गरियाबंद

सीएम अपने साथ लेकर गए युवा नेता देवांगन को
27-Apr-2024 2:55 PM
सीएम अपने साथ लेकर गए युवा नेता देवांगन को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 27 अप्रैल। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार शाम अभनपुर के ग्राम पिपरौद पहुंचे थे। वे यहां रायपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। सभा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री साय जाते-जाते अपने साथ नवापारा निवासी युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन को अपने ही कार में बिठाकर रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास ले गए।

देवांगन को मुख्यमंत्री साय के साथ जाते देखकर सभा स्थल पर मौजूद भाजपा का हर छोटा-बड़ा नेता हैरान रह गया क्योंकि मुख्यमंत्री के साथ उनकी ही कार में बैठने का सौभाग्य गिने-चुने लोगों को ही मिल पाता है।

खैर इस पूरे घटनाक्रम पर देवांगन ने बताया कि मुख्यमंत्री साय से उनका आत्मीय संबंध काफी पुराना है। दो वर्ष पूर्व जब श्री साय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे, तो श्री साय उनके बुलावे पर उनके निवास पर आयोजित श्रीमद भागवत महापुराण में भी शामिल हुए थे। इसके अलावा समय-समय पर श्री साय से उनकी मुलाकात होते रहती थी। श्री साय हमेशा उन्हें अपने छोटे भाई जैसा मान देते आये हैं। शुक्रवार शाम पिपरौद में सभा समाप्त होने के बाद श्री साय जब वापस जा रहे थे तो उन्होंने उन्हें (किशोर) साथ चलने कहा। श्री साय उन्हें मुख्यमंत्री निवास ले गए, जहां 40 मिनट तक मुख्यमंत्री जी के साथ उन्होंने अभनपुर क्षेत्र सहित प्रदेश स्तर से जुड़ी विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

देवांगन ने बताया कि श्री साय, आज मुख्यमंत्री बन चुके हैं, लेकिन उन्होंने अपनी सादगी आज भी बरकरार रखी है। यही वजह है कि अपने परिचितों को वे आज भी बराबर सम्मान देते हैं।

श्री साय आज भी अपने आपको मुख्यमंत्री बाद में और भाजपा का एक जनसेवक पहले मानते हैं। उनकी यही खूबी उन्हें, अन्य राजनेताओं से अलग करती है। देवांगन ने विश्वास जताते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सभी 11 सीट व रायपुर लोकसभा से लोकप्रिय बृजमोहन अग्रवाल भैया 6 लाख अधिक वोटों से जीत हासिल करेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी के अलावा मुख्यमंत्री साय की सादगी और उनके द्वारा 3 महीने के अल्प काल में किए गए विभिन्न जनहितैषी कार्य की सबसे अहम भूमिका रहेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news