राजनांदगांव

तीन माह से नहीं मिला नगरीय निकाय कर्मचारियों को वेतन, आक्रोश
22-Oct-2022 3:19 PM
तीन माह से नहीं मिला नगरीय निकाय कर्मचारियों को वेतन, आक्रोश

दीपावली से पूर्व वेतन नहीं मिलने से कर्मचारी कर्ज में डूबे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 22 अक्टूबर।
नगर पंचायत के नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियो को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। दीपावली पर्व से पूर्व वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियो में आक्रोश है। पीडि़त कर्मचारियों ने अपना दुखडा सुनाते बताया कि निरंतर तीन माह से वेतन नहीं मिलने से वे कर्ज में डूब गए हैं। दैनिक दिनचर्या एवं जीवन से जुड़ी परिवार की जरूरतों को पूरा करने उन्हें दर-दर की ठोकरे खाना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से साल के सबसे बड़े पर्व में उनके हाथ में पैसा नहीं है। ऐसे में उनकी दीपावली अंधेरी हो जाएगी।

नगर पंचायत अं. चौकी के अधिकारी-कर्मचारियों को जुलाई माह से वेतन नहीं मिला है। नगरीय निकाय कर्मचारी संघ के प्रमुख तिलक यादव, भरत अग्रवाल, जलील अहमद रब्बानी, मो. सोफू जिलानी, दीपक सलामे, दशरथ शर्मा, समलियाराम साहू, कविता तिवारी, लोकेश सलामे, रमेश पटेल सहित अन्य कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें निरंतर तीन माह से वेतन नहीं मिला है। नगरीय निकाय के कर्मचारियों ने अपना दुखडा सुनाते बताया कि दूसरे विभागों के कर्मचारियों को दीपावली पर्व पर बोनस एवं अन्य एलाउंस दे रही है और दिन-रात काम करने वाले नगरीय निकाय के कर्मचारियों को सबसे बड़े त्यौहार में वेतन नहीं मिल पा रहा है। निरंतर तीन माह से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियो में काफी निराशा तथा शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश व्याप्त है।

शासन को वेतन के लिए भेजा 35 लाख का डिमांड
नगर पंचायत के लगभग 53 कर्मचारियों को तीन माह का वेतन नहीं मिला है। यदि इन कर्मचारियो को एकमुश्त वेतन दिया जाना है तो नगर पंचायत को वेतन भुगतान के लिए 35 लाख की जरूरत पड़ेगी। नगर पंचायत से जानकारी मिली है कि वेतन भुगतान के लिए आ रही समस्याओं की जानकारी नगरीय प्रशासन विकास विभाग के शीर्ष कार्यालय एवं वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है। साथ ही वेतन भुगतान के लिए पखवाड़े भर पहले 35 लाख की डिमांड भेजी गई है। डिमांड राशि नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं हो पा रहा है।

5 माह से नहीं मिला है पार्षदों का मानदेय
नगर पंचायत की माली हालत इतनी खराब है कि पार्षदों को भी 5 माह का मानदेय नहीं मिला है। नगर पंचायत में पार्षदों को मात्र दो हजार मानदेय मिलता है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पार्षदों के मानदेय को डबल कर दिया है, लेकिन पार्षदों तथा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को अब तक बढ़ा हुआ मानदेय तो दूर पहले का निर्धारित मानदेय नहीं मिला है। सीएमओ दिलीप कुमार यदु ने कहा कि नगर पंचायत के रेगुलर कर्मचारियों का दो माह का एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों का एक माह का वेतन रूका हुआ है। शीर्ष कार्यालय एवं वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई है। डिमांड रशि प्राप्त होते ही जल्द वेतन भुगतान किया जाएगा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news