राजनांदगांव
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर उपलब्धि को ‘चैम्पियन्स ऑफ चेंज’ कहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जून। नीति आयोग के अप्रैल 2022 की डेल्टा रैकिंग में कृषि और जल संसाधन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए राजनंादगांव जिले को देश के एस्पिरेशनल जिलों में 5वां स्थान मिला है। यह खबर सुनकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बकायदा ट्वीट कर इस उपलब्धि को चैम्पियन्स ऑफ चेंज करार दिया है। इस सफलता को राजनांदगांव जिले में आधारभूत कृषि विधियों को अपनाने और समुचित जल प्रबंधन का सशक्त प्रमाण माना जा रहा है। कृषि और जल बचाओ के लिए राजनांदगांव में प्रशासनिक स्तर पर कई प्रयास हो रहे हैं। देश में 5वां स्थान मिलने से जिला प्रशासन को भी बधाईयां मिल रही है। नीति आयोग द्वारा चलाए जा रहे कृषि और जल संसाधन के बेहतरी के लिए कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम कड़ी मेहनत कर रही है। कृषि और जल संसाधन के लिए उठाए गए कदम से नीति आयोग को राजनांदगांव जिले में अपेक्षित नतीजे मिले हैं। मुख्यमंत्री द्वारा चैम्पियन्स ऑफ चेंज करार देने से प्रशासन में उत्साह का संचार हुआ है।