गरियाबंद

सभी 11 सीट पर भाजपा का कमल खिलेगा-सीएम
27-Apr-2024 2:21 PM
सभी 11 सीट पर भाजपा का कमल खिलेगा-सीएम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 27 अप्रैल।  शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवापारा भाजपा मंडल अंतर्गत ग्राम पिपरौद में चुनावी सभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने  कहा कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव का भाजपा के पक्ष में अच्छा रुझान आया है। पहले और दूसरे चरण में हुए मतदान में भाजपा चुनाव जीत रही है। इसी के साथ छत्तीसगढ़ में 11 की 11 सीट पर भाजपा का कमल खिलने वाला है। कार्यक्रम में रायपुर सांसद सुनील सोनी, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, अशोक बजाज, संदीप शर्मा, श्याम नारंग, अभनपुर क्षेत्र के चारों मंडल के अध्यक्ष, उमेश यादव, नारायण, अनिल अग्रवाल, पारणमणि साहू, पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय गोयल आदि मंच पर उपस्थित थे।

सीएम विष्णुदेव साय ने सभा में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के ऊपर आक्रमक अंदाज में साफ-साफ कहा कि पांच साल सत्ता में रहने वाले भूपेश ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। जनता को सिर्फ ठगा है। हर चीज में इन्होंने भ्रष्टाचार किया। कोयला, रेत, शराब और गोबर घोटाला जैसे कई कारनामे है। इन्हें लोकसभा चुनाव में राजनांदगांव की जनता सबक सिखाने जा रही है। सीएम श्री साय ने कहा कि महादेव एप्प वाले मामले में इनके खिलाफ 508 करोड़ रूपए की लेन देन को लेकर एफआईआर हो चुका है। उनका जेल जाना तय है।

श्री साय ने अपने भाषण की शुरूआत भारत माता के जयकारे के साथ किया और उपस्थित जनसमुदाय से नारा लगवाया अब की बार चार सौ पार, फिर एक बार मोदी सरकार। सभा में शाम हो जाने के बावजूद भारी भीड़ थी। सीएम श्री साय ने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव छोटा, मोटा चुनाव नही है बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है। गरीब का बेटा नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री है। तीसरी बार भी इन्हें प्रधानमंत्री बनाना है। श्री मोदी के नेतृत्व में भारत फिर से विश्व गुरू बनेगा। देश और दुनिया में तीसरा बड़ा आर्थिक ताकत के रूप में भारत खड़ा होगा। श्री मोदी ने गरीबों को मकान देने का काम किया। श्री साय ने अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम पांच सौ साल तक टेंट में रहे। 22 जनवरी को मंदिर में विराजमान हुए। छत्तीसगढ़ की जनता भगवान श्रीराम को भांजा के रूप में मानती है। उन्होंने रायपुर लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल का नाम लेकर कहा कि सबके सुख, दुख में साथ रहने वाले श्री अग्रवाल को भारी मतों से जिताएं। छत्तीसगढ़ में रायपुर लोकसभा का लीड ऐतिहासिक हो।

उपस्थित जनसमुदाय को सांसद सुनील सोनी ने संबोधित किया, कहा कि विष्णु देव की सरकार मात्र तीन महीने में ही पांच साल की गारंटी को पूरा किया। जिसकी तारीफ स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी कर रहे है। कहा कि 2047 तक भारत को विकसित करेंगे।

अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा कि विकसित भारत के लिए कमल में मुहर लगाकर बृजमोहन अग्रवाल को भारी बहुमत से जीताकर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाए। संचालन संदीप शर्मा ने किया। मंच में पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू,अशोक बजाज, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम नारंग, पालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल ने भी सभा को संबोधित किया।

सीएम के समक्ष 1 हजार लोगों ने किया भाजपा प्रवेश

शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष 1 हजार से अधिक लोगों ने भाजपा प्रवेश किया। इसमें अधिकांश कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता थे, जो भाजपा के रीति-नीति से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

सभा में सीएम विष्णुदेव साय के समक्ष सतनामी समाज के 5 सौ, साहू समाज के 250 से अधिक, पटेल समाज के 250 से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। सीएम साय ने भाजपा का गमछा पहनाकर सभी का स्वागत किया। नवप्रवेशियों में प्रमुख रूप से तहसील साहू समाज के अध्यक्ष ब्रम्हानंद साहू, खोरबाहराज राम साहू, पटेल समाज के जिलाध्यक्ष ईश्वर पटेल, कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रतिराम साहू, वरिष्ठ कांग्रेस व मजदूर नेता मेघनाथ साहू, नवापारा की पूर्व पालिका अध्यक्ष देहूती साहू, कांग्रेस के युवा दिग्गज नेता प्रवीण कल्ला आदि भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर भाजपा का दामन थामा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news