दुर्ग

3 दिन से लापता महिला की मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस
24-Feb-2023 2:25 PM
3 दिन से लापता महिला की मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

चाय दुकान चलाती थीं, हत्या की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 फरवरी।
दुर्ग जिला के जामुल इलाके से पिछले तीन दिन से लापता जिस महिला की लाश मिली, उसका चेहरा जला हुआ है। पुलिस ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
महिला की शिनाख्त मधु जांगड़े (40 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला चाय की दुकान चलाने का काम करती थी। लाश मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, जामुल के ढौर ग्राम में कुछ ग्रामीण खेत गए हुए थे, जहां उन्होंने महिला की लाश देखी। जिसके बाद इसकी जानकारी फौरन गांव के अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। कुछ  देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक की टीम भी थी।

मौके पर पहुंचे जवानों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। महिला का चेहरा जला होने से पुलिस हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता रही है।  मृतका घासीदास नगर वार्ड 23 बॉम्बे आवास जामुल थाना के पीछे रहती थी। पति को छोड़ चुकी थी। मृतका के दो बच्चे हैं। मृतका हथखोज स्थित इंस्ट्रीयल एरिया में चाय की दुकान चलाती थी। यहीं से महिला गायब हुई थी। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की। मधु की कोई जानकारी नहीं मिलने पर शारदापारा निवासी मां ने अपनी बेटी के लापता की सूचना थाने दर्ज कराई थी। कल महिला की लाश मिलने के बाद पुलिस महिला के परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।

जामुल थाना प्रभारी याकूब मेमन ने बताया कि शव से बदबू आ रही थी, जिस तरह से महिला की लाश मिली, उससे लग रहा है कि महिला की हत्या कर पहचान छिपाने चेहरे को जलाया गया है। पुलिस जल्द ही इस मामले की तह तक जाएगी और आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news