राजनांदगांव

मोहला-मानपुर के पहले अध्यक्ष बने अनिल
19-Aug-2023 11:59 AM
मोहला-मानपुर के पहले अध्यक्ष बने अनिल

कांग्रेस ने भागवत को नांदगांव और खैरागढ़ में गजेन्द्र को दी अध्यक्ष की जिम्मेदारी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

राजनांदगांव, 19 अगस्त। विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच कांग्रेस ने सांगठनिक स्तर पर अहम फेरबदल करते नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। मोहला-मानपुर से अनिल मानिकपुरी को अध्यक्ष की कमान सौंपी है। अनिल राजनीतिक तौर पर काफी तजुर्बा रखते हैं। वह 1988 से कांग्रेस की सक्रिय राजनीति का हिस्सा रहे हैं। वह एनएसयूआई, युवक कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष भी रहे। वर्तमान में अंबागढ़ चौकी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में मानिकपुरी तीन बार अध्यक्ष के पद पर कार्य कर चुके हैं। इधर चुनावी राजनीति में भी मानिकपुरी ने अपनी काबिलियत को साबित किया है। 1999 से 2004 तक नगर पंचायत के पार्षद रहे। वह 2009 से 2014 तक नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मनोनीत हुए। तत्पश्चात 2014 से 2019 तक नगर पंचायत के अध्यक्ष भी रहे।  छात्र राजनीति से उभरकर आए मानिकपुरी की वनांचल में अच्छी दखल है। राजनीतिक रूप से उनकी पैठ  मजबूत रही है।

इधर राजनांदगांव जिलाध्यक्ष पदम कोठारी को हटाकर भागवत साहू को मौका दिया गया है। बताया जा रहा है कि जातिगत समीकरण के तहत भागवत साहू को अध्यक्ष पद मिला है। साहू समाज के अध्यक्ष  होने का भी उन्हें फायदा मिला। खैरागढ़ जिले में गजेन्द्र ठाकरे की अध्यक्ष के तौर पर ताजपोशी की गई है। बताया जा रहा है कि वह पठारी इलाके साल्हेवारा क्षेत्र के रामपुर के रहने वाले हैं। चुनावी सरगर्मी के बीच तीनों जिलों में नए सिरे से संगठन को मजबूत करने के लिए अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news