राजनांदगांव

महाकाल के शोभायात्रा में कटप्पा और अघोरियों की रही धूम
18-Feb-2023 1:20 PM
महाकाल के शोभायात्रा में कटप्पा और अघोरियों की रही धूम

 संस्कारधानी में भोलेनाथ की आवभगत में उमड़ी भीड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 फरवरी।
महाशिवरात्रि पर्व के एक दिन पहले महाकाल की शोभायात्रा में उड़ीसा के कटप्पा और हरियाणा के अघोरियों के बीच भगवान भोलेनाथ के भक्त झूम उठे। भगवान भोलेशंकर के आवभगत के लिए लोगों की भीड़ सडक़ों में उमड़ आई। 

शोभायात्रा में भस्म आरती और भोलेनाथ की अलौकिक गाथाओं का जीवंत रूप देखकर भक्त गदगद हो गए। हर साल संस्कारधानी नगरी में महाकाल मित्र मंडल द्वारा शोभायात्रा निकाली जाती है। इस साल भी  सेवा समिति द्वारा भगवान महाकाल की विशेष शोभायात्रा में शहर के हर तबके ने अपनी भागीदारी दिखाई। महाकाल मित्र मंडल के अध्यक्ष निखिल द्विवेदी के मार्गदर्शन में गुरूनानक चौक से शोभायात्रा प्रारंभ हुई। इस यात्रा में राऊत नाचा, पंथी नृत्य, आदिवासी नृत्य के अलावा भस्म आरती की झांकी देखकर लोगों ने धार्मिक लाभ उठाया। 

शोभायात्रा में खासियत के रूप में ओडिशा से आए कटप्पा की प्रस्तुति देखकर भक्तगणों का दिल झूम गया। वहीं हरियाणा की अघोरी मंडली भी शोभायात्रा में नृत्य करते नजर आई। अघोरियों के वेशभूषा और नृत्य को देखकर भक्तगण रोमांचित हुए। शोभायात्रा गुरूनानक चौक से लेकर मानव मंदिर चौक, गांधी चौक, बसंतपुर थाना, भारतमाता चौक, कामठी लाईन, सिनेमा लाईन, जयस्तंभ चौक होते हुए म्युनिसिपल स्कूल मैदान में समाप्त हुई।

शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ की स्तुति से जुड़ी भक्तिगीत में लोगों को रोमांचित कर दिया। भस्म आरती को प्रत्यक्ष रूप से देखने का भक्तों को स्वर्णिम अवसर मिला। वहीं अघोरियों ने अपने नृत्य के जरिये भक्तों का ध्यान अपनी ओर खींचा। महिलाओं-पुरूषों के अलावा युवा वर्ग भी महाकाल का जयघोष करते शोभायात्रा में थिरकते रहे। बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद  और सुखद जीवन की कामना लेकर हर तबके ने शोभायात्रा में भाग लिया। पिछले कुछ सालों से बाबा भोलेनाथ के प्रति लोगों की आस्था बढ़ी है। महाशिवरात्रि पर्व में हर साल शहर में दर्जनों आयोजन होते हैं। ओडिशा के कटप्पा को देखने के लिए लोगों की भीड़ नजर आई। कटप्पा ने अपने आकर्षक अंदाज से लोगों का दिल जीत लिया। महाकाल के शोभायात्रा में कल शहर के हर चौक-चौराहों में लोगों की भीड़ उमड़ी रही।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news