राजनांदगांव

कलेक्टर ने किया धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण
07-Jul-2022 3:13 PM
कलेक्टर ने किया धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जुलाई।
नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ के बधियाटोला में एक एकड़ में कृष्ण कुंज बनाया जाएगा। इसके लिए चिन्हांकित भूमि और किए जा रहे कार्यों का जायजा लेने कलेक्टर डोमन सिंह ने यहां का अवलोकन किया। कलेक्टर ने वन विभाग के अधिकारियों से इसके लिए की जा रही तैयारी और पौधरोपण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृष्ण कुंज क्षेत्र को आवश्यक फेसिंग अवश्य कराएं। जिससे पौधों की सुरक्षा पुख्ता हो सके। उन्होंने फेसिंग के साथ ही प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि कृष्ण कुंज बनने से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही नगर पालिका क्षेत्र के लिए एक मनोरम केन्द्र भी बनेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी कार्य अति शीघ्र कर लेने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने डोंगरगढ़ में संचालित धन्वंतरी मेडिकल स्टोर पहुंचकर यहां रखे गए दवाई का अवलोकन किया। उन्होंने दुकान संचालक को क्षेत्र की मांग के अनुसार आवश्यक दवाई की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने सभी चिकित्सक को जेनेरिक दवाई लिखने निर्देशित किया, ताकि आमजन सस्ती दवाई आसानी से खरीद सकें।

बिक्री केन्द्र का किया अवलोकन
कलेक्टर ने डोंगरगढ़ नगर पालिका परिषद क्षेत्र में संचालित वर्मी कंपोस्ट खाद निर्माण बिक्री केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वर्मी कंपोस्ट की गुणवत्ता बनी रहनी चाहिए। यह भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने में काफी फायदेमंद है। उन्होंने यहां अभी वर्तमान में रखे गए कंपोस्ट की मात्रा की जानकारी ली। उन्होंने केन्द्र में रखे गए शेष कंपोस्ट खाद की बिक्री के लिए सोसायटी प्रबंधक से समन्वय कर बिक्री कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सिंह ने डोंगरगढ़ विकासखंड में भ्रमण के दौरान डोंगरगढ़ में प्रसाद योजना के तहत बन रहे दुकान के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसी को शीघ्र ही गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने निर्देशित किया। उन्होंने यहां डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी मंदिर की महिमा को देखते गढक़लेवा के लिए भूमि चिन्हांकित करने भी कहा। उन्होंने कहा कि यह स्थान छत्तीसगढ़ के लिए खास पहचान रखता है। यहां गढक़लेवा की स्थापना होने से छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को एक खास पहचान मिलने के साथ ही बढ़ावा मिलेगा।

महिलाओं ने किया कलेक्टर का  स्वागत
कलेक्टर सिंह ग्राम पंचायत कलकसा स्थित गौठान का अवलोकन किया। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना की। कलेक्टर के यहां पहुंचने पर महिलाओं ने कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया।  कलेक्टर ने यहां महिला समूह द्वारा बनाए जा रहे वर्मी कंपोस्ट खाद का भी अवलोकन किया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news