गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 16 अगस्त। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा में भाजपा मंडल तामासिवनी-चंपारण द्वारा लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मोदी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्षों के कार्यकाल में एक नये भारत का उदय हुआ है, जहां हर वर्ग के लोगों को समान, सम्मान दिया जा रहा है। आज देशवासी खुश और देश सशक्त है। वहीं देश को कमजोर करने वाली विभिन्न ताकतों को कुचला जा रहा है। दुश्मन देश भी हमारे देश की ओर आंखें टेढ़ी करने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक कर्मयोगी की तरह देश और देशवासियों की ईमानदारी से सेवा करने में जुटे हुए हैं। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए सभी देशवासियों के आशीर्वाद और समर्थन की सतत आवश्यकता है।
इस अवसर पर उपस्थित 150 लाभार्थी महिलाओं द्वारा एक-एक पौधे का इस प्रकार कुल 150 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में डॉ निमई विश्वास, टीआर वर्मा, नारायण यादव, तोषण साहू, विवेक तिवारी, परसराम साहू, कृष्ण कुमार साहू, पवन पटेल, राजेश्वरी चंद्राकर, गजेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।