊर्जावान कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचाए। एकजुटता व समवेत प्रयास से जीत का लक्ष्य हासिल करें। प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय भी बैठकों में मौजूद रहें, उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को संगठित रहते हुए कार्य करने कहा।

भाजपा जिला कार्यालय में आज हुयी मैराथन बैठक सबसे पहले नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र से आंरभ हुयी और आखिर में देर रात जगदलपुर विधानसभा के साथ बैठक का समापन हुआ। प्रदेश महामंत्री किरण देव ने बैठकों का संचालन किया।

 बैठकों में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, केदार कश्यप, महेश गागड़ा, रूपसिंह मण्डावी, डॉ. सुभाऊ कश्यप,  संतोष बाफना, श्रीनिवास राव मद्दी, कमलचंद्र भंजदेव, बैदुराम कश्यप, विद्याशरण तिवारी आदि मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news