राजनांदगांव

शहरवासियों ने उमंग एवं उत्साहपूर्वक लिया गुड मार्निंग राजनांदगांव में भाग
05-Mar-2023 3:39 PM
शहरवासियों ने उमंग एवं उत्साहपूर्वक लिया गुड मार्निंग राजनांदगांव में भाग

विभिन्न खेल, योग, व्यायाम, एवं जुंबा डांस में हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मार्च।
गुड मार्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम की सुबह आज पुष्प वाटिका  में उमंग एवं उत्साह से भरे शहरवासियों ने विभिन्न खेल, योग, व्यायाम, एवं जुंबा डांस में भाग लिया। कलेक्टर श्री डोमन सिंह की पहल पर आज पुष्प वाटिका में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित गुड मार्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम में खूब चहल-पहल रही। सभी बच्चों, युवाओं एवं बड़ों ने विभिन्न खेलों मेंं बढ़चढ़़ कर हिस्सा लिया। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने कहा कि एक नवाचार के तौर पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। माह के पहले रविवार को हम सभी नागरिकों को स्वस्थ एवं फिट रहने के लिए संदेश देने की कोशिश करते हैं। परीक्षा के समय को देखते हुए तनाव से मुक्त रहकर 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने एवं सफल होने के लिए यहां बताया गया। यहां व्यायाम, खेल के साथ बच्चों का मनोरंजन भी हो रहा है।

जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार ने कहा कि गुड मार्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम के तहत नागरिकों को व्यायाम, अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बिना तनाव के पढ़ाई करने के लिए बच्चों को टिप्स दिए। कैसे पढ़ाई पर ध्यान केन्द्रित करना है, इस बारे में बताया गया। उन्होंने बच्चों से कहा कि परीक्षा के दौरान स्कूल में जो पढ़े हैं, उसे लगातार रिवाईज करते रहें, जिससे मदद मिलेगी। शॉर्ट नोट्स बनाएं, पढ़ाई के बीच में छोटे ब्रेक लें, ग्रुप डिस्कशन भी करते रहें और तनाव मुक्त होकर पढ़ाई करें। उन्होंने बताया कि स्कूल में शिक्षकों को भी निर्देशित किया गया है कि परीक्षाओं के दृष्टिगत बच्चों के मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए, उनसे संपर्क में रहे और उनका मनोबल बढ़ाएं। उन्होंने सभी को होली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि सद्भावना, सौहार्द्र एवं खुशी के साथ सुरक्षित होली खेलें। नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि फिटनेस की थीम पर स्वास्थ के प्रति जागरूकता लाने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन लगातार किया जा रहा है। शहरवासियों में स्वास्थ के प्रति सजगता बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि सभी को अपनी व्यस्त दिनचर्चा से समय निकाल कर व्यायाम जरूर कना चाहिए। उन्होंने सभी को होली पर्व की बधाई दी तथा सुरक्षित रंगों का उपयोग करते हुए होली खेलने के लिए कहा।
अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी श्री मृणाल चौबे ने सभी को सिनक्रोनाइजेसन, हाईनी, लेग रेस, सिनक्रोनाइज्ड क्लैपिंग, लेग लाउजेंस अभ्यास कराया। ताली बजा के झपटो कोन में सभी ने बहुत चुस्ती-फुर्ती दिखाई। म्यूजिकल सीढ़ी के अनोखे खेल में बच्चों के साथ-साथ बड़ों ने भी लंबी छलांग लगाई। हॉकी बाल्टी गोल खेल में टीमों ने हॉकी के जरिए बाल को बाल्टी में डालने के लिए दम-खम लगाया। कराटे में युवाओं ने मार्शल आर्ट में हाथ-पैर आजमाएं। आत्मरक्षा के लिए किक मारने के साथ ही पंच अटैक एवं फ्रंट किक लगाकर सभी ने सुरक्षा के गुर सीखे। जुम्बा डांस में बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों सहित सभी ने आनंद लिया। विभिन्न खेलों में बच्चों ने खूब धमा-चौकड़ी मचाई। दिव्यांगजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए और ट्रायसायकल पर अभ्यास किया। गुड मार्निंग राजनांदगांव के आयोजन में आयुष विभाग द्वारा नि:शुल्क काढ़ा तथा कृषि विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा भीगे चने, मूंग एवं मूंगफली भी वितरण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अरूण वर्मा, संयुक्त कलेक्टर  खेमलाल वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश सिंह, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, आस्था मूक बाधिर शाला के अध्यक्ष हेमंत तिवारी, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. महेश मिश्रा, हॉकी कोच अनुराज श्रीवास्तव, राजनांदगांव मार्शल आर्ट अकादमी के मुरली ठाकुर, संचालक बाडी टेक जिम रूचिका आजमानी, कोच खेलो इंडिया  शरीफ अहमद,  कार्तिक यदु, कामिनी राजपूत, लता श्रीवास, रंजना यादव,  दक्ष ठक्कर,  देविका, शिव चौबे एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, आम नागरिक उपस्थित थे।

दिग्विजय स्टेडियम प्रबंधक श्री रणविजय सिंह ने मंच संचालन करते हुए सभी को व्यायाम के लिए प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि गुड मॉर्निंग राजनांदगांव का आयोजन माह के प्रथम रविवार को जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण के तत्वावधान में किया जा रहा है। जिसमें विविध खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में योग-प्राणायाम, कराते, रोप स्कीपिंग, जू-जित्सु, वुशु, टग ऑफ वॉर, स्केटिंग, जिम बॉल, थेरा बैंड, मिलीट्री रोप, एडवांस फिजिकल एक्सरसाईज विथ बोसु बॉल जैसे खेलों के साथ-साथ योग, व्यायाम एवं जुम्बा डांस का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों, सभी ग्राम पंचायतों और सभी हेल्थ वैलनेस सेंटर में भी गुड मॉर्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news