राजनांदगांव

महाशिवरात्रि में पूजे गए भोलेनाथ, घरों में कथाएं और मंदिरों में जलाभिषेक
18-Feb-2023 1:21 PM
महाशिवरात्रि में पूजे गए भोलेनाथ, घरों में कथाएं और मंदिरों में जलाभिषेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 फरवरी।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर व्यापक उत्साह के साथ भक्तों ने शनिवार को एक ओर मंदिरों में माथा टेककर भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। वहीं घरों में भगवान शिव  की गाथाओं के साथ भजन-कीर्तन हुए। मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों में तांता लगा रहा। समूचे अंचल में शिव मंदिरों में विविध धार्मिक आयोजन के साथ भंडारे में लोग शामिल हुए। प्रसादी के तौर पर लोगों ने मंदिरों और अलग-अलग इलाकों में आयोजित भंडारे में बढ़-चढक़र भाग लिया। शिव मंदिरों में शिवलिंग की पूजा करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। शहर के बड़े मंदिरों में आज सुबह से ही भक्तों की कतार रही।

भगवान भोलेनाथ के पसंदीदा खानपान और वस्तुओं को भक्तों ने अर्पित किया। धतुरा, बेलपत्र, दही, दूध, मक्खन समेत अन्य पूजन सामग्रियां लेकर परिवार समेत मंदिरों में लोग पहुंचे। महाशिवरात्रि पर्व पर विशेष कृपा के लिए श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के बाद दान-दक्षिणा भी दिया। शिव भक्तों में एक वर्ग ऐसा था जिसने शिवनाथ नदी से जल लेकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। सुबह से ही सडक़ों में बोल बम की गूंज सुनाई दी। शहर के प्रसिद्ध मंदिरों में से एक रेवाडीह में व्यापक तैयारी की गई। पूर्व महापौर नरेश डाकलिया के नेतृत्व में हर साल भोलेनाथ  की पूजा-अर्चना की व्यवस्था की जाती है। उधर शिवनाथ नदी के किनारे स्थित भगवान शिव की प्रतिमा के समक्ष लोगों ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।   सुबह से दोपहर तक मंदिरों में जल के अलावा दुग्धाभिषेक किए गए। अंचलभर में आज महाशिवरात्रि पर्व का उत्साह बढ़-चढक़र भक्तों में रहा। इस बीच शहर के बाजार में भी पूजन-सामग्रियों की खरीदी-बिक्री के लिए सुबह से लोगों की भीड़ उमड़ी। हवन और अन्य पूजन सामग्रियों के अलावा मिठाईयों की भी खरीदी की गई। पूजन सामग्री दुकानों में सुबह से ही लोग सामग्री खरीदी के लिए डटे रहे। शहर के पाताल भैरवी मंदिर, भरकापारा स्थित शिव मंदिर, बसंतपुर स्थित शिव मंदिर, मां शीतला मंदिर, बांसपाईपारा स्थित शिव मंदिर के अलावा अलग-अलग इलाकों के शिव मंदिरों में भक्त माथा टेककर खुशहाली की कामना की।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news