रायपुर
![लोन का लालच देकर बैंक एकाउंट से गायब किए 4 लाख से ज्यादा लोन का लालच देकर बैंक एकाउंट से गायब किए 4 लाख से ज्यादा](https://dailychhattisgarh.com/uploads/chhattisgarh_article/1652277062611842327G_LOGO-001.jpg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 मई। शहर में एक बार फिर ऑन लाइन फ्राड का बड़ा केस सामने आया है। एक महिला को झांसे में लेकर अज्ञात ने उसके बैंक खाते से चार लाख रुपये से ज्यादा गायब कर दिए। मामला उजागर होने के बाद गुढिय़ारी थाना में केस दर्ज किया गया। बुधवार को पुलिस ने बताया कि गुढिय़ारी राम नगर इलाके में रहने वाली यशोदा साहू ऑन लाइन फ्राड का शिकार हुई। अज्ञात शख्स ने उसके नंबर पर एक अगस्त 2021 को संपर्क किया था। फोन 87081-74076 से संपर्क साधा। फोन लगाने वाले ने महिला को उनकी डिमांड के हिसाब से लोन दिलाने की बात कही। सरकारी योजना के तहत में बड़ी रकम लोन दिलाने का भरोसा दिलाया। इस तरह से आरोपी ने भरोसा जीत लेने के बाद बैंक के सारे डिटेल ले लिए। महिला से कुछ दिनों बाद गोपनीय वासवर्ड पूछकर धीरे-धीरे खाते से रकम गायब कर दिए। छह से आठ महीने के भीतर में महिला के खाते में सेंध लगाते हुए चार लाख रुपये से भी ज्यादा किसी और खाते में करा लिए। कई दिनों बाद महिला बैंक जाकर अपने खाते की जानकारी ली तभी उसके खाते से रकम गायब होने के बारे में पता चला। महिला ने तुरंत बैंक से जानकारी लेकर पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज कराई।