राजनांदगांव

नांदगांव जामा मस्जिद के मुतवल्ली बने रईस
20-Aug-2023 4:33 PM
नांदगांव जामा मस्जिद के मुतवल्ली बने रईस

जावेद अंसारी को 17 मत से हराया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अगस्त।
राजनांदगांव जामा मस्जिद के नए मुतवल्ली के रूप में रईस अहमद शकील निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने दिलचस्प मुकाबले में अपने प्रतिद्वंदी जावेद अंसारी को 17 मतों से पराजित किया। इस चुनाव में नगर निगम क्षेत्र के सभी 51 वार्डों के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शनिवार को मतदान के पश्चात देर शाम मतों की गणना की गई, जिसमें रईस अहमद शकील ने 17 मत से जीत हसिल की। तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा ने प्रमाण-पत्र देकर जीत की घोषणा की।

मिली जानकारी के अनुसार छग राज्य वक्फ  बोर्ड के आदेशानुसार जामा मस्जिद पठानपारा राजनांदगांव के मुतवल्ली का चुनाव एसडीएम राजनांदगांव की देखरेख मे मुतवल्ली मार्गदर्शिका 2022 के अनुसार किया गया। शहर के 4 मतदान केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराया गया। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के  लिए रईस अहमद शकील और जावेद अंसारी मैदान में थे। शनिवार को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे के मध्य मतदान संपन्न हुआ। जिसमें समस्त 51 वार्डो में निवासरत 18 वर्ष पूरा कर चुके पुरूष मुस्लिम मतदाताओं ने मतदान किया। इस चुनाव में कुल 3664 मतदाता शामिल थे। जिसमें टोटल मत 2290 पड़े। मतदान पश्चात जामा मस्जिद के बाड़े में तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा की देखरेख में मतगणना शुरू हुई। जिसमें जावेद अंसारी को कुल 1124 मत मिले और रईस अहमद शकील को कुल 1141 मत मिले। 25 मत अवैध मिले। इस तरह रईस अहमद शकील को 17 मतों से जीत हासिल हुई। जनाब जावेद अंसारी को किताब का निशान एवं जनाब रईस अहमद शकील को तराजू का निशान रिटर्निंग ऑफिसर एवं तहसीलदार द्वारा आबंटित किया गया था। 
मतदान हेतु नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत चार मतदान केंद्र पहला बाड़ा जामा मस्जिद पठानपारा, दूसरा मुस्लिम जमातखाना जूनीहटरी, तीसरा मोती मस्जिद, चौथा सामुदायिक भवन गौरी नगर रावण ग्राउंड में सुबह 7.30 से 3 बजे तक किया गया। जिसके बाद मतगणना एवं परिणाम की घोषणा जामा मस्जिद पठानपारा से की।

एडहॉक कमेटी जामा मस्जिद के सदस्य सुहैल रिजवी ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया हेतु तहसीलदार व नायब तहसीलदार राजनांदगांव को रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया था। इनके  सहयोग हेतु आबिद बेग, एडहाक कमेटी के संयोजक हामिद खान, खालिद अंसारी, आदिल रिजवी, आसिम अहमद, इकबाल हुसैन को अधिकृत किया गया था एवं उक्त मतदान केंद्रों हेतु मतदान दल का गठन भी किया गया था।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news