सरगुजा

यूथ कांग्रेस चुनाव के लिए नामांकन शुरू
20-Apr-2022 7:09 PM
यूथ कांग्रेस चुनाव के लिए नामांकन शुरू

सरगुजा में जिलाध्यक्ष के लिए होगी कड़ी टक्कर

अम्बिकापुर, 20 अप्रैल। यूथ कांग्रेस का चुनाव 20 अप्रैल से प्रारंभ हो गया है। दिल्ली से चुनाव संपन्न कराने सरगुजा आए ठाकुर सिंह बिष्ट ने अंबिकापुर नगर के राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि यूथ कांग्रेस के प्रदेश, जिला स्तर के सारी बॉडी भंग हो गई है, आज से कोई भी किसी पद पर नहीं है।

2016 में आखिरी बार यूथ कांग्रेस का चुनाव हुआ था, वैसे तो आमतौर पर तीन-चार साल में चुनाव हो जाता है, पर कोरोना महामारी के कारण 2 वर्षों से चुनाव नहीं हो पा रहा था। बुधवार 20 अप्रैल से छत्तीसगढ़ प्रदेश में नामांकन के साथ यूथ कांग्रेस का चुनाव प्रारंभ हो गया है। इस बार चुनाव ऑनलाइन होगा, मेंबर शिप, नॉमिनेशन, आपत्ति, स्क्रूटनी व अन्य प्रक्रिया भी ऑनलाइन होगी। सदस्य की आयु 18 से 35 वर्ष होनी चाहिए, तभी वह इस चुनाव में हिस्सा लेंगे।

आगे कहा कि 20 से 28 अप्रैल की रात 12 बजे तक नॉमिनेशन की प्रक्रिया चलेगी, 21 से 30 अप्रैल तक मेंबर आपत्ति कर सकते हैं। मेंबर जब भी नॉमिनेशन करेगा, वेबसाइट में दिखने लगेगा। दो मई को स्क्रूटनी होगी, 5 मई को लिस्ट फाइनल होगा, 12 मई से 12 जून तक मेंबरशिप होगा। पेमेंट रिसीव होने के बाद ही नॉमिनेशन मान्य होगा, ऐसा ही मेंबरशिप में भी होगा। जिसने जितना जल्दी नॉमिनेशन किया है, उसका सीरियल नंबर भी उतना ही ऊपर होगा। एसटी-एससी के लिए भी प्रावधान किया गया है। मेंबरशिप के लिए 50 रुपए फीस है, उसे सभी को देना पड़ेगा।

इन पदों के लिए होगा चुनाव
यूथ कांग्रेस का चुनाव प्रदेश अध्यक्ष व महासचिव, जिला अध्यक्ष एवं विधानसभा अध्यक्ष के लिए होगा। वार्ता के दौरान ठाकुर सिंह ने बताया कि उक्त चारों पदों के लिए चुनाव ऑनलाइन तरीके से होगा और इसमें गड़बड़ी की कोई आशंका नहीं है, वेबसाइट को बहुत अच्छे से डिजाइन किया गया है। कोविड के कारण अभी हाल में ही 9 राज्यों में ऑनलाइन चुनाव करा चुके हैं, इसलिए छत्तीसगढ़ में भी ऑनलाइन तरीके से ही चुनाव होगा, इसमें गड़बड़ी की कोई आशंका नहीं है।
प्रेस वार्ता के दौरान अजय सिंह, आलोक सिंह, हिमांशु जायसवाल, नीतीश चौरसिया, आशीष जायसवाल, विष्णु देव सिंह, सतीश बारी सहित अन्य मौजूद थे।

जिला अध्यक्ष के लिए कई दावेदार
सरगुजा में इस बार यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के लिए कड़ी टक्कर होने की संभावना दिख रही है। यूथ कांग्रेस सरगुजा के जिला अध्यक्ष के लिए कई दावेदार हैं। यूथ यहां दो खेमा में बंटा हुआ दिख रहा है, कौन सा खेमा इस चुनाव में भारी पड़ेगा,  यह तो आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन चुनाव को लेकर दोनों ही खेमा के युवाओं में काफी जोश दिख रहा है। इसी तरह विधानसभा अध्यक्ष के लिए भी युवा जोर लगा रहे हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news