जान्जगीर-चाम्पा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 20 अक्टूबर। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जगह देने के चलते हुए विवाद के बाद कांग्रेस नेता ने दूसरे वरिष्ठ नेता का कॉलर पकड़ लिया। लोगों ने बीच-बचाव कर झगड़ा बढऩे से रोका लेकिन इसके चलते काफी देर तक तनाव बना रहा।
पामगढ़ क कुटराबड़ में बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कार्यक्रम रखा गया था। उनके स्वागत के लिए हेलीपैड पर कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे थे। ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष नवल सिंह अपने समर्थकों के साथ वहां मौजूद थे। इसी बीच वहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता लव तिवारी भी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे।
उन्होंने नवल सिंह से जगह बनाने के लिए कहा ताकि सभी लोग सीएम का स्वागत कर सकें। इस पर विवाद हो गया और नवल सिंह ने रवि गोयल का कॉलर पकड़ लिया। इससे माहौल गर्मा गया। लोगों ने किसी तरह नवल सिंह से लव तिवारी को छुड़ाया। सीएम के पहुंचने से पहले तक माहौल गरमाया रहा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह की मौजूदगी में हुई इस घटना पर संगठन ने अभी कोई कार्रवाई नहीं की है।