जशपुर

नपं अध्यक्ष पर हस्ताक्षर के लिए वसूली का आरोप, विरोध-प्रदर्शन
26-Aug-2023 10:27 PM
नपं अध्यक्ष पर हस्ताक्षर के लिए वसूली का आरोप, विरोध-प्रदर्शन

एसडीएम से शिकायत, कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 26 अगस्त। नगर पंचायत कुनकुरी में शुक्रवार की दोपहर में 15 से 20 महिलाएं पहुंची और नगर पंचायत अध्यक्ष अजेम टोप्पो के विरूद्ध  हस्ताक्षर के नाम   पैसे मांगने का आरोप लगाते नारेबाजी करने लगीं। महिलाओं ने एसडीएम कुनकुरी के नाम एक शिकायत पत्र कार्यालय के लेखापाल को सौंप कर कार्रवाई की मांग की है।

 नपं पहुंचीं महिलाओं ने आरोप लगाते बताया कि वे रसोईया हैं, विद्यालय में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन बनाती हंै। विभाग से एक प्रपत्र उन्हें मिला है, जिस पर उन्हें जानकारी भरकर विद्यालय के प्रधानपाठक व नगर पंचायत अध्यक्ष से हस्ताक्षर कराकर जमा करना है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रपत्र में हस्ताक्षर करने के लिये राशि की मांग कर रही हैं तथा कुछ रसोईयों से राशि ले भी चुकी हंै।

महिलाओं का आरोप है कि नपं अध्यक्ष अजेम टोप्पो द्वारा हस्ताक्षर करने के नाम पर रसोईयों से अवैध रूप से राशि ली गई है। जिस पर अध्यक्ष के विरूद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। इस विषय में अध्यक्ष का पक्ष जानने ‘छत्तीसगढ़’ ने मोबाईल पर सम्पर्क करने का प्रयास भी किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

बालक शाला कुनकुरी की रसोईया कुंती सिदार ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा प्रपत्र में हस्ताक्षर करने के नाम पर 50 से 100 रूपये तक मांगा गया। राशि लेने के कारणों के बारे में पूछने पर हस्ताक्षर करने का पैसा लगता है, फ्री में हस्ताक्षर नहीं होता है कहा गया। राशि लेने की स्थिति में रसीद मांगने पर अध्यक्ष अजेम टोप्पो द्वारा डांट डपट करते हुए भगा दिया गया। अध्यक्ष द्वारा शिकायत करने पर रसोईयों को नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जा रही है।

रसोईयों द्वारा नगर पंचायत कार्यालय पहुंचने के बाद विरोध स्वरूप प्रदर्शन भी किया गया। जिसके बाद महिला रसोईयों द्वारा नगर पंचायत कार्यालय से ही अध्यक्ष अजेम टोप्पो को फोन कर कार्यालय आने हेतु कहा गया। अध्यक्ष अजेम टोप्पो ने कार्यालय आने में अपनी असमर्थता जताई और फोन काट दिया।

नगर पंचायत कुनकुरी के पार्षद अमित मिश्रा भी मौके पर उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि मुझे भी महिलाओं ने कुछ दिन पूर्व ही बताया था कि नगर पंचायत अध्यक्ष अजेम टोप्पो द्वारा प्रपत्र में हस्ताक्षर करने के नाम पर रसोईयों से पैसा लिया जा रहा है। मैंने अध्यक्ष से इस विषय में बात भी की और राशि लेने के बारे में सत्यता जानने का प्रयास किया, किन्तु अध्यक्ष द्वारा कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

नगर पंचायत अध्यक्ष अजेम टोप्पो के इस कृत्य के कारण रसोईयों एवं नागरिकों में रोष व्याप्त है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news